France: प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति से की मुलाकात; वेंस को दी बधाई, कई मुद्दों पर चर्चा
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम नरेंद्र मोदी और जेडी वेंस के हाथ मिलाते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट की, जिसमें पीएम मोदी एलीसी पैलेस में वेंस से हाथ मिलाते और उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की जीत के लिए बधाई देते हुए दिखाई दिए।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने वेंस को चुनाव में जीत की बधाई दी। पीएम मोदी एआई एक्शन शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले विश्व नेताओं के लिए एलीसी पैलेस में आयोजित रात्रिभोज में वेंस से मिले। वाशिंगटन की यात्रा से पहले ट्रंप प्रशासन के किसी सदस्य के साथ उनकी यह पहली बातचीत थी।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर जेडी वेंस से मुलाकात के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनके परिवार के साथ अद्भुत बैठक हुई। हमने विभिन्न विषयों पर अच्छी बातचीत की। उनके बेटे विवेक का जन्मदिन मनाने में उनके साथ शामिल होकर प्रसन्नता हुई!' पीएम मोदी के पोस्ट का जेडी वेंस ने जवाब दिया। उन्होंने कहा 'प्रधानमंत्री मोदी दयालु और उदार हैं। हमारे बच्चों ने उपहारों का वास्तव में आनंद लिया। मैं उनके बीच हुई अद्भुत बातचीत के लिए उनका आभारी हूं।'
PM Narendra Modi tweets, "Had a wonderful meeting with US Vice President JD Vance and his family. We had a great conversation on various subjects. Delighted to join them in celebrating the joyous birthday of their son, Vivek!"
विज्ञापन विज्ञापन
(Pics: PM Narendra Modi/X) pic.twitter.com/0onHGj093E— ANI (@ANI) February 11, 2025
"Prime Minister Modi was gracious and kind, and our kids really enjoyed the gifts. I’m grateful to him for the wonderful conversation," US Vice President JD Vance responds to PM Modi's tweet after a meeting with him in Paris, France. pic.twitter.com/emhfSHgE90
— ANI (@ANI) February 11, 2025
इसके अलावा, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी और वेंस के हाथ मिलाते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट की, जिसमें पीएम मोदी एलीसी पैलेस में वेंस से हाथ मिलाते और उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की जीत के लिए बधाई देते हुए दिखाई दिए।
वेंस ने पीएम मोदी के तर्क का किया समर्थन
जब दोनों नेताओं ने मंगलवार को एआई समिट को संबोधित किया, तो वेंस ने पीएम मोदी के इस तर्क का समर्थन किया कि एआई जैसी तकनीकों से इंसानों की जगह नहीं ली जा सकती। मोदी ने नौकरियों के संभावित नुकसान को 'एआई का सबसे भयावह व्यवधान' बताया। उन्होंने कहा कि इतिहास ने दिखाया है कि तकनीक की वजह से काम खत्म नहीं होता। पीएम मोदी ने कहा, 'इसकी प्रकृति बदलती है और नए प्रकार की नौकरियां पैदा होती हैं। हमें एआई-संचालित भविष्य के लिए अपने लोगों को कौशल और पुनः कौशल प्रदान करने में निवेश करने की जरूरत है।'
एआई कभी भी मनुष्यों की जगह नहीं लेगा: वेंस
पीएम मोदी के बाद जेडी वेंस ने शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान वेंस ने पीएम की इस बात की सराहना की कि एआई लोगों को सुविधा प्रदान करेगा और उन्हें अधिक उत्पादक बनाएगा। वेंस ने कहा, 'यह कभी भी मनुष्यों की जगह नहीं लेगा। मुझे लगता है कि एआई उद्योग के बहुत से नेता, जब वे श्रमिकों की जगह लेने के इस डर के बारे में बात करते हैं, तो वे वास्तव में इस बात को भूल जाते हैं। हमारा मानना है कि एआई हमें अधिक उत्पादक, अधिक समृद्ध और अधिक स्वतंत्र बनाएगा।'
ट्रंप के साथ बैठक से पहले हुई वेंस से पीएम मोदी की मुलाकात
जेडी वेंस से पीएम मोदी की यह मुलाकात अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दूसरे कार्यकाल में पहली बैठक से दो दिन पहले हुई है। यात्रा की योजना से परिचित लोगों ने कहा कि मोदी और वेंस के बीच अनौपचारिक बैठक प्रधानमंत्री के पेरिस पहुंचने से कुछ समय पहले ही तय हुई थी। उन्होंने कहा कि यह एक परिचयात्मक बैठक थी, जिसमें ट्रंप और मोदी के बीच बृहस्पतिवार की बैठक में उठाए जाने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों पर अधिक चर्चा की जाएगी।
मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद अमेरिका जाएंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी बंदरगाह शहर मार्सिले में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता समाप्त करने के बाद बुधवार को अमेरिका की यात्रा करेंगे, जहां दोनों नेता एक नए भारतीय वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन करेंगे और एआई तथा असैन्य परमाणु ऊर्जा पर सहयोग सहित कई मुद्दों पर बातचीत करेंगे।
एआई शिखर सम्मेलन में ये वैश्विक नेता रहे मौजूद
मंगलवार को पीएम मोदी और मैक्रों की सह-अध्यक्षता में आयोजित एआई एक्शन शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले विश्व नेताओं में चीनी उप-प्रधानमंत्री झांग गुओकिंग, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन शामिल थे।
यूएन महासचिव गुटेरस व एस्टोनिया के राष्ट्रपति से मिले मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एआई शिखर सम्मेलन से इतर वैश्विक नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकातें भी कीं। मंगलवार को उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस और एस्टोनिया के राष्ट्रपति एलेर कैरिस से मुलाकात की। गुटेरस से भेंट की जानकारी पीएम मोदी ने खुद सोशल मीडिया के जरिये दी। उन्होंने लिखा, यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरस से मिलकर खुशी हुई। सम्मेलन में गुटेरस ने कहा कि वैश्विक नेताओं को ऐसी दुनिया बनाने से रोकना चाहिए जिसमें किसी के पास एआई हो और किसी के पास नहीं। मोदी ने लिखा, एआई क्षमता का एक जगह केंद्रित होना वैश्विक विभाजन का खतरा और बढ़ा देगा। एआई को विकासशील और विकसित देशों के बीच की खाई को भरना चाहिए न कि उसे और बढ़ाना।
वहीं, एस्टोनिया के राष्ट्रपति एलेर कैरिस से द्विपक्षीय मुलाकात की जानकारी विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने दी। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने कई क्षेत्रों में बढ़ रहे द्विपक्षीय सहयोग की स्थिति की समीक्षा की और इस बारे में हो रही प्रगति पर संतोष जताया। खुद पीएम मोदी ने भी इस भेंट की जानकारी सोशल मीडिया के जरिये दी। उन्होंने लिखा, राष्ट्रपति कैरिस से एआई सम्मेलन से इतर मुलाकात की। पिछले कुछ वर्षों में एस्टोनिया के साथ भारत के संबंध मजबूत हुए हैं। हमने व्यापार, तकनीक, संस्कृति व अन्य क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत करने पर विचार किया। मिस्री ने इस मुलाकात के बारे में मीडिया को बताया, दोनों नेताओं के बीच यह पहली भेट थी और दोनों ने आपसी संबंधों के मजबूत होने पर संतुष्टि जताई।