अमेरिका ने हटाई उड़ानों पर लगी देशव्यापी रोक: ओवरलोड होने से ठप हुआ था सिस्टम, 15000+ फ्लाइट प्रभावित
अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने घरेलू उड़ानों पर लगाई गई देशव्यापी रोक हटा दी है। दूरसंचार सेवाओं में आई खराबी के कारण चार घंटे से अधिक समय तक अनिश्चितता बनी रही। इस दौरान देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर हजारों उड़ानों में देरी हुई और हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
विस्तार
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में गड़बड़ी के बीच अमेरिका में विमान सेवाओं पर भी असर पड़ा। अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने शुक्रवार दोपहर को सभी उड़ानों को ग्राउंडेड करने का आदेश दिया, जिसके चलते हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इस वजह से दुनियाभर में लाखों यात्री घंटों एयरपोर्ट पर फंसे रहे। परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक, देश के 22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में परेशानी आने के कारण कई घंटे उड़ान सेवाएं प्रभावित रहीं। हालांकि अब 'ग्राउंड स्टॉप' हटा लिया गया है। कुछ अंतराराष्ट्रीय उड़ानों को रवाना किया गया है। देशभर में फ्लाइट ऑपरेशन अभी भी प्रभावित है, सेवाओं के सामान्य होने में समय लगेगा। अमेरिका में आई दिक्कत के बीच एयर इंडिया ने भी यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।
व्हाइट हाउस ब्रीफिंग रूम में बोलते हुए सीन डफी ने बताया कि संघीय सरकार ने उस समस्या की पहचान कर ली है, जिसकी वजह से शुक्रवार को अमेरिकी एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम ठप हो गया था। उन्होंने कहा कि यह सिस्टम 'अभी काम कर रहा है।' आधिकारिक सूचना के अनुसार, शुक्रवार दोपहर (स्थानीय समय) असाधारण परिस्थितियों और सुरक्षा कारणों से पूरे देश में उड़ानों को रोकने का फैसला किया गया।
पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम और ओवरलोड से फेल हुआ सिस्टम
अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा, हमारे पास हवाई यातायात नियंत्रण की बेहद पुरानी व्यवस्था है। राष्ट्रपति पिछले एक साल से कांग्रेस से नए एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम के पूर्ण निर्माण के लिए जरूरी बजट उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, हमारे राउटर पर डेटा का इतना अधिक दबाव पड़ गया कि वे ओवरलोड हो गए। इसके कारण राउटर से मिलने वाले डेटा में असंगतियां आने लगीं। इसी वजह से हमने पूरे सिस्टम को बंद कर दिया। डफी ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान कुछ राउटर बदले गए थे, लेकिन पुराना हार्डवेयर खराब हो गया।
सीन डफी ने हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली के आधुनिकीकरण के लिए कांग्रेस से 50 अरब डॉलर की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने की मांग की है। शुक्रवार शाम को देशव्यापी उड़ान रोक हटा ली गई, लेकिन डफी ने आगाह किया कि उड़ान सेवाएं तत्काल सामान्य नहीं हो पाएंगी। एयरलाइंस को यह देखना होगा कि विमानों के संचालन के लिए पायलट और केबिन क्रू उपलब्ध हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि कुछ यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अगले दिन तक इंतजार करना पड़ सकता है।
डफी के मुताबिक, यह व्यवधान दोपहर करीब 3:36 बजे शुरू हुआ, जब एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों और टर्मिनल रडार अप्रोच कंट्रोल (ट्रैकॉन) सुविधाओं में रडार तथा संचार प्रणाली अस्थिर हो गई। उन्होंने बताया कि जिस समय तकनीकी समस्या सामने आई, उस समय 3,500 से अधिक विमान आसमान में थे। एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों और पायलटों ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विमानों को सुरक्षित नीचे उतारा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि रडार और संचार व्यवस्था पूरी तरह ठप नहीं हुई थी। डफी ने कहा कि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, ऑर्गन ट्रांसपोर्ट और कानून प्रवर्तन से जुड़ी उड़ानों को जारी रखने की अनुमति दी गई थी।
डफी ने शुरुआती तौर पर समस्या के लिए पुराने स्विच और राउटर को जिम्मेदार बताया, जिनके माध्यम से दूरसंचार संबंधी आंकड़ों का आदान-प्रदान होता है। उन्होंने कहा, " नए उपकरणों में ऐसी खराबी सामने नहीं आई है।" अधिकारियों ने सिस्टम पर बढ़े दबाव को कम कर प्रभावित केंद्रों को दोबारा ऑनलाइन कर दिया। यह पूछे जाने पर कि क्या एफएए की ओर से किसी सिस्टम में पैच लगाने के काम के कारण यह व्यवधान पैदा हुआ, डफी ने इससे इनकार किया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जांच अभी जारी है और वह खराबी की वजह को लेकर कोई ऐसी जानकारी नहीं देना चाहते जो बाद में गलत साबित हो। परिवहन मंत्री ने बताया कि कांग्रेस पहले ही हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली के आधुनिकीकरण के लिए 12.5 अरब डॉलर की राशि मंजूर कर चुकी है, लेकिन व्यापक बदलाव की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त धन की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 50 अरब डॉलर की मांग अभी प्रस्ताव है, इसे कांग्रेस की मंजूरी नहीं मिली है।
डफी ने चेतावनी दी कि पुरानी तकनीक को पूरी तरह बदलने में समय लगेगा और जब तक मौजूदा उपकरण इस्तेमाल में रहेंगे, तब तक इस तरह की तकनीकी खराबी की आशंका बनी रहेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि थैंक्सगिविंग के व्यस्त यात्रा सीजन के नजदीक आने तक हवाई सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होने लगेंगी। डफी ने यात्रियों को सलाह दी कि वे अपनी उड़ानों की ताजा स्थिति जानने के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें, क्योंकि कंपनियां व्यवधान के बाद उड़ानों का संचालन सामान्य करने में जुटी हैं।
साइबर हमले के कारण नहीं रोकी गईं उड़ानें: मुलिन
अमेरिका के गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि देशभर में उड़ानों पर लगाई गई रोक किसी साइबर हमले के कारण नहीं थी। इसका हाल के दिनों में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई खराबी से भी कोई संबंध नहीं था। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान आम लोगों की सुरक्षा को कभी कोई खतरा नहीं था। अधिकारी अभी भी समस्या का समाधान करने में जुटे हैं। मुलिन का यह बयान उस समय आया, जब कुछ मिनट पहले ही एफएए ने देशभर में उड़ानों पर लगाई गई रोक हटाने की घोषणा की थी। इस रोक के कारण हजारों उड़ानें प्रभावित हुई थीं।
गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि एफएए की तकनीकी समस्या को ठीक करने के प्रयास सही दिशा में आगे बढ़ते दिख रहे हैं। शुक्रवार रात व्हाइट हाउस के प्रेस कक्ष में परिवहन मंत्री सीन डफी के साथ पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुलिन ने दोहराया कि सिस्टम ठप होने के पीछे कोई साइबर हमला नहीं था। उन्होंने कहा, "इस पूरी प्रक्रिया के दौरान आम जनता कभी खतरे में नहीं थी। किसी की जान को खतरा नहीं था और न ही किसी उड़ान पर कोई खतरा था।"
एअर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी
एअर इंडिया ने एक्स पर लिखा कि अमेरिका में हवाई यातायात के संचालन को प्रभावित करने वाली संचार सेवाओं में खराबी के कारण फिलहाल देशभर में विमानों की उड़ानों पर रोक लगी हुई है। इसके चलते अमेरिका के विभिन्न हवाई अड्डों से विमानों के रवाना होने पर असर पड़ा है। इसका असर अमेरिका आने-जाने वाली एयर इंडिया की उड़ानों पर भी पड़ सकता है। एयर इंडिया ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ानों की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर जांच लें और उसी के अनुसार हवाई अड्डे के लिए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। एयरलाइन ने कहा कि उसकी टीमें स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं और उपलब्ध होने पर यात्रियों के साथ नई जानकारी साझा की जाएगी।
9/11 के बाद दूसरी बार देश भर में रोकी गई उड़ानें
जनवरी 2023 के बाद यह पहली बार था, जब अमेरिका में देशव्यापी स्तर पर उड़ानों को रोकने का ऐसा आदेश जारी किया गया। जनवरी 2023 में एफएए के एक महत्वपूर्ण कंप्यूटर सिस्टम में खराबी आने से पूरे देश में हवाई परिचालन प्रभावित हुआ था। इससे पहले 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकवादी हमलों के बाद अमेरिका में देशव्यापी उड़ानों पर रोक लगाई गई थी।
वहीं, अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि शुरुआती स्तर पर ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है, जिससे यह लगे कि संचार व्यवस्था में आई बाधा किसी सुनियोजित हमले का नतीजा थी। उन्होंने कहा, "यह हमारे खिलाफ कोई दुर्भावनापूर्ण हमला नहीं था। यह सिर्फ दूरसंचार व्यवस्था में आई खराबी है।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अधिकारियों को अब तक किसी तरह की दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के सबूत नहीं मिले हैं।
इस बीच, कई एयरलाइंस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बयान जारी कर यात्रियों को भरोसा दिलाया कि जो विमान पहले से हवा में हैं, उनका परिचालन जारी रहेगा। यूनाइटेड एयरलाइंस ने कहा कि संचार व्यवस्था प्रभावित रहने के दौरान उसकी घरेलू उड़ानें रवाना नहीं होंगी, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के प्रस्थान के संबंध में एफएए अलग से फैसला करेगा।
एयरलाइन ने अपने बयान में कहा, "अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के प्रस्थान का प्रबंधन एफएए द्वारा मामला-दर-मामला आधार पर किया जा रहा है।" वहीं, अमेरिकन एयरलाइंस ने यात्रियों को आगाह किया कि देशव्यापी प्रतिबंध के कारण दिनभर उड़ानों के परिचालन में बाधा आ सकती है। एयरलाइन ने कहा, "एफएए द्वारा देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप हटाए जाने के बाद यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए अमेरिकन एयरलाइंस की पूरी टीम मुस्तैद रहेगी।" एफएए की अधिसूचना के मुताबिक, उड़ानों पर यह रोक शुक्रवार रात 11 बजे (पूर्वी अमेरिकी समय) तक प्रभावी रहने वाली थी।
लोगों की सुरक्षा के लिए एहतियातन रोकी गई थीं उड़ानें
मुलिन ने कहा कि देशभर में उड़ानों पर रोक लगाने का फैसला पूरी तरह एहतियात के तौर पर लिया गया था। उन्होंने कहा, "मैं एक बार फिर यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान आम जनता कभी खतरे में नहीं थी। किसी की जान को कोई खतरा नहीं था। किसी भी उड़ान पर खतरा नहीं था। एफएए इस स्थिति को संभालने में सक्षम था। हमने यह कदम पूरी सावधानी बरतने के लिए उठाया था।"
उन्होंने व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में कहा, "इस घटना और माइक्रोसॉफ्ट के बीच कोई संबंध नहीं है। मैं जानता हूं कि कई लोग दोनों घटनाओं को जोड़ रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "मैं समझता हूं कि इंटरनेट पर इस तरह की अटकलें कैसे शुरू होती हैं और कहां तक पहुंच जाती हैं। लेकिन मैं बार-बार यही कहना चाहता हूं कि आपके सभी अपने सुरक्षित हैं।"
एफएए और माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई खराबी का आपस में संबंध नहीं
अमेरिका के गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि ऐसा कोई संकेत नहीं है कि देशभर में उड़ानों का संचालन रोकने की घटना का माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई खराबी से कोई संबंध है। उन्होंने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, "मुझे इन दोनों घटनाओं को जोड़ने का कोई कारण नहीं दिखता। ये दोनों अलग-अलग मामले हैं।" माइक्रोसॉफ्ट ने भी कहा कि उसके पास ऐसा कोई संकेत नहीं है, जिससे यह पता चले कि संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) की ओर से लगाई गई देशव्यापी रोक का उसकी सेवाओं से कोई संबंध था।
बृहस्पतिवार को शुरू हुई माइक्रोसॉफ्ट की सेवा में खराबी से आउटलुक, टीम्स और माइक्रोसॉफ्ट 365 की दूसरी सेवाएं प्रभावित हुई थीं। वहीं, शुक्रवार को अमेरिका में दूरसंचार सेवाओं में खराबी के कारण हवाई यातायात नियंत्रण के कामकाज में बाधा आई थी। इसके बाद एफएए ने देशभर में उड़ानों पर रोक लगाने का आदेश दिया था। अधिकारी इस समस्या की वजह का पता लगाने में जुटे रहे।
तटीय हवाई अड्डों से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रवाना होने की अनुमति
अमेरिका के पूर्वी और पश्चिमी तटों के कुछ हवाई अड्डों से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रवाना होने की अनुमति दी जा रही है। इन उड़ानों का संचालन प्रभावित हवाई यातायात नियंत्रण केंद्रों पर निर्भर नहीं है। रॉयटर्स के वीडियो में लॉस एंजिलिस के एलएएक्स हवाई अड्डे से चाइना एयरलाइंस और जापान एयरलाइंस के विमानों को उड़ान भरते हुए देखा गया। इस मामले से परिचित एक सूत्र ने बताया कि न्यूयॉर्क क्षेत्र के हवाई अड्डों पर भी कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें उतर और रवाना हो रही थीं।
अमेरिकी हवाई संकट से जुड़े सवालों के जवाब
विमानों को जमीन पर क्यों रोकना पड़ा?
अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने शुक्रवार दोपहर देशभर की सभी उड़ानों पर रोक लगाने का एलान किया। इस आदेश के तहत विमानों को जमीन पर ही रहने और उड़ान न भरने के निर्देश दिए गए थे। जब यह आदेश जारी किया गया, उस समय 3,500 से अधिक विमान हवा में थे।
इस समस्या की वजह क्या थी?
अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा कि पुरानी हवाई यातायात नियंत्रण तकनीक और डेटा के अत्यधिक दबाव से ओवरलोड हुए राउटर इस समस्या के लिए जिम्मेदार थे। इससे देशभर में उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी।इससे पहले एफएए ने एयरलाइंस को बताया था कि समस्या शिकागो मिडवे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शुरू हुई और धीरे-धीरे पूरे देश में फैल गई।
साइबर हमला नहीं, लेकिन जांच जारी
अमेरिका के गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि उनके विभाग को ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे पता चले कि उड़ानों पर रोक लगाने वाली दूरसंचार संबंधी समस्या किसी साइबर हमले के कारण हुई थी।हालांकि, उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है। इसलिए इस आशंका को पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता।
यात्रियों पर क्या पड़ा असर?
उड़ानों से जुड़े आंकड़े देने वाली वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, शुक्रवार को करीब 15,000 उड़ानें देरी से चलीं या रद्द कर दी गईं। वहीं, शनिवार के लिए अमेरिका के भीतर, वहां आने और वहां से जाने वाली 700 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। हवाई अड्डे यात्रियों को सलाह दे रहे हैं कि वहां पहुंचने से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें। कई यात्री इस असमंजस में हैं कि वे उड़ान का इंतजार करें या अपनी यात्रा के लिए कोई दूसरा इंतजाम करें।एक विमान से उतरे यात्रियों ने बताया कि उन्हें रनवे पर विमान में डेढ़ घंटे से अधिक समय तक बैठे रहना पड़ा।
हवाई अड्डों पर विमानों को खड़ा करने की जगह कम पड़ी
देशभर में उड़ानों पर रोक के कारण बड़ी संख्या में विमान उड़ान नहीं भर सके। ऐसे में हवाई अड्डों पर विमानों को खड़ा करने के लिए गेट और रनवे के आसपास उपलब्ध जगह कम पड़ने लगी। एक हवाई अड्डे के सूत्र ने बताया कि रोनाल्ड रीगन वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट पर विमानों को खड़ा करने के लिए अब और जगह नहीं बची है। इस वजह से हवाई अड्डा दूसरे हवाई अड्डों से भेजे जाने वाले विमानों को भी स्वीकार नहीं कर सकता।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा असर
यूरोप की हवाई यातायात नियंत्रण संस्था यूरोकंट्रोल ने एफएए के अनुरोध पर शुक्रवार को अपने 42 सदस्य देशों से अमेरिका जाने वाली सभी उड़ानों के प्रस्थान पर रोक लगा दी। यह रोक अमेरिकी पूर्वी समयानुसार आधी रात तक लागू रहने वाली थी। इसके अलावा, एशिया के प्रमुख हवाई अड्डों से अमेरिका जाने वाली उड़ानें भी इस समस्या से प्रभावित हुईं।
