क्या है एयर फोर्स वन : जानिए अमेरिकी राष्ट्रपति के उड़ने वाले ओवल ऑफिस के बारे में सबकुछ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बुधवार को अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन राष्ट्रपति पद की शपथ लेने वाले हैं। अमेरिका के इतिहास में 20 जनवरी 2021 से एक नया अध्याय जुड़ेगा। अमेरिका में इस बार राष्ट्रपति के चुनावों के दौरान काफी गहमागहमी देखी गई। हारने के बाद भी डोनाल्ड ट्रंप ने काफी समय तक अपनी हार स्वीकार नहीं की और धोखाधड़ी से मतदान होने का आरोप लगाया। आखिर में डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी हार स्वीकारी लेकिन कुछ हफ्ते पहले अमेरिकी संसद पर हुए हमले ने सबसे पुराने लोकतांत्रिक देश में लोकतंत्र का मतलब बदल दिया। आखिरकार बाइडन शपथ लेने को तैयार हैं और राष्ट्रपति बनते ही वह उस विमान में यात्रा करेंगे, जो विशेष तौर पर अमेरिका के राष्ट्रपति के लिए है। अमेरिका के राष्ट्रपति जिस विमान में यात्रा करते हैं, उसे एयर फोर्स वन कहा जाता है, आइए इस विमान के बारे में जानते हैं...
क्या है एयर फोर्स वन विमान ?
अमेरिका के राष्ट्रपति जिस विमान में यात्रा करते हैं, उसे एयर फोर्स वन के नाम से जाना जाता है। हालांकि इसी विमान में देश के उपराष्ट्रपति यात्रा करें तो इसका नाम बदलकर एयर फोर्स टू हो जाता है। तकनीकी तौर पर देखें तो अमेरिका के राष्ट्रपति जिस विमान में सफर करते हैं, वो है बोइंग 747-200B. इस विमान के लिए वायुसेना का पदनाम VC-25A है।
इस विमान में संयुक्त राज्य अमेरिका का झंडा और राष्ट्रपति की मुहर साफ तौर पर देखी जा सकती है, जो राष्ट्रपति की ताकत का प्रदर्शन करती है। एयरफोर्स वन आधुनिक और सुरक्षित संचार उपकरणों से लैस है।
किन सुविधाओं से लैस होता है एयरफोर्स वन?
अमेरिका के राष्ट्रपति जिस विमान में अपनी सभी औपचारिक यात्राएं करते हैं, उसमें चार हजार स्क्वायर फीट का फ्लोर है। विमान में राष्ट्रपति के लिए एक व्यापक सुईट है, जिसमें एक बड़ा ऑफिस, कॉन्फ्रेंस रूम और शानदार शौचालय है। इसके अलावा विमान में एक मेडिकल सुईट भी है, जिसमें एक डॉक्टर हमेशा रहता है। विमान में तैयार की गई रसोई में इतना सामान उपलब्ध रहता है कि एक बार में 100 लोगों को आराम से खाना खिलाया जा सके।।
इसके अलावा यात्रा के दौरान जो भी अधिकारी राष्ट्रपति के साथ मौजूद रहेंगे, उनके लिए भी इस विमान में अलग से कमरे बनाए गए हैं। इन अतिरिक्त अधिकारियों में वरिष्ठ सलाहकार, खुफिया सेवा अधिकारी, यात्रा करने वाली मीडिया और दूसरे अतिथि शामिल होते हैं। इसमें एक खास बात यह है कि राष्ट्रपति के विमान के आगे कई कार्गो विमान उड़ान भरते हैं, जो दूरदराज के स्थानों पर राष्ट्रपति को आवश्यक सेवाएं पहुंचा सकते हैं।
मौजूदा समय में जिस विमान में अमेरिकी राष्ट्रपति सफर करते हैं, वो रिटायरमेंट के करीब है, लेकिन राष्ट्रपति के लिए नए विमान की तैयारी चल रही है और जल्द ही उससे उड़ानें भरनी भी शुरू हो जाएंगी। हालांकि ये नए विमान उड़ान तो भर रहे हैं लेकिन इसमें राष्ट्रपति अभी तक नहीं बैठे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति के विमान की विषेषताएं
अमेरिका के राष्ट्रपति के लिए जितने भी विमान तैयार किए जाते हैं उन्हें "Flying White House." (फ्लाइंग व्हाइट हाउस) और "flying Oval Office" (फ्लाइंग ओवल ऑफिस) के नाम से भी जानते हैं। एयर फोर्स वन के तौर इस्तेमाल किए जाने वाला VC-25A विमान आधुनिक तकनीकी से लैस है। इस विमान में 76 यात्री सफर कर सकते हैं और इसमें 26 स्टाफ के कर्मचारी होते हैं। ये विमान विद्युत चुंबकीय पल्सेज के खिलाफ भी सुरक्षित हैं।
अमेरिकी वायुसेना ने एलान कर दिया है कि देश के राष्ट्रपति के लिए बोइंग परंपरा चालू रखेंगे। बोइंग 747-200s को बदलकर 747-8 का इस्तेमाल किया जाएगा। 747-200s अब तक का सबसे बड़ा विमान है। इसकी कई क्षमताएं हैं, जिसमें ये शामिल हैं...
- राष्ट्रपति की यात्रा के लिए लंबी रेंज
- एरियल रीफ्यूलिंग
- दुनियाभर के हवाई अड्डों पर आत्मनिर्भरता
एयरफोर्स वन विमान के बारे में दिलचस्प तथ्य
- एयरफोर्स वन किसी विशेष विमान का नाम नहीं है, ये हर उस विमान के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें अमेरिका के राष्ट्रपति यात्रा करते हैं।
- अमेरिकी राष्ट्रपति की हर यात्रा पर दो विमान एक साथ उड़ते हैं, ताकि एक-दूसरे को बैक-अप दे सकें।
- मौजूदा समय में राष्ट्रपति के लिए जो दो विमान उड़ान भर रहे हैं, वो 30 साल पुराने हैं। साल 1990 में जॉर्ज बुश ने विमान से उड़ान भरी थी।
- यह विमान दूसरे सैन्य विमानों और लड़ाकू जेट विमानों की तरह ईँधन टैंकर से ईंधन भर सकता है।
- इस विमान में राष्ट्रपति और उनका परिवार जिस दरवाजे से प्रवेश करता है, उस गेट से कोई प्रवेश नहीं कर सकता। बाकी अधिकारियों और मीडियाकर्मियों के लिए अलग द्वार होता है।
- इस विमान में 85 फोनलाइंस हैं और 19 टेलीविजन हैं।