यूएस के पेंसिल्वेनिया में गोलीबारी: संदिग्ध समेत नौ की मौत, पुलिस चीफ बोले- 28 साल के करियर में पहला ऐसा मामला
अमेरिका में भीषण गोलीबारी के दौरान नौ लोगों की मौत हुई है। पेंसिल्वेनिया का यह मामला कितना भयावह है इसका अंदाजा पुलिस प्रमुख रिक लोराह से बयान से होता है। उन्होंने कहा, 28 साल से अधिक समय के करियर में उन्होंने इतना भयानक मामला नहीं देखा। जानिए पूरा मामला
विस्तार
अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य के एरी शहर में हुई गोलीबारी में संदिग्ध हमलावर समेत नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक स्थानीय अधिकारियों, पुलिस के आला अफसरों में किसी ने घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा नहीं की हैं।
'28 साल से अधिक के करियर में ऐसी घटना नहीं'
पीटीआई पर आई रिपोर्ट के मुताबिक एरी के पुलिस प्रमुख रिक लोराह ने एक स्थानीय न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि अपने 28 साल से अधिक के करियर में उन्होंने ऐसी घटना नहीं देखी। उन्होंने कहा कि शहर में इतने लोगों की मौत और इतनी बड़ी तबाही का सामना शायद पहले कभी नहीं करना पड़ा।
अमेरिका के किस कोने का मामला, गवर्नर ने हर संभव मदद की पेशकश की
इस घटना के बाद पेंसिल्वेनिया के गवर्नर जोश शापिरो ने शनिवार को एरी की मेयर डारिया डेविलिन को हर संभव मदद देने की पेशकश की। उन्होंने कहा कि उनका प्रशासन इस मुश्किल समय में शहर को पूरा सहयोग देगा। एरी शहर पिट्सबर्ग से करीब 188 किलोमीटर उत्तर में स्थित है। फिलहाल, घटना को लेकर अधिकारियों ने इससे अधिक जानकारी नहीं दी है।