US: PM मोदी के दौरे से पहले जॉर्जिया सांसद ने चीन को बताया 'बड़ा दुश्मन', दोनों देशों के संबंध पर कही ये बात
US: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले जॉर्जिया से सांसद माइक कोलिन्स ने आतंकवाद और चीन को बड़ा दुश्मन बताया। उन्होंने बीजिंग से मुकाबले के लिए भारत और अमेरिका के साझा प्रयासों पर प्रकाश डाला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21-24 जून तक अमेरिका के दौरे पर रहेंगे। उनकी यात्रा से पहले जॉर्जिया से सांसद माइक कोलिन्स ने बीजिंग से मुकाबला करने के लिए नई दिल्ली और वॉशिंगटन द्वारा किए गए साझा प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने चीन को भारत और अमेरिका का 'बड़ा दुश्मन' बताया। प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी उनके समकक्ष जो बाइडन व्हाइट हाउस में करेंगे।
प्रतिनिधि सभा के सदस्य कोलिन्स ने एक संक्षिप्त वीडियो संबोधन में पीएम मोदी का अमेरिका में हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने वीडियो संदेश में कहा, हमारे पास 22 जून को दोनों सदनों से बात करने के लिए एक बहुत ही विशेष अतिथि आ रहा है और वह भारत से प्रधानमंत्री मोदी हैं।
उन्होंने दोनों देशों के बीच उन संबंधों पर भी प्रकाश डाला जो भारत और अमेरिका न केवल आर्थिक तौर पर बल्कि चीन का मुकाबला करने के लिए साझा करते हैं। उन्होंने चीन को 'बड़ा दुश्मन' बताया।कोलिन्स ने वीडियो में कहा, 'आप जानते हैं कि भारत और अमेरिका के बीच न केवल आर्थिक रूप से अच्छे संबंध हैं, बल्कि हम दोनों आतंकवाद और बड़े दुश्मन चीन का मुकाबला करने के लिए भी मिलकर लड़ते हैं।
अमेरिकी संसद सदस्य ने कहा, प्रधानमंत्री (मोदी) आपको सुनने का इंतजार है। आप वॉशिंगटन डीसी में रहने के दौरान क्या कहेंगे, यह सुनने के लिए उत्सुक हैं। हमें जॉर्जिया में चल रहे एसईसी फुटबॉल के बारे में थोड़ी बात करने का मौका भी मिल सकता है। इससे पहले अमेरिका के शीर्ष सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 22 जून को वाशिंगटन डीसी पहुंचने पर अमेरिकी कांग्रेस (संसद) को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया था। अमेरिका में कई राजनेताओं ने इससे पहले पीएम मोदी की राजकीय यात्रा को लेकर उत्साह जाहिर किया और दोनों देशों के बीच बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों की सराहना की थी।
अमेरिकी सांसद शीला जैक्सन ली ने कहा कि अमेरिकी कांग्रेस में पीएम मोदी के संबोधन का इंतजार है। उन्होंने कहा, यह संबोधन कांग्रेस के दोनों सदन में होगा। यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण अवसर है।
कनेक्टिकट की गवर्नर बोलीं- पीएम मोदी की यात्रा सफल होगी
लेफ्टिनेंट गवर्नर सुसान बाइसिविक्ज ने कहा कि कनेक्टिकट के लोगों की ओर से, मैं संयुक्त राज्य अमेरिका की राजकीय यात्रा पर प्रधानमंत्री मोदी का बहुत गर्मजोशी से स्वागत करना चाहती हूं। भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका में लोकतंत्र के लिए एक साझा प्रशंसा है। यह एक विशेष अवसर है क्योंकि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र का दौरा कर रहे हैं।
आगे उन्होंने कहा कि भारतीय डायस्पोरा ने हमारे राज्य में कई सार्थक योगदान दिए हैं। मुझे आशा है कि आपकी यात्रा सफल होगी, और मुझे विश्वास है कि यह भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच और भारत और कनेक्टिकट राज्य के बीच और भी मजबूत और घनिष्ठ साझेदारी का मार्ग प्रशस्त करेगी।