{"_id":"6ac20ad0bbbe73c30f0a75ba","slug":"flydubai-crew-had-demanded-the-attacker-release-passengers-protested-questions-raised-as-new-video-emerges-2026-10-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"फ्लाईदुबई क्रू ने हमलावर को छोड़ने की मांग की थी: यात्रियों ने किया विरोध, नया वीडियो सामने आने पर उठे सवाल","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
फ्लाईदुबई क्रू ने हमलावर को छोड़ने की मांग की थी: यात्रियों ने किया विरोध, नया वीडियो सामने आने पर उठे सवाल
Sun, 04 Oct 2026 01:44 PM IST
अस्मिता त्रिपाठी
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
Published by: अस्मिता त्रिपाठी
Updated Sun, 04 Oct 2026 01:44 PM IST
सार
फ्लाईदुबई विमान में कथित तौर पर हमला करने वाले ओमानी को-पायलट को यात्रियों ने काबू कर लिया था। यात्रियों का दावा है कि कुछ क्रू सदस्यों ने उसे छोड़ने को कहा, जिसका उन्होंने विरोध किया। नए वीडियो के सामने आने के बाद घटना के दौरान क्रू की भूमिका और फैसले पर सवाल उठ रहे हैं।
विज्ञापन
को-पायलट को छोड़ने पर क्यों अड़े थे क्रू?
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स/ एआई
विस्तार
तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के एक विमान को क्रैश करने की कथित कोशिश के दौरान भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर हमला करने वाले को-पायलट का एक नया वीडियो सामने आया है। इस वीडियो को एक इस्राइली मीडिया आउटलेट ने शेयर किया है, जिसमें वह विमान के अंदर घुटनों के बल बैठा हुआ और उसके हाथ पीछे बंधे हुए दिखाई दे रहा है। वहीं, यात्री बार-बार 'सिर्फ पुलिस' और 'केवल पुलिस' कहते हुए सुनाई दे रहे हैं।
विज्ञापन
यात्रियों ने क्या बताया है? मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह वीडियो तब सामने आया है जब इस्राइली यात्रियों ने आरोप लगाया कि ओमान के को-पायलट को काबू में करके और बांधने के बाद फ्लाइट क्रू ने उनसे बहस की। 'द न्यूयॉर्क पोस्ट' को दिए इंटरव्यू में संदिग्ध को काबू करने में मदद करने वाले दो यात्रियों ने बताया कि क्रू ने उनसे आतंकवादी को खोलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने कहा कि संदिग्ध को पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए।
विज्ञापन
क्रैश एक्स (crash axe) से हमले के बाद, स्मित मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने और क्रू को अलर्ट करने में कामयाब रहे। ड्यूटी पर न होने वाले दो पायलटों समेत कई यात्रियों ने बीच-बचाव किया और को-पायलट पर काबू पा लिया।
विज्ञापन
रिपोर्ट में क्या दावा किया?
इस्राइल के न्यूज चैनल i24NEWS के जारी किए गए एक वीडियो में संदिग्ध व्यक्ति, जिसकी पहचान हमम अल-हम्मामी के तौर पर हुई है, विमान के अंदर घुटनों के बल बैठा हुआ और उसके हाथ पीछे बंधे हुए दिखाई दे रहा है। उसके कपड़ों पर खून के धब्बे भी देखे जा सकते हैं।
वीडियो में क्या दिख रहा है?
45 सेकंड के इस क्लिप में यात्रियों को बार-बार "सिर्फ पुलिस" और "केवल पुलिस" कहते हुए सुना जा सकता है। एक यात्री, जिसका चेहरा नहीं दिखाया गया है और जिसकी पहचान का पता नहीं चल पाया है, उसे यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'एक घंटा, 40 मिनट। पांच मिनट और।' इन बातों से ऐसा लगता है कि यात्रियों ने को-पायलट को लगभग इतने ही समय तक काबू में रखा था और वे उसे स्थानीय पुलिस को सौंपने से पहले पांच मिनट और इंतजार करने को तैयार थे।
क्या क्रू ने को-पायलट को छोड़ने के लिए कहा?
'द पोस्ट' से बात करने वाले यात्रियों के अनुसार, फ्लाईदुबई के क्रू सदस्यों ने उनसे को-पायलट को छोड़ने के लिए कहा। बैंकिंग एग्जीक्यूटिव ज्विका मेन्स ने कहा, 'वे हमसे उस आतंकवादी को खोलने के लिए कह रहे थे हमें पता नहीं था कि क्यों।' वहीं, रियल एस्टेट प्रोफेशनल डैनियल श्लिच्टर ने कहा, 'वे आतंकवादी को छोड़ने के लिए कह रहे थे हमें तुरंत उन पर शक हुआ।'
मेन्स, प्लंबर यानीव हायौन और असाफ राजुआन हमलावर की ओर दौड़े और उसे काबू में कर लिया। रिपोर्ट के अनुसार, जब संदिग्ध को काबू में किया जा रहा था, तो हायौन ने उसे चिल्लाते हुए सुना, 'मुझे मार डालो, मुझे मार डालो'। हालांकि, कथित तौर पर कुछ क्रू सदस्य उसे छोड़ने की बात पर अड़े रहे।
इसके बाद तीखी बहस हुई और तीनों इस्राइली यात्रियों ने साफ कर दिया कि वे किसी भी हाल में संदिग्ध हमलावर को जाने नहीं देंगे। मेन्स ने कहा, 'उन्होंने कहा, 'तुम भगवान नहीं हो, तुम उसे नहीं मारोगे।' 'हम उसे मारना नहीं चाहते थे, हम बस इतना चाहते थे कि वह हमें न मारे।' इस्राइली यात्रियों ने अल-हम्ममी को ऑक्सीजन मास्क भी दिया, क्योंकि वे चाहते थे कि वह जिंदा रहे ताकि जांचकर्ता उससे पूछताछ कर सकें।