तालिबान की सफाई: दानिश सिद्दीकी ने रिपोर्टिंग के लिए नहीं मांगी थी इजाजत, शव नहीं किया विकृत
पुलित्जर अवॉर्ड विजेता भारतीय फोटो पत्रकार दानिश सिद्दिकी की हत्या को लेकर तालिबान के प्रवक्ता सोहेल शाहीन ने सफाई दी है। उसने कहा कि दानिश हमारी बगैर अनुमति के रिपोर्टिंग कर रहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अफगानिस्तान में भारी खून खराबे के बाद सत्ता पर कब्जे की ओर बढ़ रहे तालिबान ने भारतीय फोटो पत्रकार दानिश सिद्दीकी की मौत को लेकर सफाई दी है। तालिबान का कहना है कि दानिश ने रिपोर्टिंग के लिए हमारी इजाजत नहीं ली थी। वह अफगान सेना व तालिबान के बीच गोलीबारी के शिकार हुए। दानिश के शव के साथ छेड़छाड़ किए जाने से भी तालिबान ने इनकार किया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तालिबान के प्रवक्ता मोहम्मद सोहेल शाहीन ने कतर की राजधानी दोहा में यह बात कही। तालिबान का दोहा में राजनीतिक कार्यालय है। यह पूछने पर कि क्या दानिश की हत्या तालिबान के लड़ाकों ने की तो उन्होंने इससे साफ इनकार किया।
शाहीन ने कहा कि दानिश ने हमसे रिपोर्टिंग की इजाजत क्यों नहीं ली? हमने पत्रकारों से कहा है कि हमसे संपर्क करें, हम उन्हें सुरक्षा मुहैया कराएंगे। हमसे अनुमति लेने की बजाए पत्रकार काबुल में सुरक्षा बलों से संपर्क कर रहे हैंं। ऐसे में लड़ाई दौरान यह पता नहीं चलता कि कौन सुरक्षा बल का है? कौन मिलिशिया का है या पत्रकार है? वह क्रॉस फायरिंग में मारे गए, इसलिए दानिश की मौत किसकी गोली से हुई, यह नहीं कहा जा सकता।
शव के साथ बर्बरता की गई
तालिबान के दावे व सफाई के उलट दानिश सिद्दिकी की मौत की रिपोर्ट में कहा गया है कि अपहरण करने के बाद हत्या की गई। शव के साथ भी बर्बरता की गई। इस बारे में तालिबान के प्रवक्ता ने स्पष्ट इनकार किया। शाहीन ने कहा कि शरीर को विकृत करने की बात हम पहले खारिज कर चुके हैं। शरीर को विकृत करना इस्लाम के उसूलों के खिलाफ है। संभव है अफगान सुरक्षा बलों ने हमें बदनाम करने के लिए ऐसा किया हो।
हमारे इलाकों में आएं दुनियाभर के पत्रकार
यह पूछने पर कि क्या तालिबान पत्रकारों को जमीनी हालात कवर करने की इजाजत देगा? प्रवक्ता शाहीन ने कहा कि दुनिया भर से जो भी पत्रकार अफगानिस्तान के हमारे कब्जे वाले इलाकों में आना चाहते हैं, आ सकते हैं। वे हमारे इलाकों में मीडिया कवरेज कर हालात की रिपोर्टिंग कर सकते हैं।