Israel: 'फिलाडेल्फिया कॉरिडोर नहीं छोड़ेंगे, जब तक...'; नेतन्याहू का समझौते की संभावना से इनकार, हमास भी अड़ा
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने अहम माने जाने वाले फिलाडेल्फिया कॉरिडोर पर आईडीएफ के कब्जे को बरकरार रखने के अपने फैसले पर जोर दिया। साथ ही युद्ध विराम के लिए नए समझौते के पहले चरण में इस इलाके से हटने से साफ मना कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इस्राइल और हमास के बीच जारी जंग को एक साल होने वाला है, लेकिन ये जंग थमने की जगह बढ़ती ही जा रही है। हाल ही में हमास ने सात अक्तूबर 2023 को बंधक बनाए गए लोगों में से छह की हत्या कर दी थी। जिसके बाद से युद्धविराम की मांग तेज हो गई है। इस्राइल में भी लोग बंधकों को छुड़ाने में फेल साबित होने के लिए नेतन्याहू का विरोध कर रहे हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि इस्राइल गाजा में केवल तभी स्थायी युद्धविराम पर सहमत होगा, जब यह गारंटी होगी कि फिलाडेल्फिया कॉरिडोर का इस्तेमाल कभी भी हमास के लिए जीवन रेखा के रूप में नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक ऐसा नहीं होता, हम पीछे नहीं हटेंगें।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने अहम माने जाने वाले फिलाडेल्फिया कॉरिडोर पर आईडीएफ के कब्जे को बरकरार रखने के अपने फैसले पर जोर दिया। साथ ही युद्ध विराम के लिए नए समझौते के पहले चरण में इस इलाके से हटने से साफ मना कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय उन पर ज्यादा दबाव बनाएगा तो उनकी वापसी प्रभावी रूप से असंभव हो जाएगी। हालांकि नेतन्याहू ने कहा कि किसी को तो वहां होना ही चाहिए। युद्ध के बाद गाजा पर जो भी शासन करे वो पक्ष हमें इस बात की गारंटी दे कि इस गलियारे का उपयोग हमास के लिए हथियारों और रसद की तस्करी के मार्ग के रूप में नहीं किया जाएगा।
नेतन्याहू ने कहा कि मेरे पास कोई ऐसा व्यक्ति लाओ जो वास्तव में यह दिखा सके। कागज़ पर नहीं, शब्दों में नहीं, स्लाइड पर नहीं बल्कि दिन-प्रतिदिन, सप्ताह-दर-सप्ताह और महीने-दर-महीने दिखाए कि वह वास्तव में वहां पहले जो हुआ था, उसकी पुनरावृत्ति को रोक सकता है। नेतन्याहू ने कहा कि अगर ऐसा होता है तो हम इस पर विचार करने के लिए तैयार हैं, लेकिन मुझे अभी ऐसा होता नहीं दिख रहा है।
क्या है फिलाडेल्फिया कॉरिडोर
गौरतलब है कि मिस्र की सीमा से लगे गाजा पट्टी के दक्षिणी किनारे पर स्थित फिलाडेल्फिया कॉरिडोर एक बफर जोन है, जिस पर समझौते की बात चल रही है। नेतन्याहू ने इस इलाके से पीछे हटने से साफ इनकार कर दिया है।
गाजा में नए युद्धविराम वार्ता की कोई आवश्यकता नहीं -हमास
इस बीच, हमास ने नए युद्धविराम समझौते की जरूरत से इनकार कर दिया है। हमास ने कहा कि गाजा के लिए नए युद्धविराम प्रस्तावों की कोई आवश्यकता नहीं है। इस्राइल पर अमेरिका के पहले के समझौते पर सहमत होने के लिए दबाव डाला जाना चाहिए। साथ ही हमास ने इस्राइल पर दक्षिणी गाजा में फिलाडेल्फिया कॉरिडोर से पीछे हटने से इनकार कर वार्ता को फेल करने का आरोप लगाया है। हमास ने कहा कि नेतन्याहू हमारे लोगों के खिलाफ आक्रामकता को बढ़ाने के लिए वार्ता का उपयोग कर रहे हैं। साथ ही हमास ने यह भी कहा कि उसने अमेरिका द्वारा 2 जुलाई को रखे गए प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।
बंधकों के शव मिलने के बाद और बिगड़ी स्थिति
दरअसल, इस्राइल और हमास के बीच 7 अक्तूबर, 2023 को शुरू हुआ युद्ध अभी भी जारी है। पिछले कुछ दिनों से गाजा में कुछ ऐसा घटा जिससे संघर्ष तेज होने की आशंका को जन्म दे दिया है। रविवार को इस्राइली सेना ने गाजा में छह बंधकों के शव बरामद किए, जिनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मारे गए बंधकों में एक अमेरिकी नागरिक भी शामिल था। करीब 250 लोग इस्राइल में अक्तूबर 2023 में हुए हमले के दौरान बंधक बना लिए गए थे। बंधकों के कत्ल से पूरे इस्राइल में गुस्सा है। रविवार रात राजधानी तेल अवीव समेत कई शहरों में बंधकों की तुरंत रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से गाजा समझौते को जल्द पूरा करने की भी मांग की। इसके अलावा लेबर यूनियनों ने सोमवार को बंद का भी आह्वान किया था।