रिहाई: अफगान राजदूत की बेटी का पाकिस्तान में अपहरण, यातनाएं देकर छोड़ा, अस्पताल में भर्ती
अफगानिस्तान ने पाकिस्तान सरकार को पत्र लिखकर घटना पर कड़ी आपत्ति जताई है।विदेश मंत्रालय ने इस घटना की कड़ी निंदा की और पाकिस्तान स्थित अफगान दूतावास की सुरक्षा की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान में अफगानिस्तान के राजदूत नजीबुल्लाह अलीखिल की बेटी सिलसिला अलीखिल (26) का पाकिस्तान में अपहरण कर लिया गया। उसे घंटों यातनाएं दी गईं और उसके बाद छोड़ा गया। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान सरकार को पत्र लिखकर घटना पर कड़ी आपत्ति जताई है।
भारतीय मिशन को किया सतर्क
अफगान राजदूत की बेटी के अपहरण की घटना के बाद भारत ने पाकिस्तान स्थित अपने दूतावास के स्टाफ व उनके परिवारों को सतर्क किया है। सूत्रों के अनुसार विदेश मंत्रालय ने मिशन के सभी लोगों व उनके परिवारों को अतिरिक्त सुरक्षा व सावधानी बरतने को कहा है।
टोलोन्यूज ने बताया कि अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इस घटना की कड़ी निंदा की और पाकिस्तान स्थित अफगान दूतावास की सुरक्षा की मांग की।
Daughter of Afghan Ambassador in Pakistan was released after being kidnapped, says Pak Media
— ANI (@ANI) July 17, 2021
अफगान विदेश मंत्रालय के अनुसार 16 जुलाई को अलीखिल का इस्लामाबाद में उस वक्त अपहरण किया गया जब वह घर लौट रही थी। अज्ञात लोगों ने उसे घंटों बंधक बनाकर रखा और यातनाएं दीं। इसके बाद अपहर्ताओं के चंगुल से उसे मुक्त कराया गया। अफगान विदेश मंत्रालय ने इस घृणित कृत्य की निंदा करते हुए पाकिस्तान में अपने राजनयिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
इसके साथ ही मंत्रालय ने पाकिस्तान सरकार से मांग की कि वह अफगान दूतावास व वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों व उनके परिवारों की पूरी सुरक्षा करे। सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय संधियों व परंपराओं का पालन किया जाए।
पाकिस्तान के राजदूत को तलब किया
विदेश मंत्रालय ने अफगानिस्तान में पदस्थ पाकिस्तान के राजदूत मंसूर अहमद खान को शनिवार को तलब किया और इस्लामाबाद में अपने राजदूत की बेटी के अपहरण को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
On July 16, 2021, daughter of Afghan ambassador to Islamabad, Silsila Alikhil, was abducted for several hrs & severely tortured by unknown individuals on her way home. After being released from kidnappers' captivity, she's in medical care at hospital: Afghanistan Foreign Ministry pic.twitter.com/VssKTJuE7a
— ANI (@ANI) July 17, 2021
सिर पर प्रहार किए, हाथ पैर रस्सी से बांधे
अस्पताल की चिकित्सकीय रिपोर्ट में कहा गया है कि सिलसिला अलीखिल के सिर पर प्रहार किए गए, कलाइयों और पैरों पर रस्सी से बांधे जाने के निशान हैं और उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई। आशंका है कि राजदूत की बेटी के शरीर की कई हड्डियां टूटी हुई हैं और एक्सरे करने के आदेश दिए गए हैं।
पांच घंटे बंधक रखा गया
रिपोर्ट में कहा गया है कि उसे पांच से अधिक घंटे तक बंधक बनाए रखा गया और इस्लामाबाद पुलिस उन्हें अस्पताल ले कर आई। अलीखिल को अगवा करने और रिहाई के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है। इस मामले में फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने मामले की तत्काल जांच की मांग की है और कहा कि अलीखिल को बुरी तरह से प्रताड़ित किया गया।
पाकिस्तान ने हमले को विचलित करने वाला बताया और कहा कि इस्लामाबाद में अफगानिस्तान के राजदूत के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पाकिस्तान की प्रमुख महिला सांसद शेरी रहमान ने घटना की निंदा की और ट्वीट किया, 'अफगानिस्तान के राजदूत की बेटी एक महिला हैं और मध्य इस्लामाबाद में उन्हें घूमने में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि वह पाकिस्तान में राजनयिक सुरक्षा की हकदार हैं।
हामिद मीर ने ट्वीट कर किया सवाल
पाकिस्तान के जाने माने पत्रकार हामिद मीर ने ट्वीट कर प्रश्न किया कि इस्लामाबाद में इस प्रकार की घटना कैसे हो सकती है। उन्होंने कहा कि शहर में लगे महंगे कैमरों का काम ही क्या है फिर? उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी पत्रकारों और यहां तक कि एक पुलिस अधिकारी को भी इस्लामाबाद में अगवा किया जा चुका है, इस संबंध में कुछ लोगों को ही गिरफ्तार किया गया था।
पाक विदेश मंत्रालय ने यह कहा
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि राजनयिक मिशनों ,राजनयिकों और उनके परिवारों की रक्षा और सुरक्षा बेहद अहम है। इस प्रकार की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।