Russia Ukraine War: कब थमेगी रूस-यूक्रेन की जंग? संघर्ष विराम वार्ता के लिए रूस पहुंचे अमेरिकी राजदूत विटकॉफ
रूस और यूक्रेन की जंग अब भी जारी है। संघर्ष विराम की तमाम कोशिशों के बाद भी दोनों देश जंग के मैदान में आमने-सामने हैं। इस बीच अमेरिका ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से सीधे बातचीत करने की कवायद शुरू की है।
विस्तार
रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग थमने का नाम नहीं ले रही। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लाख कोशिशों के बाद भी दोनों देश आमने-सामने हैं और जंग के मैदान में खूनी खेल जारी है। इस बीच संघर्ष विराम की कवायदों के मद्देनजर अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ रूस पहुंचे हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने शुक्रवार (स्थानीय समय) को बताया कि यूक्रेन जंग के लिए युद्ध विराम समझौते की दिशा में चल रहे प्रयासों के तहत क्रेमलिन और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सीधी बातचीत करने के लिए अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ वर्तमान में रूस में हैं।
अंतिम शांति समझौते की दिशा में एक अहम कदम
प्रेस ब्रीफिंग के दौरान लेविट ने कहा कि यह युद्ध विराम के लिए बातचीत की प्रक्रिया के साथ-साथ अंतिम शांति समझौते की दिशा में एक अहम कदम है। ट्रंप इस संघर्ष के दोनों पक्षों से काफी निराश हैं। वे लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। यह शांति वार्ता में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के अमेरिकी प्रशासन के इरादे को साफ करता है।
यह भी पढ़ें- Top News: अमित शाह रायगढ़ दौरे पर; आज भी कई राज्यों में बारिश का अलर्ट और दक्षिण फ्लोरिडा में विमान हादसा
रूस और यूक्रेन दोनों से निराश हैं ट्रंप
लेविट ने कहा, 'मैं पुष्टि कर सकती हूं कि स्टीव विटकॉफ क्रेमलिन और पुतिन के साथ सीधे बातचीत करने के लिए रूस में हैं। युद्ध विराम और अंतिम शांति समझौते की दिशा में बातचीत की प्रक्रिया में यह एक और कदम है। राष्ट्रपति ने स्पष्ट रूप से कहा है कि वे इस संघर्ष के दोनों पक्षों से लगातार निराश हैं।
सामने आया था पुतिन की ओर से विटकॉफ का स्वागत करने का फुटेज
इससे पहले दिन में रूसी टेलीविजन ने सेंट पीटर्सबर्ग में राष्ट्रपति पुस्तकालय में पुतिन की ओर से विटकॉफ का स्वागत करने का फुटेज प्रसारित किया था। अल जजीरा ने राज्य मीडिया एजेंसियों का हवाला देते हुए बताया था कि बातचीत चार घंटे से अधिक समय तक चली थी। क्रेमलिन की मानें तो बैठक में यूक्रेनी समझौते के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। इससे पहले क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने यह भी संकेत दिया था कि निकट भविष्य में पुतिन और ट्रंप के बीच आमने-सामने की मुलाकात भी संभव है।
यह भी पढ़ें- व्हाइट हाउस में लगी ट्रंप पर हमले वाली नई पेटिंग, दूसरी दीवार पर लगाई गई ओबामा की तस्वीर
ट्रंप ने दी थी पुतिन को सख्त चेतावनी
इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन को सख्त चेतावनी दी थी कि अगर वह यूक्रेन युद्ध को खत्म करने में सहयोग नहीं करते तो रूस के खिलाफ टैरिफ लगाए जा सकते हैं। सीएनएन के मुताबिक, एनबीसी न्यूज के साथ इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा,'मैं बहुत नाराज था। पुतिन जब जेलेंस्की की साख पर सवाल उठाने लगे, तो मुझे गुस्सा आ गया। यह सही दिशा नहीं है।' ट्रंप ने कहा कि अगर नया नेतृत्व आता है तो कोई समझौता लंबे समय तक नहीं हो पाएगा। उन्होंने आगे चेताया कि अगर रूस समझौते के लिए तैयार नहीं होता तो उसके तेल पर अमेरिका की ओर से नए द्वितीयक टैरिफ भी लगाए जा सकते हैं।
संबंधित वीडियो-
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.