इंडोनेशिया में PM को सर्वोच्च सम्मान: अब तक 30 से अधिक देशों में मिल चुके हैं मेडल; प्रधानमंत्री क्या बोले?
इंडोनेशिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'बिंतांग आदिपूर्णा' से नवाजा गया। यह सम्मान भारत और इंडोनेशिया के मजबूत रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे करोड़ों भारतीयों को समर्पित बताया। आखिर यह सम्मान कितना खास है? अब तक किन-किन देशों ने पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान दिया है और इस पर प्रधानमंत्री ने क्या संदेश दिया? आइए, विस्तार से जानते हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'बिंतांग आदिपूर्णा' से सम्मानित किया। यह सम्मान भारत और इंडोनेशिया के मजबूत होते रणनीतिक और कूटनीतिक रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी उन विश्व नेताओं में शामिल हो गए हैं, जिन्हें 30 से अधिक देशों ने अपने सर्वोच्च या प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा है। सम्मान मिलने के बाद प्रधानमंत्री ने इसे अपना नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों का सम्मान बताया।
प्रधानमंत्री मोदी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया पहुंचे हैं। जकार्ता में राष्ट्रपति भवन इस्ताना मर्देका में उनका भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने औपचारिक समारोह में उन्हें 'बिंतांग आदिपूर्णा' सम्मान प्रदान किया। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति भवन के अतिथि पुस्तिका पर हस्ताक्षर भी किए। उन्होंने सोशल मीडिया पर स्वागत के लिए इंडोनेशिया का आभार जताते हुए लिखा कि इस्ताना मर्देका में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए धन्यवाद। यह यात्रा भारत की एक्ट ईस्ट नीति, महासागर विजन और मुक्त, समावेशी एवं खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
क्या है 'बिंतांग आदिपूर्णा' और क्यों माना जाता है सबसे बड़ा सम्मान?
'बिंतांग रिपब्लिक इंडोनेशिया आदिपूर्णा' इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। इसकी स्थापना वर्ष 1959 में की गई थी। यह सम्मान उन लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने इंडोनेशिया की एकता, समृद्धि, निरंतरता और राष्ट्रीय हितों के लिए असाधारण योगदान दिया हो। यह सम्मान नागरिकों के साथ-साथ सैन्य क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी दिया जा सकता है। विदेशी नेताओं को यह सम्मान केवल विशेष योगदान और दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई देने के लिए प्रदान किया जाता है। इसी कारण इसे इंडोनेशिया का सबसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान माना जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मान मिलने के बाद क्या कहा?
सम्मान ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि भारत के करोड़ों लोगों का है। उन्होंने कहा कि यह भारत और इंडोनेशिया के बीच ऐतिहासिक, गहरे और भरोसेमंद संबंधों का सम्मान है। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, इंडोनेशिया सरकार और वहां की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की मित्रता आने वाले समय में और मजबूत होगी तथा यह सम्मान दोनों देशों के लोगों के बीच विश्वास और सहयोग का प्रतीक है।
पीएम मोदी को अबतक कितने प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिले?
| क्रमांक | वर्ष/माह | देश | सम्मान |
|---|---|---|---|
| 1 | अप्रैल 2016 | सऊदी अरब | ऑर्डर ऑफ किंग अब्दुलअज़ीज़ |
| 2 | जून 2016 | अफगानिस्तान | स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान |
| 3 | फरवरी 2018 | फलस्तीन | ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फलस्तीन |
| 4 | अप्रैल 2019 | संयुक्त अरब अमीरात | ऑर्डर ऑफ जायद |
| 5 | अप्रैल 2019 | रूस | ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल |
| 6 | जून 2019 | मालदीव | ऑर्डर ऑफ द डिस्टिंग्विश्ड रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन |
| 7 | अगस्त 2019 | बहरीन | किंग हमद ऑर्डर ऑफ द रिनेसां |
| 8 | दिसंबर 2020 | अमेरिका | लीजन ऑफ मेरिट |
| 9 | मई 2023 | पापुआ न्यू गिनी | ऑर्डर ऑफ लोगोहू |
| 10 | मई 2023 | फिजी | कंपैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी |
| 11 | जून 2023 | मिस्र | ऑर्डर ऑफ द नाइल |
| 12 | जुलाई 2023 | फ्रांस | ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर |
| 13 | अगस्त 2023 | ग्रीस | ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑनर |
| 14 | मार्च 2024 | भूटान | ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो |
| 15 | नवंबर 2024 | नाइजीरिया | ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर |
| 16 | नवंबर 2024 | डोमिनिका | डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर |
| 17 | नवंबर 2024 | गुयाना | ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस |
| 18 | दिसंबर 2024 | कुवैत | ऑर्डर ऑफ मुबारक अल-कबीर |
| 19 | मार्च 2025 | मॉरीशस | ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन |
| 20 | मार्च 2025 | बारबाडोस | ऑर्डर ऑफ फ्रीडम |
| 21 | जून 2025 | साइप्रस | ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ माकारियोस तृतीय |
| 22 | जुलाई 2025 | घाना | ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना |
| 23 | जुलाई 2025 | त्रिनिदाद और टोबैगो | ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो |
| 24 | जुलाई 2025 | ब्राजील | ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस |
| 25 | जुलाई 2025 | नामीबिया | ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेलविट्स्चिया मिराबिलिस |
| 26 | दिसंबर 2025 | ओमान | ऑर्डर ऑफ ओमान (प्रथम श्रेणी) |
| 27 | फरवरी 2026 | इस्राइल | नेसेट स्पीकर पदक |
| 28 | जून 2026 | स्लोवाकिया | ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (प्रथम श्रेणी) |
| 29 | 2026 | नॉर्वे | रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट का ग्रैंड क्रॉस |
| 30 | 2026 | स्वीडन | रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार |
| 31 | 2026 | इथियोपिया | ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया |
| 32 | 2026 | श्रीलंका | मित्र विभूषण |
| 33 | 2026 | पलाऊ गणराज्य | एबाकल पुरस्कार |
| 34 | जुलाई 2026 | इंडोनेशिया | बिंतांग आदिपूर्णा (इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान) |
भारत-इंडोनेशिया संबंधों के लिए यह यात्रा क्यों अहम मानी जा रही है?
प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को भारत और इंडोनेशिया की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने वाला कदम माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच रक्षा, समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, बुनियादी ढांचे और अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई है। विदेश मंत्रालय ने भी कहा कि यह यात्रा भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ते रणनीतिक महत्व के बीच दोनों देशों का सहयोग क्षेत्रीय स्थिरता और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है।