Gaza Peace Plan: 'तीन-चार दिन में शांति योजना पर जवाब दे हमास, वर्ना गंभीर परिणाम होंगे'; ट्रंप ने दी चेतावनी
Gaza Peace Plan: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने हमास को चेतावनी देते हुए कहा कि गाजा में शांति योजना पर जवाब देने के लिए केवल तीन-चार दिन हैं। अगर हमास इसे स्वीकार नहीं करता, तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। बता दें कि ट्रंप की 20 सूत्रीय योजना को इस्राइली पीएम नेतन्याहू ने सहमति दे दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इस्राइल और हमास के बीच लगभग दो साल से चल रहे संघर्ष के खत्म होने की उम्मीद नजर आ रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से गाजा में शांति के लिए बनाई गई 20 सूत्रीय योजना पर इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सहमति जता दी है। इसी बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने हमास पर इस प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए दवाब बढ़ा दिया है।
यह भी पढ़ें - Israel: 'भारत विश्व का नया निर्माता...हमारे क्षेत्र का निर्माण करें', गाजा में विकास को लेकर बोले इस्राइली दूत
ट्रंप की हमास को आखिरी चेतावनी
डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि हमास के पास उनके गाजा शांति प्रस्ताव पर जवाब देने के लिए लगभग तीन से चार दिन हैं, अन्यथा इसके गंभीर परिणाम होंगे। ट्रंप ने व्हाइट हाउस से जाते समय पत्रकारों से कहा कि इस्राइली और अरब नेता योजना को पहले ही स्वीकार कर चुके हैं और अब केवल हमास की प्रतिक्रिया का इंतजार है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, हमास या तो इसे स्वीकार करेगा या नहीं, और अगर नहीं, तो इसका परिणाम बहुत ही दुखद होगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि इस शांति योजना पर अधिक बातचीत की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने इसे जल्द लागू करने का दबाव डालते हुए कहा कि हमास को या तो इसे स्वीकार करना होगा या गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
#WATCH | On how long he plans to give Hamas to respond, US President Donald Trump says, "We're going to do about three or four days... All of the Arab countries are signed up. The Muslim countries are all signed up. Israel is all signed up. We're just waiting for Hamas, and Hamas… pic.twitter.com/JmsGQJ7Xl1
— ANI (@ANI) September 30, 2025
फिर अलापा नोबेल का राग
गाजा शांति योजना के अपने प्रस्ताव पर ट्रंप ने कहा, अगर यह कारगर रहा, तो हम आठ महीनों में आठ युद्धों को रोकने में सफल रहे हैं। यह बहुत अच्छी बात है। ऐसा आज तक किसी ने नहीं किया। क्या आपको नोबेल पुरस्कार मिलेगा? बिल्कुल नहीं। वे इसे ऐसे व्यक्ति को देंगे जिसने कुछ भी नहीं किया। वे इसे ऐसे व्यक्ति को देंगे जिसने 'डोनाल्ड ट्रंप के दिमाग' पर किताब लिखी है। यह हमारे देश का बहुत बड़ा अपमान होगा। मैं यह नहीं चाहता। मैं चाहता हूं कि देश को यह मिले।
फिर भारत-पाक संघर्ष सुलझाने का किया दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के 'बहुत बड़े' विवाद को सुलझाया। ट्रंप ने कहा कि उनके प्रशासन ने अब तक सात युद्ध सुलझाए हैं और भारत-पाक विवाद उनमें सबसे बड़ा था। ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने गाजा संघर्ष को खत्म करने के लिए योजना बनाई है, और अरब व मुस्लिम देशों ने इसे मान लिया है। उन्होंने यह दावा कई बार दोहराया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर उनकी मध्यस्थता से हुआ। भारत की आधिकारिक स्थिति यह है कि दोनों देशों के सेनाओं के डायरेक्टर जनरल के बीच सीधे बातचीत के बाद ही युद्धविराम समझौता हुआ।
ट्रंप की शांति योजना पर विचार करके देंगे जवाब- हमास
हमास ने मंगलवार को कहा कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गाजा शांति योजना पर विचार करके प्रतिक्रिया देगा। बेंजामिन नेतन्याहू पहले ही इसका समर्थन कर चुके हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि हमास इस योजना पर सहमत होगा या नहीं। इस योजना में कहा गया है कि युद्ध खत्म करने के बदले हमास को आत्मसमर्पण करके हथियार डालने होंगे।
ट्रंप के गाजा शांति योजना में और क्या शामिल?
इसके अलावा योजना में फलस्तीनियों के लिए मानवीय मदद भेजने और गाजा के पुनर्निर्माण का वादा भी किया गया है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इजराइल-हमास युद्ध के दौरान 66 हजार फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है। इस बीच, गाजा से जुड़ी योजना को अंतरराष्ट्रीय समुदाय से समर्थन मिलना जारी है। ट्रंप और नेतन्याहू ने सोमवार को व्हाइट हाउस में मुलाकात के बाद कहा कि वे इस योजना का समर्थन करते हैं।
यह भी पढ़ें - Gaza Crisis: गाजा में शांति स्थापित करने में मदद को तैयार रूस; राष्ट्रपति ट्रंप के प्रयासों का किया स्वागत
पश्चिम एशिया में दीर्घकालिक शांति का मार्ग प्रदान करती है ट्रंप की योजना: मोदी
गाजा में युद्ध समाप्त करने के डोनाल्ड ट्रंप की योजना का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत दुनिया के अधिकांश देशों ने स्वागत किया है। पीएम मोदी ने कहा, यह फलस्तीनी-इस्राइली लोगों के साथ व्यापक पश्चिम एशियाई क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक शांति, सुरक्षा और विकास का व्यवहारिक मार्ग प्रदान करती है। अमेरिका के धुर विरोधी चीन ने भी गाजा युद्ध खत्म कराने की ट्रंप की योजना का समर्थन किया है।
रूस ने भी ट्रंप ने प्रयासों की सराहना की
रूस ने गाजा को लेकर ट्रंप की योजना के सफल होने की उम्मीद जताई है। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रूस ट्रंप के प्रयासों का स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि रूसी अधिकारी आशा करते हैं कि यह योजना लागू हो और पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने में मदद करे।