{"_id":"6b06db5e98fda8cfc802fdea","slug":"hopes-for-karnataka-from-japan-focus-shifts-these-sectors-following-an-investment-discussion-several-companies-2026-11-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"कर्नाटक को जापान से आस: सीएम शिवकुमार और निवेशकों की बातचीत, किन क्षेत्रों में होगा 800 करोड़ से अधिक निवेश?","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
कर्नाटक को जापान से आस: सीएम शिवकुमार और निवेशकों की बातचीत, किन क्षेत्रों में होगा 800 करोड़ से अधिक निवेश?
Wed, 25 Nov 2026 06:28 PM IST
प्रशांत तिवारी
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, टोक्यो।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, टोक्यो।
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Wed, 25 Nov 2026 06:28 PM IST
सार
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के जापान दौरे का मकसद कर्नाटक में जापानी निवेश बढ़ाना है। कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज के साथ 800 करोड़ रुपये के समझौते के अलावा पैनासोनिक और जेएफई इंजीनियरिंग से बातचीत हुई। राज्य में कचरे से बिजली बनाने की तकनीक अपनाने और जापानी कंपनियों को इन्वेस्ट कर्नाटक 2027 में आमंत्रित करने की भी तैयारी है।
विज्ञापन
जापान में भारतीय राजदूत के साथ सीएम डीके शिवकुमार
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार इन दिनों जापान के दौरे पर हैं। इस दौरान वह राज्य में जापानी निवेश बढ़ाने और उद्योगों के लिए नए अवसर तलाशने में जुटे हैं। टोक्यो में उन्होंने जापान में भारत की राजदूत नगमा मोहम्मद मलिक से मुलाकात की। दोनों के बीच कर्नाटक और जापान के कारोबारी रिश्तों को मजबूत करने, राज्य में विदेशी निवेश लाने और यहां के उद्योगों के लिए जापानी बाजार में नए रास्ते खोलने पर चर्चा हुई। शिवकुमार ने साफ कहा कि कर्नाटक में ज्यादा से ज्यादा जापानी कंपनियों का निवेश लाना सरकार की प्राथमिकता है।
विज्ञापन
जापानी कंपनियों को कर्नाटक में निवेश का न्योता
डीके शिवकुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने व्यापार बढ़ाने और कर्नाटक के उत्पादों को जापानी बाजार तक पहुंचाने के तरीकों पर विचार किया। इसके साथ ही दोनों देशों के उद्योगों के बीच साझेदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक में निवेश की संभावनाओं को जापानी कंपनियों और निवेशकों तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए भारत का दूतावास भी मदद करेगा। उनका मानना है कि दोनों देशों के उद्योगों के बीच बेहतर तालमेल से राज्य में नए कारोबार, निवेश और रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।
विज्ञापन
जापान में कन्नड़ समुदाय से भी मिले शिवकुमार
अपने दौरे के दौरान शिवकुमार ने जापान कन्नड़ एसोसिएशन और टोक्यो कन्नड़ बालगा के सदस्यों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वहां रहने वाले कन्नड़ समुदाय के लोगों से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। शिवकुमार ने कहा कि हजारों किलोमीटर दूर रहने के बावजूद इन लोगों का अपनी भाषा, संस्कृति और मिट्टी से जुड़ाव देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने कहा कि कन्नड़ भाषा और संस्कृति दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाले लोगों को एक परिवार की तरह जोड़ती है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों के अनुभव और अपने घर-प्रदेश से जुड़ी उनकी यादें भी सुनीं।
विज्ञापन
कावासाकी के साथ 800 करोड़ रुपये का समझौता
जापान दौरे के दौरान कर्नाटक के लिए एक बड़ी कारोबारी उपलब्धि भी सामने आई है। राज्य में कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज के विस्तार के लिए 800 करोड़ रुपये के निवेश से जुड़ा समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया है। इसके अलावा शिवकुमार ने पैनासोनिक ऑटोमोटिव के प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत की। कर्नाटक सरकार जापानी कंपनियों को बेंगलुरु में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट 'इन्वेस्ट कर्नाटक 2027' में शामिल होने का न्योता भी दे रही है। यह आयोजन 20 से 22 अप्रैल तक होगा। सरकार की कोशिश है कि इस आयोजन के जरिए राज्य में बड़े औद्योगिक निवेश के नए रास्ते खुलें।
कचरे से बिजली बनाने की तकनीक पर JFE से चर्चा
शिवकुमार ने उद्योग मंत्री और आधारभूत ढांचा विकास मंत्री एमबी पाटिल के साथ जापान की जेएफई इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक केइची नागाया और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की। इस बैठक में कचरे से बिजली बनाने, शहरों में ठोस कचरे के प्रबंधन और शहरी बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। कंपनी ने बताया कि वह जापान और भारत समेत कई देशों में ऐसी तकनीक पर काम कर रही है, जिससे शहरों के कचरे को बिजली में बदला जा सकता है। उसकी तकनीक से करीब 15 मेगावाट बिजली पैदा करने के साथ लैंडफिल में पहुंचने वाले कचरे की मात्रा भी काफी कम की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: लंदन: प्रिंस विलियम-कैथरीन के घर में चोरी की कोशिश के दो आरोपी गिरफ्तार; कुत्तों, ड्रोन और हेलिकॉप्टर से तलाशी
बंगलूरू ही नहीं, दूसरे शहरों को भी मिलेगा फायदा
बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि जापान की तकनीक को कर्नाटक के अलग-अलग शहरों की जरूरत के हिसाब से कैसे इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए हर शहर में पैदा होने वाले कचरे, उसे इकट्ठा करने की व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं को ध्यान में रखकर योजना बनाई जाएगी। राज्य सरकार चाहती है कि कचरे से बिजली बनाने वाली आधुनिक व्यवस्था सिर्फ बेंगलुरु तक सीमित न रहे, बल्कि दूसरे बड़े शहरों में भी शुरू हो। इसके लिए स्थानीय कंपनियों और जापानी विशेषज्ञों को साथ लाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। सरकार जेएफई इंजीनियरिंग के साथ आगे भी बातचीत करेगी, ताकि कर्नाटक में ऐसे प्रोजेक्ट शुरू करने का रास्ता साफ हो सके।
