Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Indian Scientist Sabyasachi Siddhanta CERN ALICE Experiment Management Board Election

सर्न के वैज्ञानिक बोर्ड में भारतीय शोधकर्ता की एंट्री: तीन साल तक संभालेंगे जिम्मेदारी, किस शोध पर करेंगे काम?

Tue, 24 Nov 2026 05:48 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, रोम
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, रोम Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Tue, 24 Nov 2026 05:48 PM IST
सार

भारतीय वैज्ञानिक डॉ. सब्यसाची सिद्धांत को दुनिया के सबसे बड़े कण त्वरक प्रयोगों में शामिल सर्न के एलिस मैनेजमेंट बोर्ड में चुना गया है। वह तीन साल तक इस जिम्मेदारी को संभालेंगे। आखिर एलिस प्रयोग क्या है और ब्रह्मांड की शुरुआत को समझने में इसकी क्या भूमिका है? बोर्ड में डॉ. सिद्धांत की जिम्मेदारी क्या होगी और वह आने वाले वर्षों में किन वैज्ञानिक लक्ष्यों पर काम करेंगे? 

विज्ञापन
Indian Scientist Sabyasachi Siddhanta CERN ALICE Experiment Management Board Election
सब्यसाची सिद्धांत के चयन के क्या मायने - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

दुनिया के सबसे बड़े कण त्वरक प्रयोगों में शामिल सर्न के एलिस (ALICE) प्रयोग में भारतीय वैज्ञानिक सब्यसाची सिद्धांत को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। इटली के नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर न्यूक्लियर फिजिक्स (आएलएफएन) के कालियारी विभाग में शोधकर्ता डॉ. सिद्धांत को एलिस सहयोग के मैनेजमेंट बोर्ड के लिए चुना गया है। उनका चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के वैज्ञानिकों की भागीदारी के लिहाज से अहम उपलब्धि है। वह इस पद पर तीन साल तक काम करेंगे।

विज्ञापन


कैसे हुआ भारतीय वैज्ञानिक का चयन और कौन-कौन चुना गया?
डॉ. सब्यसाची सिद्धांत का चयन 30 अक्टूबर 2026 को एलिस सहयोग बोर्ड की विशेष बैठक में हुआ। इस चुनाव में दो व्यक्तिगत पदों के लिए मुकाबला था। डॉ. सिद्धांत ने इनमें से एक पद हासिल किया। दूसरे पद पर फ्रांस के नांत स्थित सुबातेक प्रयोगशाला की डॉ. मैरी जर्मेन चुनी गईं। दोनों को तीन साल के कार्यकाल के लिए जिम्मेदारी दी गई है। एलिस सहयोग बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. एलेसांद्रा फंतोनी ने दोनों वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि उनका अनुभव और अलग-अलग दृष्टिकोण मैनेजमेंट बोर्ड के लिए उपयोगी होंगे।
विज्ञापन


क्या है सर्न का एलिस प्रयोग और क्यों है यह खास?
एलिस का पूरा नाम ए लार्ज आयन कोलाइडर एक्सपेरिमेंट है। यह सर्न के लार्ज हैड्रॉन कोलाइडर यानी एलएच,के चार बड़े प्रयोगों में से एक है। LHC दुनिया का सबसे शक्तिशाली कण त्वरक है। इसमें वैज्ञानिक पदार्थ के बेहद कठिन और चरम हालात का अध्ययन करते हैं। खास तौर पर क्वार्क-ग्लूऑन प्लाज्मा पर शोध किया जाता है। माना जाता है कि बिग बैंग के बाद ब्रह्मांड के शुरुआती क्षणों में पदार्थ इसी अवस्था में था। इस प्रयोग से वैज्ञानिक ब्रह्मांड की शुरुआत और पदार्थ की प्रकृति को समझने की कोशिश करते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


मैनेजमेंट बोर्ड में डॉ. सिद्धांत की क्या जिम्मेदारी होगी?
एलिस मैनेजमेंट बोर्ड प्रयोग से जुड़े वैज्ञानिक, तकनीकी, संगठनात्मक, संचालन और वित्तीय कामकाज की निगरानी करता है। बोर्ड के सदस्य प्रयोग की भविष्य की दिशा तय करने में भी योगदान देते हैं। डॉ. सिद्धांत दो दशक से अधिक समय से एलिस  प्रयोग से जुड़े हैं और फिलहाल कालियारी समूह के उप-टीम लीडर हैं। अपने कार्यकाल में वह एलिस के आगामी अपग्रेड, एलएचसी के चौथे चरण यानी रन-4 की तैयारियों और पांचवें चरण यानी रन-5 के लिए एलिस -3 के विकास की रणनीति में योगदान देना चाहते हैं।


भारतीय वैज्ञानिक ने अपनी प्राथमिकताओं में किन मुद्दों को रखा?
डॉ. सिद्धांत ने कहा कि एलिस पिछले दो दशकों से उनके पेशेवर जीवन का अहम हिस्सा रहा है। वह मैनेजमेंट बोर्ड में मिली जिम्मेदारी का रचनात्मक तरीके से इस्तेमाल करना चाहते हैं। उनकी प्राथमिकताओं में युवा शोधकर्ताओं को आगे बढ़ने में मदद करना, विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, विविधता को प्रोत्साहित करना और अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय के सदस्यों के कल्याण का ध्यान रखना शामिल है। उनका चुनाव एलिस में लंबे समय से किए जा रहे योगदान की पहचान है। साथ ही, दुनिया के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय भौतिकी प्रयोगों में किसी भारतीय वैज्ञानिक को मिली यह जिम्मेदारी देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed