Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   us-venezuela-sign-military-cooperation-agreement-pete-hegseth-visit

वेनेजुएला और अमेरिका के बीच सैन्य समझौता: हेगसेथ बोले- प्रशिक्षण से लेकर खुफिया जानकारी तक करेंगे साझा

Thu, 19 Nov 2026 01:58 AM IST
देवेश त्रिपाठी पीटीआई, काराकास
पीटीआई, काराकास Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Thu, 19 Nov 2026 01:58 AM IST
सार

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने वेनेजुएला दौरे के दौरान बताया कि दोनों देशों ने सैन्य संबंध दोबारा स्थापित करने के लिए समझौता किया है। इसके तहत प्रशिक्षण से लेकर खुफिया जानकारी साझा करने तक सहयोग बढ़ाया जाएगा। हेगसेथ ने कहा कि जनवरी में निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला अब अमेरिका का सुरक्षा साझेदार बन गया है।

विज्ञापन
us-venezuela-sign-military-cooperation-agreement-pete-hegseth-visit
मादुरो की गिरफ्तारी के बाद अमेरिका और वेनेजुएला करीब आए - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

अमेरिका और वेनेजुएला ने अपने सैन्य संबंधों को दोबारा स्थापित करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने मंगलवार को वेनेजुएला की राजधानी कराकस में इसकी जानकारी दी। समझौते के तहत दोनों देश सैन्य प्रशिक्षण से लेकर खुफिया जानकारी साझा करने तक सहयोग बढ़ाएंगे।
विज्ञापन


हेगसेथ ने कहा कि जनवरी में अमेरिकी सेना द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार किए जाने के बाद दोनों देशों के संबंधों में बदलाव आया है। उनके मुताबिक, वेनेजुएला अब अमेरिका के लिए क्षेत्रीय सुरक्षा खतरे के बजाय सहयोगी बन गया है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के साथ करीबी सहयोग से वेनेजुएला को स्थिर करने और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े आतंकी नेटवर्क को खत्म करने में मदद मिली है। हालांकि, पेंटागन ने नए सैन्य समझौते की शर्तों और उसके दायरे को लेकर तत्काल कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी।
विज्ञापन
विज्ञापन


अंतरिम राष्ट्रपति ने भी सैन्य सहयोग का किया समर्थन
वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने भी दोनों देशों के बीच सैन्य साझेदारी मजबूत करने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि तकनीकी और सैन्य सहयोग को उच्चतम स्तर तक ले जाया जाए, ताकि साझा खतरों से निपटा जा सके।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन जनवरी में मादुरो को सत्ता से हटाए जाने के बाद से वेनेजुएला में अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। हेगसेथ इस साल वेनेजुएला का दौरा करने वाले ट्रंप प्रशासन के मंत्रिमंडल के नवीनतम सदस्य हैं। इससे पहले गृह और ऊर्जा मंत्री भी वहां जा चुके हैं। इन दौरों का मुख्य उद्देश्य वेनेजुएला के तेल भंडार और महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों तक अमेरिकी पहुंच बढ़ाना रहा है।

ट्रंप ने अगस्त में कहा था कि हेगसेथ ने अमेरिका को वेनेजुएला के कुछ तेल भंडारों का नियंत्रण दिलाने वाले व्यापक समझौते में अहम भूमिका निभाई थी।

अमेरिकी सैन्य कमांडर भी कर चुके हैं बैठक
अमेरिकी दक्षिणी कमान के प्रमुख जनरल फ्रांसिस डोनोवन भी इस साल वेनेजुएला के अंतरिम अधिकारियों से कम से कम दो बार मुलाकात कर चुके हैं। ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद अमेरिकी सेना ने पश्चिमी गोलार्ध में अपनी गतिविधियां बढ़ाई हैं। ट्रंप ने लैटिन अमेरिकी ड्रग कार्टेल के खिलाफ कार्रवाई को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है।

अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने और ड्रग ओवरडोज से होने वाली मौतों पर लगाम लगाने के लिए अमेरिकी सेना कैरेबियन सागर और पूर्वी प्रशांत महासागर में संदिग्ध तस्करी वाली नौकाओं को निशाना बना रही है।
सितंबर 2025 से शुरू हुई इन कार्रवाइयों में कम से कम 240 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से इन नौकाओं में नशीले पदार्थ होने के दावों के समर्थन में बहुत कम सबूत जारी किए हैं।

वेनेजुएला में नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता
हेगसेथ का दौरा ऐसे समय हुआ है, जब वेनेजुएला में आने वाले महीनों और वर्षों में देश का नेतृत्व कौन करेगा, इसे लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। मादुरो की गिरफ्तारी के बाद उनकी सहयोगी डेल्सी रोड्रिगेज ने अंतरिम राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभाली थी। उनका अदालत से मिली अनुमति के तहत कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो गया था, लेकिन इसके बावजूद वह देश की प्रमुख बनी हुई हैं।

विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो भी निर्वासन के बाद हाल ही में वेनेजुएला लौट आई हैं। विपक्षी कार्यकर्ताओं का दावा है कि इससे पहले उनकी वापसी की सात कोशिशें सरकार ने नाकाम कर दी थीं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि मचाडो की सुरक्षित वापसी अमेरिका के समर्थन से हुई सुलह वार्ता का नतीजा थी। उन्होंने इसे पिछले तीन दशकों में वेनेजुएला में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव तथा स्थायी लोकतंत्र की दिशा में सबसे अच्छा अवसर बताया।

तेल समझौते को लेकर ट्रंप प्रशासन का दावा
वेनेजुएला में अगले राष्ट्रपति चुनाव की तारीख घोषित नहीं होने से लोगों के बीच ट्रंप प्रशासन को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया है। मादुरो के सत्ता से हटने पर कई लोग राहत महसूस कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों का मानना है कि व्हाइट हाउस ने लोकतांत्रिक सुधारों के बजाय तेल उद्योग को फिर से शुरू करने को प्राथमिकता देकर देश में वास्तविक बदलाव की संभावनाओं को नुकसान पहुंचाया है।


ट्रंप प्रशासन का दावा है कि रोड्रिगेज सरकार के साथ हुए ऊर्जा समझौते के तहत वेनेजुएला के तेल की बिक्री से मिली 12 अरब डॉलर से अधिक की रकम, यानी करीब 99 प्रतिशत राजस्व, वापस वेनेजुएला को दिया जा चुका है। यह जानकारी इसी महीने जारी एक रिपोर्ट में दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed