एपस्टीन मामले में बड़ा समझौता: 7.25 करोड़ डॉलर का बनाया गया फंड, एक साथ कई पीड़ित महिलाओं को मिलेगा मुआवजा
दुनिया को झकझोर देने वाले जेफरी एपस्टीन यौन शोषण मामले में नया मोड़ आया है। बैंक ऑफ अमेरिका और पीड़ितों के बीच 7.25 करोड़ डॉलर का समझौता हुआ है, जिससे 60–75 महिलाओं को मुआवजा मिल सकता है। अदालत ने इसे प्रारंभिक मंजूरी दी है और साफ किया है कि हर पीड़ित तक इसकी जानकारी पहुंचनी चाहिए, ताकि कोई भी न्याय से वंचित न रहे।
विस्तार
दुनियाभर में कुख्यात वित्त कारोबारी और दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन का घिनौना मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। नए-नए खुलासों और दस्तावेजों ने दुनियाभर के कई बड़े नेताओं और अरबपतियों की नींद उड़ा दी है। इसी बीच इस मामले में बैंक ऑफ अमेरिका और पीड़ित महिलाओं के वकीलों के बीच हुए समझौते के तहत 7.25 करोड़ डॉलर (करीब 600 करोड़ रुपये) का एक फंड बनाया गया है, जिससे पीड़ित महिलाओं को मुआवजा दिया जाएगा।
अदालत के अनुसार, इस फंड का फायदा 60 से 75 महिलाओं को मिल सकता है, जिनका एपस्टीन ने 2008 के बाद यौन शोषण किया था। अमेरिकी जिला जज जेड एस. रैकॉफ ने इस समझौते को शुरुआती मंजूरी दे दी है और अंतिम सुनवाई 27 अगस्त को होगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी पीड़ितों तक इस फंड की जानकारी पहुंचनी चाहिए, ताकि कोई भी छूट न जाए।
ये भी पढ़ें:- अध्ययन: 2023 में बच्चों की कैंसर से 1.44 लाख मौतें, अकेले भारत में 17000 की गई जान; कितनी गंभीर है स्थिति?
पीड़ित महिलाओं के वकीलों का आरोप
मामले में पीड़ित महिलाओं के वकीलों का आरोप था कि बैंक ऑफ अमेरिका ने एपस्टीन के संदिग्ध लेनदेन को नजरअंदाज किया, जबकि वह 2008 से 2019 के बीच लड़कियों और महिलाओं का शोषण कर रहा था।हालांकि बैंक ने आरोपों के बाद भी अपने बयान में कहा कि वह अपने पुराने रुख पर कायम है कि उसने किसी भी तरह के अपराध में मदद नहीं की, लेकिन इस समझौते से मामला खत्म होगा और पीड़ितों को कुछ राहत मिलेगी।
ये भी पढ़ें:- US: अब धोखाधड़ी मामलों की जांच करेंगे जेडी वेंस, ट्रंप ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी; डेमोक्रेटस के लिए चिंता कैसे?
जेफरी एपस्टीन का मामला
जेफरी एपस्टीन को जुलाई 2019 में अवैध देह व्यापार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अगस्त 2019 में न्यूयॉर्क की जेल में उसकी मौत हो गई, जिसे आत्महत्या बताया गया। इसके बाद से इस मामले में लगातार नए-नए मोड़ सामने आ रहे है, जिसने दुनियाभर के कई दिग्गजों की रातों की नींद उड़ा दी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.