डब्ल्यूएचओ ने कोरोनावायरस को दिया नया नाम ‘कोविड-19’, चीन में मरने वालों की संख्या 1110 हुई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने मंगलवार को कहा कि घातक कोरोनावायरस का आधिकारिक नाम ‘कोविड-19’ होगा। इस विषाणु की पहचान पहली बार 31 दिसंबर 2019 को चीन में हुई थी। डब्ल्यूएचओ के प्रमुख तेदरोस अदहानोम गेब्रेयसेस ने जिनेवा में संवाददाताओं से कहा कि अब हमारे पास बीमारी के लिए नाम है और यह ‘कोविड-19’ है। उन्होंने नाम की व्याख्या करते हुए कहा कि ‘को’ का मतलब ‘कोरोना’, ‘वि’ का मतलब ‘वायरस’ और ‘डी’ का मतलब ‘डिसीज’ (बीमारी) है।
चीन समेत पूरे विश्व के लिए बड़ा खतरा
डब्ल्यूएचओ के प्रमुख तेदरोस अदहानोम गेब्रेयसेस ने मंगलवार को कहा था कि इस वायरस के 99 प्रतिशत मामले चीन में है, लेकिन यह पूरे विश्व के लिए एक बड़ा खतरा है। उन्होंने सभी देशों से इस संबंध में किए गए किसी भी शोध की जानकारी साझा करने की अपील भी की थी।
चीन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1110 हुई
चीन में घातक कोरोना वायरस से 97 और लोगों की जान जाने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,110 हो गई और इसके अभी तक 44,653, से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि 31 प्रांतीय स्तर के क्षेत्रों में 97 लोगों की जान चली गई और 2,015 नए मामलों की पुष्टि होने की खबरें हैं। आयोग ने बताया कि शनिवार को जिन 97 लोगों की जान गई उनमें से 94 हुबेई प्रांत के थे, जहां इस वायरस के कारण सर्वाधिक लोग मारे गए हैं। इसके अलावा हेनान, हुनान और चोंग्किंग में इससे एक-एक व्यक्ति की जान गई है।
आयोग ने बताया कि मंगलवार को इसके 3,342 नए संदिग्ध मामले भी सामने आए। उसने बताया कि मंगलवार को 871 मरीज गंभीर रूप से बीमार थे और वहीं 744 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। अभी तक कुल 4,740 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। आयोग के अनुसार, 8,204 लोगों की हालत गंभीर बनी रही और 16,067 लोगों के इससे संक्रमित होने की आशंका है।
हांगकांग में मंगलवार तक कोरोनावायरस के 49 मामले सामने आ चुके थे, जहां इससे एक व्यक्ति की जान भी जा चुकी है। मकाउ में 10 और ताइवान में इसके 18 मामले सामने आए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि यह वायरस पिछले साल हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान के उस बाजार से फैला था, जहां जंगली जानवर बेचे जाते हैं।
2020 में घरेलू वाहन उद्योग का उत्पादन गिरने का अनुमान: फिच
फिच सॉल्यूशंस ने चीन में कोरोनावायरस के फैले संक्रमण के कारण 2020 में घरेलू वाहन विनिर्माण 8.3 प्रतिशत सिकुड़ जाने काअनुमान व्यक्त किया है। चीन में इस वायरस का संक्रमण के फैलने के कारण वाहनों के कल-पुर्जे बनाने वाली कंपनियों ने उत्पादन रोक दिया है। फिच ने बुधवार को कहा कि यदि भारत में भी वायरस का संक्रमण फैला तो यहां भी इस तरह की नीतियां अपनाई जा सकती हैं।
भारत में घरेलू वाहन उद्योग पर होगा व्यापक असर
फिच ने कहा कि भारत की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा प्रणाली की स्थिति को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि भारत में वायरस का संक्रमण फैलने की रफ्तार चीन की तुलना में अधिक होगी और घरेलू वाहन उद्योग पर अधिक व्यापक असर देखने को मिलेगा। चीन भारतीय वाहन उद्योग के लिये कल-पुर्जों का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है। ऐसे में चीन में तैयार कल-पुर्जों की कमी होने से भारतीय वाहन उद्योग को उत्पादन की गति कम करने या बंद करने को बाध्य होना पड़ सकता है।