31 अक्तूबर तक ब्रिटेन को यूरोपीय संघ से अलग करना सरकार की प्राथमिकता: महारानी एलिजाबेथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने सोमवार को कहा कि सरकार की प्राथमिकता 31 अक्तूबर तक ब्रिटेन को यूरोपीय संघ से अलग करने की है। सांसदों को दिए भाषण में महारानी ने 26 नए बिलों की सूची लागू करने से लेकर आपराधिक सजा और पर्यावरण के लिए जरूरी कदम उठाने की सरकार की योजना के बीच ब्रेग्जिट की घोषणा की।
ब्रेग्जिट के बाद यूरोपीय संघ के साथ नई साझेदारी की दिशा में काम करना
96 साल की महारानी ने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता इस माह की अंतिम तारीख को यूरोपीय संघ से ब्रिटेन को निकालकर सुरक्षित करने की है। एलिजाबेथ ने कहा, मेरी सरकार का इरादा ब्रेग्जिट के बाद मुक्त व्यापार और मैत्रीपूर्ण सहयोग के आधार पर यूरोपीय संघ के साथ नई साझेदारी की दिशा में काम करना है।
ब्रेग्जिट को लेकर महारानी की घोषणा इसलिए भी अहम है क्योंकि उन्होंने 2017 के बाद संसद को संबोधित किया। हालांकि उन्होंने कहा कि उनकी सरकार यूरोपीय लोगों को यहां रहने का अधिकार बरकरार रखेगी। ब्रिटेन में करीब 30 लाख लोग यूरोपीय संघ के देशों के हैं। वहीं मंत्रियों ने कहा है कि एलिजाबेथ द्वितीय के शासनकाल का 65वां भाषण लोगों की प्राथमिकताओं पर केंद्रित रहा।
ब्रिटेन का यूरोपीय संघ से गतिरोध बरकरार
ब्रेग्जिट के बाद ब्रिटेन उत्तरी आयरलैंड सीमा के लिए अपनी योजनाओं में छूट देने को तैयार है लेकिन सीमा शुल्क व्यवस्था को लेकर मतभेद के चलते गतिरोध बना हुआ है। यूरोपीय संघ के राजदूतों ने कहा कि यूरोपीय आयोग ने बताया कि इस दिशा में अभी बहुत काम किया जाना बाकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रुसेल्स में ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के अधिकारियों के बीच सोमवार को भी तकनीकी चर्चा हुई। मंगलवार को भी लक्जमबर्ग में बैठक की जाएगी।