Pakistan: उपद्रवियों पर कड़े सैन्य कानूनों के तहत होगी कार्रवाई, पाकिस्तानी सेना ने बयान जारी कही ये बात
Pakistan: पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) की ओर से सोमवार को जारी एक बयान के अनुसार रावलपिंडी स्थित सेना मुख्यालय में सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर की अध्यक्षता में आयोजित विशेष कोर कमांडरों के सम्मेलन में यह भी संकल्प लिया गया कि सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने वालों के खिलाफ अब संयम नहीं बरता जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तानी सेना के शीर्ष अधिकारियों ने रावलपिंडी में सेना के मुख्यालय पर हमला करने सहित सैन्य प्रतिष्ठानों पर हाल में हुए हमलों में शामिल 'उपद्रवियों' पर पाकिस्तानी सेना अधिनियम और आधिकारिक गोपनीयता कानून समेत अन्य कानूनों के तहत कार्रवाई होगी। पिछले मंगलवार को इस्लामाबाद उच्च न्यायालय परिसर में रेंजर्स की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी से पाकिस्तान में अशांति फैल गई थी जो शुक्रवार तक जारी रही। प्रदर्शनकारियों के हमलों के दौरान कई मौतें हुईं और दर्जनों सैन्य और सरकारी प्रतिष्ठानों को नष्ट कर दिया गया।
देश के इतिहास में पहली बार खान के समर्थकों ने रावलपिंडी में सेना मुख्यालय पर धावा बोल दिया था और लाहौर में ऐतिहासिक कोर कमांडर हाउस में आग लगा दी थी। अब सेना ने इन उपद्रवों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का एलान कर दिया है। उपद्रवियों के खिलाफ सख्त सेना अधिनियम और सरकारी गोपनीयता अधिनियम के तहत कार्रवाई करने को पाकिस्तानी सेना का एक गंभीर कदम माना जा रहा है। इसके प्रावधानों के तहत खान और उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) समर्थकों पर ऐसे आरोप लगाए जा सकते हैं जो मौत की सजा या आजीवन कारावास की सजा का कारण बन सकते हैं।
पाकिस्तानी सैन्य मुख्यालय हुए सम्मेलन में लिया गया फैसला
पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) की ओर से सोमवार को जारी एक बयान के अनुसार रावलपिंडी स्थित सेना मुख्यालय में सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर की अध्यक्षता में आयोजित विशेष कोर कमांडरों के सम्मेलन में यह फैसला लिया गया। इस सम्मेलन में यह भी संकल्प लिया गया कि सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने वालों के प्रति अब संयम नहीं बरता जाएगा।
सैन्य और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों पर हुए हमलों की सेना ने की निंदा
बयान के अनुसार, विशेष कोर कमांडरों के सम्मेलन में भाग लेने वालों ने सैन्य प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक व निजी संपत्तियों के नुकसान की निंदा की है। बयान में कहा गया, "अब तक एकत्र किए गए अकाट्य सबूतों के आधार पर, सशस्त्र बल इन हमलों के साजिशकर्ताओं, उकसाने वालों और अपराधियों से अच्छी तरह से वाकिफ हैं।" बयान में कहा गया है कि इस मामले में भटकाने की कोशिशें बिल्कुल व्यर्थ हैं। इस बीच, पाकिस्तानी सेना के बयान के जवाब में विपक्षी पार्टी पीटीआई ने ट्वीट किया, "पाकिस्तान में एक जिम्मेदार और सबसे बड़े राजनीतिक संस्थान के रूप में पार्टी की संविधान और लोकतंत्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता है।"