Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Violence Erupts in Bangladesh as BNP Office Is Torched and Bus Driver Is Burned Alive

शेख हसीना की वापसी की आहट से बांग्लादेश में हिंसा: बीएनपी का दफ्तर खाक, बसें भी फूंकीं; ड्राइवर जिंदा जला

Wed, 11 Nov 2026 06:23 AM IST
राकेश कुमार एजेंसी, ढाका।
एजेंसी, ढाका। Published by: राकेश कुमार Updated Wed, 11 Nov 2026 06:23 AM IST
सार

पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी की चर्चाओं के बीच बांग्लादेश में अवामी लीग समर्थकों और विरोधियों के बीच हिंसा भड़क गई। ढाका समेत कई जिलों में बसें और पुलिस वाहन फूंके गए, देसी बम धमाके हुए और बीएनपी के एक कार्यालय को आग के हवाले कर दिया गया। फरीदपुर में बस में सो रहे ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया और छह अन्य को हिरासत में लिया। इस बीच बांग्लादेश सरकार हसीना के प्रत्यर्पण की मांग पर कायम है।
 

विज्ञापन
Violence Erupts in Bangladesh as BNP Office Is Torched and Bus Driver Is Burned Alive
बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा। (फाइल) - फोटो : एएनआई

विस्तार

बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना के स्वदेश लौटने की तैयारियों के बीच राजधानी ढाका और आसपास के कई जिलों में सोमवार देर रात हिंसा भड़क उठी। हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थकों और विरोधियों के बीच कई जगहों पर झड़पें हुईं। देसी बम धमाकों, पुलिस की गाड़ियों पर हमलों और बसें फूंकने की कई घटनाओं के बीच खगड़ाछड़ी में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के एक वार्ड कार्यालय को फूंक दिया गया। वहीं, फरीदपुर में एक बस को आग के हवाले करने की घटना में उसमें सो रहा ड्राइवर जिंदा जल गया।
विज्ञापन


पुलिस ने ताजा हिंसक घटनाओं के लिए हसीना की पार्टी अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है। बांग्लादेश पुलिस के अनुसार, अवामी लीग और उसके सहयोगी संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मंगलवार तड़के शरियतपुर जिले में पद्मा ब्रिज के दक्षिणी टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया। उन्होंने देसी बम फोड़े और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की, जिससे कुछ समय के लिए पुल पर यातायात बाधित रहा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी जिले नेत्रकोणा के मोहनगंज स्टेशन पर खड़ी अंतरप्रांतीय ट्रेन हाओर एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लगा दी गई। हालांकि, रेलवे और दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे ट्रेन सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं। अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार सुबह हसीना के गृहनगर तुंगीपारा में पुलिस और प्रतिबंधित छात्र संगठन छात्र लीग व अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के दौरान पुलिस की एक गाड़ी को भी फूंक दिया गया। ढाका-खुलना हाईवे पर पेड़ काटकर रास्ता बंद करने की कोशिश की गई। पुलिस ने हटाकर यातायात बहाल कराया। अनवारा में ग्रामीण बैंक की एक शाखा पर बम फेंकने से कागज़ात जल गए, जबकि रंगामाटी में अदालत और तीन शिक्षण संस्थानों के मुख्य दरवाजों पर रात के अंधेरे में ताले जड़ दिए गए। हिंसा ऐसे समय भड़की है जब सरकार ने कहा है कि वह शेख हसीना की तरफ से नए पासपोर्ट के लिए आवेदन करने संबंधी खबरों की जांच कर रही है। 
विज्ञापन


पूर्व पीएम का प्रत्यर्पण चाहता है बांग्लादेश
हसीना (79) अगस्त 2024 में छात्र नीत तख्तापलट के बाद से भारत में रह रही हैं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने जुलाई-अगस्त 2024 के प्रदर्शनों के दौरान नरसंहार के मामले में हसीना को दोषी ठहराया था। उनकी अनुपस्थिति में चले इस मुकदमे में अदालत ने उन्हें एक मामले में मृत्युदंड और दूसरे में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इस साल फरवरी में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के सत्ता में आने और तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद भी बांग्लादेश भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग पर कायम है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मृत्युदंड का करना होगा सामना
अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण के मुख्य अभियोजक मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने स्पष्ट किया है कि हसीना के पास मौत की सजा के फैसले के खिलाफ कानूनी रूप से कोई अन्य विकल्प नहीं बचा है। उन्हें इस सजा का सामना करना ही होगा। न्यायाधिकरण ने शेख हसीना को छात्र आंदोलन के दौरान हिंसक प्रदर्शनों और मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में मौत की सजा उनकी अनुपस्थिति में सुनाई थी।


पुलिस ने 11 लोगों को किया गिरफ्तार
द डेली स्टार के मुताबिक, देशभर में आठ वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। सुरक्षा बलों ने रात भर चले अभियानों के दौरान 11 लोगों को गिरफ्तार किया और 6 अन्य को हिरासत में लिया। हिंसा छात्र लीग की ओर से पूरे देश में बुलाए गए बंद के दौरान हुई है। संगठन अपने और अवामी लीग पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग कर रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed