फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Lockdown imposed in cities due to Corona in China read hindi news

World News: चीन में कोरोना के चलते चेंगदू व शेनझेन में लगा लॉकडाउन, इस्राइल ने फिर किया सीरिया पर हमला

Fri, 02 Sep 2022 03:55 AM IST
Jeet Kumar एजेंसी, बीजिंग।
एजेंसी, बीजिंग। Published by: Jeet Kumar Updated Fri, 02 Sep 2022 03:55 AM IST
सार

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने नए सेमेस्टर के लिए स्कूल खुलने की तारीख भी टाल दी है। वहीं इस्राइल ने बुधवार देर रात सीरिया के दो हवाई अड्डों के निशाना बनाकर हवाई हमले किए। पहला हमला अलेप्पो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुआ, जहां हथियार लेकर पहुंचे ईरान के विमान को निशाना बनाया गया।

विज्ञापन
Lockdown imposed in cities due to Corona in China read hindi news
फाइल फोटो - फोटो : PTI

विस्तार

चीन के चेंगदू और शेनझेन में कोरोना का प्रसार एक बार फिर बढ़ रहा है। चेंगदू में 19 और शेनझेन में 62 नए मामले सामने आए। इसे देखते हुए क्षेत्र में कोविड प्रतिबंधों के तहत सख्ती कर दी गई है। बृहस्पतिवार को यहां सबसे घनी आबादी के बाओआन जिले में अगले तीन दिनों तक किसी भी सार्वजनिक जगह या घर पर जमावड़े की मनाही कर दी गई है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने नए सेमेस्टर के लिए स्कूल खुलने की तारीख भी टाल दी है। पहले सारे स्कूल बृहस्पतिवार से खुलने थे। शेनझेन के हुआकियांगबेई स्थित दुनिया के सबसे बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में 4 दिनी लॉकडाउन भी लगा है।

विज्ञापन


इस्राइल ने सीरिया के दो हवाई अड्डों को बनाया निशाना
इस्राइल ने बुधवार देर रात सीरिया के दो हवाई अड्डों के निशाना बनाकर हवाई हमले किए। पहला हमला अलेप्पो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुआ, जहां हथियार लेकर पहुंचे ईरान के विमान को निशाना बनाया गया। दूसरा हमला दमिश्क एयरपोर्ट के पास हुआ। दोनों ही जगहों पर इस्राइल के तरफ से मिसाइलें दागी गईं। सीरिया की न्यूज एजेंसी सना ने कहा, इस्राइल ने 4 मिसाइलें दागीं हैं। हमले के बाद एयरपोर्ट पर भारी नुकसान हुआ है लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इस्राइली सैन्य प्रवक्ता ने इस पर बयान देने से इनकार कर दिया। 
विज्ञापन


स्वेज नहर में फंसा जहाज, 7 घंटे तक यातायात रुका
मिस्र की स्वेज नहर के भीतर छिछले पानी में तेल का एक टैंकर फंस गया। इससे करीब सवा सात घंटे तक के लिए वैश्विक जलमार्ग बाधित रहा। हालांकि बाद में पोत को वहां से निकाल लिया गया। फंसे हुए ‘एफिनिटी वी’ पोत पर सिंगापुर का झंडा लगा था। बताया गया कि तकनीकी खराबी के कारण पोत नहर के किनारे से टकरा गया था। करीब सवा सात घंटे तक फंसा यह जहाज उसके बाद करीब पांच घंटे तक सामान्य स्थिति में आया और फिर यात्रा के लिए रवाना किया जा सका।
विज्ञापन
विज्ञापन


श्रीलंका को 2.9 अरब डॉलर का ऋण देने पर राजी हुआ आईएमएफ
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) श्रीलंका के साथ हुए एक समझौते में उसे 2.9 अरब डॉलर का ऋण देने को सहमत हो गया है। आईएमएफ ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा, दोनों पक्ष के अधिकारी संकटग्रस्त देश को आर्थिक समर्थन देने के लिए कर्मचारी स्तर के समझौते पर सहमत हुए हैं। 

1948 के बाद से गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को इस व्यवस्था के तहत विस्तारित कोष सुविधा (ईएफएफ) में 48 महीने की अवधि के दौरान 2.9 अरब डॉलर दिए जाएंगे। इसमें कहा गया कि मदद का उद्देश्य श्रीलंका में व्यापक आर्थिक स्थिरता और ऋण वहनीयता को बहाल करना है और इसके साथ-साथ वित्तीय स्थिरता की रक्षा करना भी है। 

आर्थिक मदद देने से पहले आईएमएफ ने श्रीलंका को कई सुधारात्मक कदम उठाने को कहा था। उसने ऋण वहनीयता सुनिश्चित करने और वित्तीय खाई को पाटने में मदद देने के लिए बहुपक्षीय साझेदारों से अतिरिक्त आर्थिक मदद करने और श्रीलंका के कर्जदाताओं से कर्ज राहत देने का आह्वान भी किया था।

7.89 लाख रिश्वत लेने के आरोप में एएसआई गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली पुलिस के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) दुष्यंत गौतम को 7.89 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले की जद में एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) भी है। अफसरों के मुताबिक, एसीपी बृजपाल के कथित निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स विंग में तैनात गौतम रिश्वत ले रहा था। एजेंसी की प्राथमिकी के मुताबिक, बृजपाल ने भलस्वा पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में आरोपी की पत्नी को राहत देने की एवज में 15 लाख रुपये की घूस मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने शिकायतकर्ता से 7.89 लाख रुपये घूस लेते हुए गौतम को पकड़ लिया। इस मामले में दिल्ली और फरीदाबाद स्थित आरोपियों के परिसरों में तलाशी जारी है।

बेरोजगारी दर एक साल के शीर्ष पर 20 लाख रोजगार घटे : सीएमआईई
देश में बेरोजगारी दर अगस्त में बढ़कर एक साल के उच्चस्तर 8.3 फीसदी पर पहुंच गई। इस दौरान रोजगार जुलाई की तुलना में 20 लाख घटकर 39.46 करोड़ रह गया। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकनॉमी (सीएमआईई) के मुताबिक,  जुलाई में बेरोजगारी दर 6.8 फीसदी थी और 39.7 करोड़ रोजगार थे। इस दौरान शहरी बेरोजगारी दर बढ़कर 9.6 फीसदी और ग्रामीण बेरोजगारी दर 7.7 फीसदी हो गई। सीएमआईई के एमडी महेश व्यास ने कहा, ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण बात यह है कि रोजगार दर 37.6 फीसदी से गिरकर 37.3 फीसदी पर आ गई।

हरियाणा में सर्वाधिक छत्तीसगढ़ में सबसे कम
हरियाणा में बेरोजगारी दर सबसे ज्यादा 37.3% रही। जम्मू-कश्मीर में यह 32.8 फीसदी, राजस्थान में 31.4 फीसदी, झारखंड में 17.3% थी। वहीं, छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी दर सबसे कम 0.4% और मेघालय में 2 फीसदी रही।

डीजल-एटीएफ निर्यात पर कर बढ़ा अप्रत्याशित लाभ कर में भी इजाफा
सरकार ने डीजल और विमान ईंधन (एटीएफ) के निर्यात पर कर बढ़ा दिया है। साथ ही घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल पर अप्रत्याशित लाभ कर में वृद्धि की है। उत्पाद पर मार्जिन बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच सरकार ने यह कदम उठाया है। सरकार ने चौथे पखवाड़े की समीक्षा में डीजल निर्यात पर अप्रत्याशित लाभ कर 7 रुपये से बढ़ाकर 13.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। एटीएफ के निर्यात पर इसे 2 रुपये से बढ़ाकर 9 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को जारी अधिसूचना में कहा, घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल पर भी अप्रत्याशित लाभ कर 13,000 रुपये प्रति टन से बढ़ाकर 13,300 रुपये प्रति टन किया गया है।

खाद्य तेल आयात पर रियायती सीमा शुल्क मार्च तक 6 माह बढ़ा
वित्त मंत्रालय ने खाद्य तेल आयात पर रियायती सीमा शुल्क को मार्च, 2023 तक और छह महीने के लिए बढ़ा दिया है। इसका मकसद खाद्य तेलों की घरेलू आपूर्ति बढ़ाना और कीमतों को नियंत्रण में रखना है। सीबीआईसी ने कहा, कच्चे पाम तेल, कच्चे सोयाबीन तेल, रिफाइंड सोयाबीन तेल, आरबीडी पाम तेल, रिफाइंड सूरजमुखी तेल आदि पर मौजूदा शुल्क संरचना 31 मार्च, 2023 तक अपरिवर्तित रहेगी।

पुर्तगाल में मृतक महिला के परिवार से संपर्क में भारत
पुर्तगाल में अस्पताल में जगह नहीं मिलने की वजह से गर्भवती महिला की मौत को विदेश मंत्रालय ने दुखद बताया। मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बृहस्पतिवार को कहा कि पुर्तगाल में गर्भवती भारतीय महिला की मौत का मामला बेहद दुखद है। सरकार महिला के परिवार के संपर्क में है।

खाली पद न हो तो तबादला न किया करे सरकार : हाईकोर्ट
कर्नाटक हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से कहा है कि अगर खाली पर न हो तो किसी अधिकारी का तबादला न करे। अदालत में आए एक मामले में दिसंबर 2021 को हनूर नगर परिषद के मुख्य अधिकारी मूर्थी हलैया का तबादला कर दिया गया था, लेकिन 6 महीने तक कोई पद नहीं दिया। वहीं उनके पद पर एक अन्य व्यक्ति परमाशीवैया को तबादले के दिन ही तैनात कर दिया गया।

दूसरे राज्यों में लागू कर सकते हैं डीएसएलएसए की योजना
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दिल्ली राज्य कानूनी सेवा प्राधिकरण (डीएसएलएसए) द्वारा लापता बच्चों के लिए थानों में बनाई गई अर्ध-विधिक स्वयंसेवकों की पैनल योजना को दूसरे राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों (यूटी) में भी लागू कर सकते हैं। जस्टिस इंदिरा बनर्जी और जस्टिस एम एम सुंदरेश की पीठ एनजीओ बचपन बचाओ आंदोलन की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें यूपी के ललितपुर जिले की नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के बाद थाने में पुलिसकर्मियों द्वारा यौन शोषण मामले का जिक्र किया गया था।

बांग्लादेशी आतंकी संगठन से संबंध में एक और गिरफ्तार
असम पुलिस ने बांग्लादेशी आतंकवादी संगठन अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (एबीटी) से संबंधों के आरोप में अजमल हुसैन उर्फ अमजद को गुवाहाटी के धीरेनपारा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अजमल हुसैन के घर से आतंकी मॉड्यूल चलाने में इस्तेमाल की गई किताबें और पोस्टर भी बरामद किए हैं। अमजद, बांग्लादेशी नागरिक सैफुल इस्लाम उर्फ हारून राशिद उर्फ मोहम्मद सुमन के माध्यम से भारतीय उपमहाद्वीप में अलकायदा (एक्यूआईएस) के संपर्क में आया था।

आरएसएस के संगठनों की समन्वय बैठक 10 सितंबर से रायपुर में
रायपुर में 10 से 12 सितंबर के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े संगठनों की समन्वय बैठक होने जा रही है। बैठक में सरसंघचालक मोहन भागवत व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सहित सभी संगठनों के शीर्ष पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। बैठक में संघ से जुड़े 36 संगठन भाग लेंगे।

व्हाट्सएप ने जुलाई में 23.87 लाख भारतीय खातों पर लगाया प्रतिबंध
सोशल मीडिया मंच व्हाट्सएप ने जुलाई 2022 के दौरान 23.87 लाख से ज्यादा भारतीय खातों पर प्रतिबंध लगा दिया। इसमें से 14 लाख से अधिक खाते तो कंपनी ने यूजर्स की शिकायत से पहले ही बंद कर दिए। जुलाई में प्रतिबंधित खातों का आंकड़ा चालू वित्त वर्ष के किसी भी माह के मुकाबले सर्वाधिक है। जून में कंपनी ने देश में 22 लाख खातों को अपने शिकायत निवारण चैनल के माध्यम से मिली शिकायतों और उल्लंघनों के आधार पर प्रतिबंधित किया था। इससे पहले, मई में इस तरह के 19 लाख, अप्रैल में 16 लाख और मार्च में 18.05 लाख खातों को बंद किया था।

विवादों में घिरे जज की तबादले के खिलाफ दी गई अर्जी खारिज
केरल हाईकोर्ट ने अपने कुछ फैसलों के कारण विवादों में आए सत्र न्यायाधीश एस कृष्णकुमार की तबादले के खिलाफ अर्जी को खारिज कर दिया। जज एस कृष्णकुमार ने दो दुष्कर्म मामलों में कवि सिविक चंद्रन को जमानत देते हुए आरोप लगाने वाली महिलाओं पर ही आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। विरोध बढ़ने के बाद उनका लेबर कोर्ट में पीठासीन अधिकारी के रूप में  तबादला कर दिया गया था। जस्टिस अनु शिवारमन ने सत्र न्यायाधीश एस कृष्णकुमार की तमाम दलीलों को खारिज कर दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed