Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   US Banks Outage after Microsoft and FAA flights Disruption how theories of Cyber Attacks playing out explainer

एक्सप्लेनर: पहले माइक्रोसॉफ्ट, फिर उड़ानें और अब बैंक सेवाएं ठप, अमेरिका में हफ्तेभर में कैसे आए तीन बड़े संकट

Tue, 17 Nov 2026 07:39 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Tue, 17 Nov 2026 07:39 PM IST
सार

अमेरिका में कैसे बीते एक हफ्ते के अंदर अहम सेवाएं प्रभावित हुई हैं और कैसे इनसे आम जन-जीवन प्रभावित हुआ है? क्या यह सभी घटनाएं आपस में किसी साइबर हमले की आशंका से जुड़ी हुई हैं? अधिकारियों का इस मुद्दे पर क्या कहना है? आइये जानते हैं...

विज्ञापन
US Banks Outage after Microsoft and FAA flights Disruption how theories of Cyber Attacks playing out explainer
अमेरिका में एक के बाद एक व्यवस्थाओं पर आए संकट। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अमेरिका में नवंबर का महीना काफी हलचल भरा रहा है। फिर चाहे सियासी पहलू की बात हो, उद्योग जगत से जुड़े मुद्दे हों या आम नागरिकों से जुड़ी व्यवस्था हो। पूरे देश में स्थितियां संवेदनशील बनी हुई हैं। ताजा मामला अमेरिका में बैंकिंग सेक्टर की सेवाओं के ठप होने का है, जिसका असर आम नागरिकों पर पड़ा है। यह एक हफ्ते के अंदर तीसरी ऐसी घटना रही है, जिसने आम नागरिकों पर असर डाला है। जहां पहली घटना अमेरिका की प्रमुख टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं ठप होने से जुड़ी रही तो वहीं दूसरी घटना इस देश में उड़ान सेवाओं के प्रभावित होने की थी, जिसके चलते हजारों यात्रियों का सफर प्रभावित हुआ। 
विज्ञापन


नागरिकों के मामले से जुड़ी तीन सेवाओं के एक के बाद एक प्रभावित होने के बाद यह चर्चाएं तेज हैं कि क्या अमेरिका को किसी बड़े साइबर हमले का शिकार बनाने की कोशिश हो रही है या यह महज इत्तेफाक है।
विज्ञापन


आइये विस्तार से जानते हैं कि अमेरिका में कैसे बीते एक हफ्ते के अंदर अहम सेवाएं प्रभावित हुई हैं और कैसे इनसे आम जन-जीवन प्रभावित हुआ है? क्या यह सभी घटनाएं आपस में किसी साइबर हमले की आशंका से जुड़ी हुई हैं? अधिकारियों का इस मुद्दे पर क्या कहना है? 
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

अमेरिका में बीते एक हफ्ते के अंदर कौन-कौन सी सेवाएं प्रभावित हुईं?

1. माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सेवा प्रभावित: क्या हुआ, असर कितना?

माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक क्लाउड सेवाओं में 12 नवंबर  को एक बड़ा तकनीकी आउटेज हुआ, जिसने लगभग 24 घंटे तक कामकाजी सेवाओं को ठप कर दिया। 

क्या हुआ?
माइक्रोसॉफ्ट की प्रारंभिक पोस्ट-इंसिडेंट रिपोर्ट और अधिकारियों के अनुसार, उसकी सेवाएं मुख्य तौर पर तीन वजहों से ठप हुई थी।
  • महीनों पुराना एक बग।
  • आंतरिक कनेक्शन्स में खराबी।
  • सर्वर क्षमता से जुड़ी समस्याएं।
माइक्रोसॉफ्ट के अधिकारियों ने बताया कि इनमें से हर एक समस्या को अलग-अलग आसानी से सुलझाया जा सकता था, लेकिन जब ये तीनों खराबी एक साथ सामने आईं, तो इन्होंने एक बड़े व्यवधान का रूप ले लिया, जिसे नियंत्रित करना काफी कठिन हो गया।

US Banks Outage after Microsoft and FAA flights Disruption how theories of Cyber Attacks playing out explainer
माइक्रोसॉफ्ट की कई सर्विसेज हुईं ठप। - फोटो : अमर उजाला
असर कितना और किन सेवाओं पर पड़ा?
माइक्रोसॉफ्ट की कई सेवाएं अमेरिकी समयानुसार गुरुवार सुबह 11:20 बजे से शुक्रवार सुबह 11:10 बजे तक ठप रहीं। यानी करीब 24 घंटे माइक्रोसॉफ्ट के प्लेटफॉर्म्स पर निर्भर रही इकाइयों का सामान्य कामकाज प्रभावित रहा।

प्रभावित सेवाएं
  • दुनियाभर के दफ्तरों और कार्यालयों में व्यापक रूप से इस्तेमाल होने वाले आउटलुक और एक्सचेंज सहित अन्य अहम ऑफिस सॉफ्टवेयर ठप हो गए।
  • इसके अलावा माइक्रोसॉफ्ट 365, संचार प्लेटफॉर्म- टीम्स और एआई असिस्टेंट कोपायलट भी गंभीर रूप से प्रभावित हुए।

2. अमेरिका में उड्डयन सेवाएं ठप: क्या हुआ, असर कितना? 

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में खराबी के अगले दिन ही अमेरिका में उड्डयन सेवाओं में दो अलग-अलग बड़ी समस्याएं दर्ज हुईं। पहला- फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) का देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप और दूसरा यूनाइटेड एयरलाइंस का सिस्टम आउटेज।

एफएए का देशव्यापी 'ग्राउंड स्टॉप'

क्या हुआ?
  • बीते हफ्ते शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल संचार को प्रभावित करने वाले एक बड़े टेलीकम्युनिकेशन आउटेज और उपकरण खराबी की वजह से एफएए को देशभर में उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी। 
  • अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने स्पष्ट किया कि एक पुराना सिस्टम ओवरलोड होने के कारण ठप हो गया था, जबकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे पुराने और खराब उपकरणों का परिणाम बताया। जांच में किसी साइबर हमले या एआई की भूमिका को खारिज किया गया।

US Banks Outage after Microsoft and FAA flights Disruption how theories of Cyber Attacks playing out explainer
अमेरिका में विमान सेवा ठप - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
असर कितना रहा?
  • अमेरिका में 9/11 हमलों के बाद यह केवल दूसरा मौका था, जब अमेरिकी उड्डयन अधिकारियों को देशव्यापी स्तर पर टेकऑफ़ रोकना पड़ा, और यह उस दौर के बाद का सबसे लंबा ग्राउंड स्टॉप था।
  • फ्लाइट ट्रैकिंग साइट फ्लाइटअवेयर (FlightAware) के मुताबिक, इस ग्राउंड स्टॉप के चलते 5,000 से अधिक उड़ानें लेट हुईं और 349 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। 
  • चौंकाने वाली बात यह है कि शुक्रवार को लगे इस झटके के बाद अमेरिकी हवाई यातायात को पूरी तरह सामान्य होने में सोमवार तक का समय लग गया।

ये भी पढ़ें: टेक जगत के लिए भारी रहा नवंबर: बैंकिंग से उड़ान सेवाओं तक सब ठप, वेबसाइट्स पर भी हमला; क्यों आ रहीं गड़बड़ियां 


यूनाइटेड एयरलाइंस का सिस्टम आउटेज

क्या हुआ?
सोमवार को यूनाइटेड एयरलाइंस में एक व्यापक सिस्टम आउटेज हुआ, जो 90 मिनट से अधिक समय तक चला। हालांकि एयरलाइन ने विस्तृत तकनीकी विवरण नहीं दिया, लेकिन पायलटों ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स को बताया कि यह समस्या विमान के अंतिम वजन का निर्धारण करने वाले सिस्टम से जुड़ी थी।

असर कितना रहा?
  • आउटेज के चलते विमानों के प्रस्थान में रुकावट आई; फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, सोमवार को यूनाइटेड की करीब 600 उड़ानें देरी से उड़ान भर पाईं।
  • एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि इस तकनीकी खामी का असर पहले से हवा में उड़ रहे विमानों और उनके क्षेत्रीय नेटवर्क पर नहीं पड़ा।

3. और अब बैंकिंग सेवाएं ठप: क्या हुआ, असर कितना? 

16 नवंबर को अमेरिका के बैंकिंग क्षेत्र में एक बड़ा तकनीकी व्यवधान आया, जिससे कई प्रमुख बैंकों के ऑनलाइन पोर्टल्स और पेमेंट ट्रांसफर सेवाएं प्रभावित हुईं। 

क्या हुआ?
  • इस पूरे व्यवधान की मुख्य जड़ जेपी मॉर्गन चेज के ऑन-प्रिमाइसेस हार्डवेयर सिस्टम में आया एक सॉफ्टवेयर बग था। 
  • चेज के प्रवक्ता जो इवांजेलिस्टी ने स्पष्ट किया कि यह कोई साइबर हमला नहीं था और न ही यह कोई सिस्टेमिक (प्रणालीगत) समस्या थी।
  • जेपी मॉर्गन चेज अमेरिका का सबसे बड़ा बैंक है और अन्य वित्तीय संस्थानों के साथ भारी मात्रा में लेनदेन संभालता है। 
  • चेज में आंतरिक प्रोसेसिंग धीमी होने की वजह से अन्य बैंकों और पेमेंट नेटवर्क के साथ होने वाले अंतर-बैंक लेनदेन में देरी होने लगी।

असर कितना और किन सेवाओं पर पड़ा?
  • जेपी मॉर्गन चेज के अलावा बैंक ऑफ अमेरिका, वेल्स फार्गो, यूएस बैंक, ट्रुइस्ट, कैपिटन वन और लोकप्रिय मनी-ट्रांसफर सेवा जेले के ग्राहकों ने समस्याओं की शिकायत की। 
  • हालांकि, जेले, यूएस बैंक, ट्रुइस्ट और कैपिटल वन ने स्पष्ट किया कि उनके अपने मुख्य नेटवर्क पूरी तरह सामान्य थे; समस्या केवल चेज से जुड़े ट्रांजेक्शनों के कारण आई थी।

ग्राहकों को हुई परेशानियां
  • ग्राहकों को अपने ऑनलाइन और मोबाइल बैंकिंग खातों में लॉग-इन करने और बैलेंस चेक करने में परेशानी हुई।
  • बैंक ट्रांसफर, वायर ट्रांसफर और फंड भेजने/प्राप्त करने में देरी का सामना करना पड़ा।
  • बैंक ऑफ अमेरिका के कुछ ग्राहकों ने एटीएम के काम न करने की भी शिकायत की।
  • आउटेज ट्रैकर डाउनट्रैकर वेबसाइट के मुताबिक, शिकायतें दोपहर करीब दो बजे पर अपने चरम पर थीं। इनमें सबसे ज्यादा करीब 4,800 रिपोर्ट अकेले चेज बैंक से संबंधित थीं।
  • चेज ने कुछ घंटों तक चली इस स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया और बैंकिंग घंटे खत्म होने के बाद तक लेनदेन सामान्य रूप से प्रोसेस होने लगे थे।

ये भी पढ़ें: अमेरिका के बड़े बैंकों में ऑनलाइन सर्विस ठप: जेपी मॉर्गन, बैंक ऑफ अमेरिका और वेल्स फार्गो की सेवाएं प्रभावित


क्या हफ्तेभर में हुई इन तीन घटनाओं के पीछे कोई साजिश?

आधिकारिक और तकनीकी जांच के अनुसार, इन तीनों घटनाओं (माइक्रोसॉफ्ट, उड्डयन और बैंकिंग व्यवधान) के बीच आपस में कोई सीधा या पुष्ट संबंध नहीं है। हालांकि, महज पांच दिनों के अंदर अमेरिका के तीन सबसे अहम इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों (टेक, यात्रा और वित्त) के ठप होने से आम जनता और विशेषज्ञों के बीच कई चिंताएं उभरीं।

पुराने इंफ्रास्ट्रक्चर पर सवाल: साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ एलेक्स हैमरस्टोन के अनुसार, यह किसी साजिश के बजाय देश के पुराने पड़ते बुनियादी ढांचे और उन पर हमारी बढ़ती अत्यधिक निर्भरता का परिणाम है।

जटिल और आपस में जुड़ी प्रणालियां बनीं दिक्कत: यूनिवर्सिटी ऑफ नोटर डेम के प्रोफेसर माइक चैपल का कहना है कि आधुनिक तकनीकी प्रणालियां इतनी जटिल और आपस में जुड़ी हुई हैं कि एक सिस्टम की मामूली त्रुटि भी तुरंत स्नोबॉल होकर बड़े पैमाने पर जरूरी सेवाओं को ठप कर सकती है।

केंद्रीकृत निर्भरता का जोखिम: मूर इनसाइट्स के संस्थापक पैट्रिक मूरहेड ने रेखांकित किया कि जब अहम बुनियादी ढांचा बहुत कम और अत्यधिक केंद्रित सिस्टम्स पर निर्भर होता है, तो एक भी हिस्से की विफलता राष्ट्रीय स्तर पर असर डालती हैं।

गहन जांच की मांग: ग्लोबल साइबर रिस्क की सीईओ जोडी वेस्टबी का मानना है कि हर घटना को सिर्फ पुराने उपकरण या सॉफ्टवेयर बग बताकर खारिज करने के बजाय एक स्वतंत्र वैश्विक स्तर की जांच होनी चाहिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं इनके बीच कोई अनदेखा सह-संबंध तो नहीं है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed