भारत को तय समय पर मिलेगी सबसे आधुनिक एस-400 मिसाइल प्रणाली, 400 किमी तक मार करने की ताकत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जमीन से हवा में मार करने वाली दुनिया की सबसे शक्तिशाली एस-400 मिसाइल प्रणाली भारत को तय समय पर मिलने की उम्मीद है। इस डील के खिलाफ अमेरिका की चेतावनी के बावजूद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को इस संबंध में भरोसा जताया है।
भारत ने वर्ष 2015 में एस-400 'ट्रिम्प्फ' को खरीदने की इच्छा जताई थी। इसके बाद पिछले साल पुतिन की भारत यात्रा के दौरान इस संबंध में 5.43 बिलियन डॉलर (40,000 करोड़ रुपए) के करार पर हस्ताक्षर हुए। भारत को रूस से एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली की पहली खेप साल 2020 के आखिरी तक मिलने की उम्मीद है। भारत पहली किश्त के तौर पर 6000 करोड़ रुपये का भुगतान कर चुका है।
ब्राजील की राजधानी में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन से इतर पुतिन ने कहा, 'जहां तक एस-400 की डिलीवरी की बात है, तो सब कुछ योजना के अनुरूप चल रहा है। भारतीय साथी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) ने किसी भी चीज में जल्दबाजी करने को नहीं कहा है क्योंकि सब कुछ सही चल रहा है।' प्रधानमंत्री मोदी और पुतिन के बीच बुधवार को ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय बैठक हुई और दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा भी की।
अमेरिका डील के विरोध में :
अमेरिका एस-400 की डील को लेकर अपना विरोध जता चुका है। ट्रंप प्रशासन उन देशों पर पाबंदी लगाने की धमकी भी दे चुका है, जो रूस से हथियार खरीदेगा। अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों ने भारत को भी इस संबंध में आगाह किया था। इसी साल जुलाई में अमेरिका के इंडो-पैसेफिक कमांड कमांडर एडमिरल फिलिप डेविडसन ने कहा था, 'भारत रूस से एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली खरीद रहा है, जो अमेरिका के लिए समस्या है।'
भारत डील पर अड़ा रहा :
भारत ने हालांकि अमेरिका को साफ कह दिया था कि डील से पीछे हटने की उसकी कोई मंशा नहीं है। जून में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने अमेरिकी समकक्ष माइक पोम्पियो से नई दिल्ली में साफ कहा था कि दूसरे देशों से संबंधों के मुद्दे पर भारत देशहित के बारे में पहले सोचेगा।
दुनिया की सबसे आधुनिक तकनीक
एस-400 दुनिया की सबसे आधुनिक लंबी दूरी की मिसाइल रक्षा प्रणाली है। रूस ने 2007 में इसका इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था। यह विमान, क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइल को ध्वस्त करने का दम रखती है। यह मिसाइल 400 किलोमीटर तक और 30 किलोमीटर की ऊंचाई तक निशाना लगाने मे सक्षम है।