US Election 2020: आज भी 'बिडेन फ्रॉम मुंबई' की तलाश में हैं राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बिडेन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बिडेन आज भी मुंबई के अपने दूर के रिश्तेदार 'बिडेन' का जिक्र करते नहीं थकते।अमेरिका के पूर्व उप राष्ट्रपति अकसर उन्हें 'बिडेन फ्रॉम मुंबई' कहकर संबोधित करते हैं और उनसे न मिल पाने का मलाल उन्हें आज भी है। डेलावेयर से 1972 में सीनेटर चुने जाने पर बिडेन को मुंबई से उन्हीं के उपनाम वाले एक व्यक्ति ने बधाई पत्र भेजा था। सीनेटर बनने के लिए उन्हें 'बिडेन फ्रॉम मुंबई' ने शुभकामनाएं दी थीं और बताया था कि उनका एक-दूसरे से रिश्ता है।
बिडेन उस समय 29 साल के थे और उस शख्स से मिलना चाहते थे लेकिन परिवार और राजनीतिक व्यस्तताओं के चलते ऐसा हो ना सका। आज पांच दशक बाद भी वह अपनी इस इच्छा को पूरी करना चाहते हैं और जब भी किसी भारतीय-अमेरिकी या भारतीय नेता से मुलाकात करते हैं तो ‘बिडेन फ्रॉम मुंबई’ का जिक्र जरूर करते हैं। अमेरिका का उप राष्ट्रपति बनने के बाद अपनी पहली भारत यात्रा पर 24 जुलाई 2013 को मुंबई में 'बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज' में लोगों को संबोधित करते हुए भी उन्होंने 'बिडेन फ्रॉम मुंबई' की कहानी लोगों को सुनाई थी।
बिडेन ने लोगों से कहा था, 'भारत वापस आना और यहां मुंबई में होना, सम्मान की बात है। 1972 में जब मैं 29 साल का था और अमेरिकी सीनेट चुना गया था तब मुझे एक पत्र मिला था, जिसका जवाब न देने का मुझे आज भी अफसोस है। शायद दर्शकों में बैठा कोई वंशावली विशेषज्ञ मेरी मदद कर सके। मुझे मुंबई से बिडेन नाम के एक सज्जन पुरुष का पत्र मिला था, जिसमें उसने कहा था कि हम दोनों का एक-दसरे से कोई रिश्ता है।'
बिडेन ने कहा, 'शायद हमारे पूर्वर्जों का कोई संबंध हो या सन 1700 में 'ईस्ट इंडिया ट्रेडिंग कंपनी' में काम करने के लिए कोई मुंबई आया हो।' इसके कुछ साल बाद वाशिंगटन डीसी में भी एक भाषण के दौरान बिडेन ने कहा था कि उनके पूर्वज एक थे, जिन्होंने 'ईस्ट इंडिया कंपनी' के लिए काम किया और जो तब भारत गए थे।
वहीं 21 सितंबर, 2015 को 'यूएस इंडिया बिजनेस काउंसिल' को संबोधित करते हुए बिडेन ने कहा था कि 'बिडेन फ्रॉम मुंबई' और मेरे पूर्वज शायद एक थे, 1848 में जो 'ईस्ट इंडिया टी कंपनी' के लिए काम करते थे। उन्होंने शायद किसी भारतीय महिला से शादी कर ली और भारत में ही रह गए। मुंबई में 2013 में बिडेन ने लोगों से कहा था अगर यह सच है तो मैं भारत में भी चुनाव लड़ सकता हूं।उनके इस भाषण के दौरान वहां मौजूद दर्शकों के बीच हंसी की एक लहर दौड़ गई थी।