Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   india-calls-end-attacks-commercial-shipping-black-sea-unsc-russia-ukraine-war

संयुक्त राष्ट्र: भारत ने की काला सागर में व्यापारिक जहाजों और नाविकों पर हमले रोकने की मांग, और क्या कहा?

Tue, 24 Nov 2026 06:32 AM IST
देवेश त्रिपाठी एएनआई, न्यूयॉर्क
एएनआई, न्यूयॉर्क Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Tue, 24 Nov 2026 06:32 AM IST
सार

रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में काला सागर में व्यापारिक जहाजों और नाविकों पर हमले तत्काल रोकने की मांग की है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरीश पर्वतनेनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर सुरक्षित नौवहन जल्द बहाल होना चाहिए।

विज्ञापन
india-calls-end-attacks-commercial-shipping-black-sea-unsc-russia-ukraine-war
संयुक्त राष्ट्र में भारत ने सुरक्षित नौवहन पर दिया जोर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष के पांचवें वर्ष में भारत ने काला सागर में व्यापारिक जहाजों और नाविकों पर हमले तत्काल रोकने की मांग की है। भारत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर सुरक्षित नौवहन जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की उच्चस्तरीय बैठक में भारत ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि युद्ध का असर वैश्विक खाद्य और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है।
विज्ञापन


संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने सोमवार को सुरक्षा परिषद की बैठक में कहा कि दुनिया की आपूर्ति शृंखलाएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में पांचवें वर्ष में पहुंच चुके इस संघर्ष के प्रभाव से कोई भी देश अछूता नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि भारत शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में होने वाले सभी प्रयासों में योगदान देने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया को अंतहीन युद्ध से आगे बढ़कर युद्ध का अंत करने की दिशा में बढ़ना होगा।
विज्ञापन


खाद्य सुरक्षा पर भी पड़ रहा युद्ध का असर
भारतीय राजदूत ने कहा कि सशस्त्र संघर्षों से कृषि गतिविधियां प्रभावित होती हैं, लोगों को विस्थापित होना पड़ता है और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचता है। इसके अलावा मानवीय सहायता पहुंचाने में भी बाधाएं आती हैं। युद्ध का असर ऊर्जा, उर्वरक, परिवहन और कृषि व्यापार पर भी पड़ता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि इन संकटों का सबसे ज्यादा असर ग्लोबल साउथ के देशों पर पड़ता है। भारत ने सुरक्षा परिषद से मानवीय सहायता की निर्बाध पहुंच, नागरिक बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और समुद्री मार्गों पर आवाजाही की स्वतंत्रता को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

काला सागर क्षेत्र वैश्विक खाद्य आपूर्ति का अहम केंद्र
पर्वतनेनी ने कहा कि काला सागर क्षेत्र और भारत मिलकर दुनिया के कुल अनाज उत्पादन का लगभग पांचवां हिस्सा पैदा करते हैं। अनाज निर्यात के मामले में भी यह क्षेत्र बेहद महत्वपूर्ण है। रूस और यूक्रेन मिलकर दुनिया के गेहूं, मक्का और जौ के कुल निर्यात का करीब एक चौथाई हिस्सा उपलब्ध कराते हैं।

उन्होंने कहा कि काला सागर क्षेत्र वैश्विक खाद्य आपूर्ति की अहम कड़ी है। इसलिए यहां व्यापारिक जहाजों की आवाजाही में बाधा आने से खाद्य सुरक्षा पर व्यापक असर पड़ सकता है। भारत की मानवीय सहायता का जिक्र करते हुए उन्होंने अफगानिस्तान को गेहूं, सूडान को चावल और फलस्तीन को मानवीय सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।

भारतीय नाविकों की मौत और लापता होने का मुद्दा उठाया
भारतीय राजदूत ने काला सागर में व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों और उनमें भारतीय नागरिकों के हताहत होने की घटनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को एमवी ओमोर्फी जहाज पर हमला हुआ था, जिसमें एक भारतीय चालक दल के सदस्य की मौत हो गई थी। अक्तूबर में एमवी रॉयड मामेदोव पर हमले के समय तीन भारतीय नागरिक सवार थे।

इसके अलावा एमवी गोल्डन लियो और एमवी एजीएन रैगनार जहाजों को भी निशाना बनाया गया। इन घटनाओं में चार भारतीय नाविकों की मौत हुई और दो लापता हो गए। पर्वतनेनी ने हमलों का शिकार हुए जहाजों से भारतीय नाविकों को वापस लाने और घायल लोगों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग देने वाले देशों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि व्यापारिक जहाजों और नाविकों को निशाना बनाना बंद होना चाहिए तथा अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर सुरक्षित आवाजाही जल्द बहाल की जानी चाहिए।

समुद्री सुरक्षा के लिए भारत की पहल
भारतीय राजदूत ने समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने के लिए भारत के प्रयासों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत और लाइबेरिया ने इस महीने संयुक्त राष्ट्र में उच्चस्तरीय सप्ताह के दौरान ‘ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स ऑन सेफ्टी एंड सिक्योरिटी ऑफ शिपिंग एंड सीफेरर्स’ की शुरुआत की है।

यह एक स्वैच्छिक व्यवस्था है, जो अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) को व्यापारिक जहाजों तथा नाविकों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सहयोग देती है।

भारत दोनों पक्षों के साथ कर रहा बातचीत
पर्वतनेनी ने कहा कि भारत केवल इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि काला सागर और अनाज निर्यात गलियारों में जहाजों तथा नाविकों की सुरक्षा के लिए रूस और यूक्रेन, दोनों पक्षों के साथ सीधे संपर्क में है। उन्होंने कहा कि भारत का नेतृत्व संघर्ष को जल्द समाप्त करने और स्थायी शांति स्थापित करने का समर्थन करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस कथन का भी उल्लेख किया कि यह युद्ध का युग नहीं है।


उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ के देशों के लिए शांति केवल एक विचार नहीं है। इसका मतलब है कि भूखे लोगों तक भोजन पहुंचे, जहाज सुरक्षित बंदरगाह तक पहुंचे और समुद्री नाविक सुरक्षित अपने घर लौट सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed