Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   two indian schools in top three finalists for worlds best school prizes

दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्कूल: टॉप-3 की सूची में भारत के दो संस्थान, बंगलूरू के किन स्कूलों ने बनाई जगह?

Fri, 20 Nov 2026 10:19 PM IST
राकेश कुमार पीटीआई, लंदन।
पीटीआई, लंदन। Published by: राकेश कुमार Updated Fri, 20 Nov 2026 10:19 PM IST
सार

बंगलूरू के दो भारतीय स्कूल यूरोस्कूल बन्नेरघट्टा और इन्वेंचर एकेडमी ने वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल प्राइज 2026 की दो श्रेणियों में शीर्ष तीन फाइनलिस्ट में जगह बनाई है। यूरोस्कूल को पर्यावरण संरक्षण और इन्वेंचर एकेडमी को सामुदायिक सहयोग के लिए चुना गया है। इस साल पांच श्रेणियों में अलग-अलग देशों के स्कूलों को विजेता घोषित किया गया है। सभी विजेताओं और फाइनलिस्ट को जनवरी 2027 में लंदन में होने वाले वर्ल्ड स्कूल्स समिट में आमंत्रित किया जाएगा।
 

विज्ञापन
two indian schools in top three finalists for worlds best school prizes
दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्कूल - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

भारत के दो स्कूलों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। बंगलूरू के यूरोस्कूल बन्नेरघट्टा और इन्वेंचर एकेडमी ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इन दोनों संस्थानों को 'वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल प्राइज 2026' की अपनी-अपनी श्रेणियों में शीर्ष तीन फाइनलिस्ट में जगह मिली है। लंदन में इस सप्ताह इन स्कूलों के नामों की घोषणा की गई।
विज्ञापन


यूरोस्कूल बन्नेरघट्टा को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए गए काम के लिए चुना गया है। वहीं, इन्वेंचर एकेडमी ने सामुदायिक सहयोग की श्रेणी में अपनी जगह बनाई है। ये दोनों ही स्कूल स्वतंत्र रूप से संचालित होने वाले संस्थान हैं। इन दोनों स्कूलों में किंडरगार्टन से लेकर माध्यमिक स्तर तक की पढ़ाई होती है।
विज्ञापन


दोनों भारतीय स्कूलों को किस काम के लिए मिला यह सम्मान?
यूरोस्कूल बन्नेरघट्टा को 'वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल प्राइज फॉर एनवायरनमेंटल एक्शन' श्रेणी में शीर्ष तीन फाइनलिस्ट में शामिल किया गया है। यह स्कूल प्रकृति से जुड़ी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम करता है। दूसरी ओर, इन्वेंचर एकेडमी को 'वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल प्राइज फॉर कम्युनिटी कोलैबोरेशन' श्रेणी में चुना गया है। इस श्रेणी में स्कूलों के सामुदायिक सहयोग और समाज के साथ मिलकर किए गए कार्यों को महत्व दिया जाता है। दोनों स्कूलों की इस सफलता को उनकी टीम, विद्यार्थियों और पूरे स्कूल समुदाय के सामूहिक प्रयासों का नतीजा माना गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


कब और क्यों शुरू हुआ था यह पुरस्कार?
'वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल प्राइज' की शुरुआत ब्रिटेन की संस्था 'टी4 एजुकेशन' ने की थी। कोरोना महामारी के बाद इन पुरस्कारों को शुरू किया गया था। इनका मुख्य मकसद ऐसे स्कूलों को दुनिया के सामने लाना है, जो कक्षाओं के भीतर और बाहर विद्यार्थियों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। यह पुरस्कार पांच अलग-अलग श्रेणियों में दिए जाते हैं। इस साल इस पुरस्कार का चौथा संस्करण आयोजित किया गया है।

टी4 एजुकेशन और वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल प्राइज के संस्थापक विकास पोटा ने भारतीय स्कूलों को इस कामयाबी पर बधाई दी है। उन्होंने कहा, 'भारत के यूरोस्कूल बन्नेरघट्टा और इन्वेंचर एकेडमी को वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल प्राइज 2026 के शीर्ष तीन फाइनलिस्ट में जगह मिलने पर बधाई। यह शानदार उपलब्धि आपके शिक्षकों, विद्यार्थियों और पूरे समुदाय की मेहनत का नतीजा है।' उन्होंने उम्मीद जताई कि इन स्कूलों के काम से दुनिया के दूसरे स्कूलों और भविष्य के नेताओं को भी प्रेरणा मिलेगी।

यह भी पढ़ें: क्या ब्रिटेन फिर यूरोपीय संघ में शामिल होगा?: प्रधानमंत्री बर्नहम बोले- सभी विकल्प खुले; 10 साल बाद बड़ी बैठक

दुनिया के किन देशों के स्कूलों ने जीते इस साल के मुख्य पुरस्कार
इस साल पांच अलग-अलग श्रेणियों में विशेषज्ञों की जूरी ने तय मानकों के आधार पर विजेता स्कूलों का चयन किया है। पर्यावरण संरक्षण श्रेणी का पुरस्कार नाइजीरिया के एपे स्थित 'स्लम2स्कूल ग्रीन एकेडमी' ने जीता है। नवाचार श्रेणी में दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल के 'जी-स्कूल' को विजेता घोषित किया गया है। स्वस्थ जीवन को बढ़ावा देने की श्रेणी में पाकिस्तान के लाहौर स्थित 'टीएनएस बीकनहाउस' ने पुरस्कार जीता है। सामुदायिक सहयोग की श्रेणी में ब्रिटेन के लंदन स्थित 'स्विस कॉटेज स्कूल, डेवलपमेंट एंड रिसर्च सेंटर' ने बाजी मारी है। इसके अलावा विषम परिस्थितियों से मुकाबला करने की श्रेणी में ब्राजील के रियो डी जेनेरियो स्थित 'एस्कोला म्यूनिसिपल जीईटी IV सेंतेनारियो' को विजेता चुना गया है।

वहीं, तुर्किये के 'दारुशशफाका एगिटिम कुरुमलारी' स्कूल को 'कम्युनिटी च्वाइस अवॉर्ड' से नवाजा गया है। पांचों श्रेणियों में शॉर्टलिस्ट किए गए कुल 50 स्कूलों के बीच सार्वजनिक मतदान कराया गया था। इस वोटिंग में तुर्किये के इस स्कूल को सबसे ज्यादा वोट मिले।


फाइनलिस्ट और विजेता स्कूलों को आगे क्या मिलेगा मौका?
वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल प्राइज के विजेताओं और फाइनलिस्ट स्कूलों को अगले साल 16 और 17 जनवरी को लंदन में आमंत्रित किया जाएगा। वहां 'वर्ल्ड स्कूल्स समिट' का आयोजन होगा। इस मंच पर ये स्कूल अपनी बेहतर शैक्षणिक पहल और काम करने के खास तरीकों को पूरी दुनिया के सामने रखेंगे। इस कार्यक्रम में शिक्षा से जुड़े नीति निर्माता और कई प्रमुख हस्तियां भी शामिल होंगी।

पुरस्कार जीतने वाले स्कूलों को 'ग्लोबल यूथ काउंसिल' के लिए अपने एक विद्यार्थी का नाम भेजने का मौका भी मिलेगा। इसका मकसद भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करना है। इसी बीच, 'वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल प्राइज 2027' के लिए भी आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसमें वे सभी स्कूल आवेदन कर सकते हैं, जो अनिवार्य स्कूली शिक्षा के तहत विद्यार्थियों को पढ़ाते हैं। इसके लिए स्कूल का संबंधित शिक्षा मंत्रालय या सरकारी नियामक संस्था के साथ कानूनी रूप से पंजीकृत होना जरूरी है। इसमें किंडरगार्टन, प्राथमिक, माध्यमिक और ऑनलाइन स्कूल भी आवेदन कर सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed