कोरोना का कहर: चीन में व्हिसल ब्लोअर डॉक्टर के साथी की मौत, ईरान और ब्रिटेन में सेना तैयार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चीन में कोरोनावायरस को लेकर सबसे पहले चेतावनी देने वाले वुहान के डॉक्टर ली वेनलियांग के साथी डॉ. मेई झोंगमिंग 57 की कोरोनावायरस से मौत हो गई। वेनलियांग को अब चीन में हीरो का दर्जा मिल चुका है। झोंगमिंग, वेनलियांग के विभाग में ही कार्यरत थे। वेनलियांग ने जब कहा था कि वुहान में सार्स के जैसा वायरस फैल रहा है तो सरकार ने बात समझने के बजाए जेल में डाल दिया था। वेनलियांग की फरवरी में मौत हो गई थी।
चीन में विदेशों से आए संक्रमण से अधिक मामले
चीन में मंगलवार को कोरोनावायरस संक्रमण के ऐसे मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है जहां संक्रमित व्यक्ति विदेशों से आए हैं। अब देश में इस तरह के मामलों को लेकर चिंता देखी जा रही है। ऐसे कुल 13 मामलों की पुष्टि हुई है जिसमें वायरस संक्रमण से प्रभावित लोग किसी और देश से चीन आए हैं। ये सभी चीनी नागरिक हैं।
सऊदी सहित आठ नए देशों में पहुंचा कोरोना
विश्वभर में अब ऐसे 73 देश हैं जहां कोरोनावायरस के मामले सामने आए हैं। सोमवार से अब तक अंडोरा, इंडोनेशिया, जॉर्डन, लातविया, पुर्तगाल, सऊदी अरब, सेनेगल और ट्यूनीशिया में यह वायरस पहुंच चुका है।
पाकिस्तान में पांच मामले
पाकिस्तान में ईरान से लौटी 45 वर्षीय महिला के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ देश में पीड़ित मामलों की संख्या पांच हो गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इससे पहले 29 फरवरी को पाकिस्तान में कोरोनावायरस के दो और मामले सामने आए थे।
जर्मनी: हाथ मिलने से बच रहे हैं लोग
एक मीटिंग में जर्मनी के आंतरिक मंत्री होर्सट सीहोफर ने चांसलर एंगिला मर्केल से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। बर्लिन स्थित चांसलेरी में माइग्रेशन समिट का विडियो सामने आया है जिसमें एंगिला जब मीटिंग से पहले मंत्री होर्सट सीहोफर के पास पहुंचकर हाथ आगे बढ़ाती हैं तो वह इनकार कर देते हैं। एंगिला भी तुरंत हाथ पीछे कर लेती हैं। वहीं, इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने श्रीलंका दौरे पर हाथ न मिलाने का फैसला किया है।
कनाडा ने ईरान से लौटे लोगों को कहा बाहर नहीं निकलें
कनाडा ने ईरान से आने वाले यात्रियों को 14 दिन के लिए खुद को घरों तक सीमित रखने को कहा है, भले ही उनमें कोई भी लक्षण नजर न आ रहे हों। अधिकारियों ने कनाडाई नागरिकों को ईरान और इटली के उत्तरी क्षेत्र की अनावश्यक यात्रा करने से बचने का परामर्श दिया है।
अमेरिका में मरने वालों का आंकड़ा छह पर पहुंचा
अमेरिका में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या सोमवार को छह हो गई। ये सभी मौत वाशिंगटन राज्य में हुई हैं। इस बीच, अमेरिकी उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने कहा कि गर्मियों तक कोरोना वायरस का इलाज उपलब्ध हो सकता है। अधिकारियों ने कहा कि अमेरिका में छह में से पांच लोगों की मौत वाशिंगटन राज्य के सबसे घनी आबादी वाले किंग काउंटी और सात लाख से अधिक की आबादी वाले सिएटल शहर में हुई हैं।
अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने अमेरिका में चीन के पांच सरकारी मीडिया संस्थानों में काम करने वाले चीनी नागरिकों की संख्या को सीमित कर दिया है। विदेश विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शिन्हुआ समाचार एजेंसी, चाइना रेडियो इंटरनेशनल, चीन ग्लोबल टेलीविजन नेटवर्क और चाइना डेली से कहा गया है कि वे अपने चीनी कर्मचारियों की संख्या 160 से घटाकर 100 करें।
ईरान ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में उतारी फौज
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामनेई ने मंगलवार को कहा कि कोरोनावायरस को फैलने से रोकने में सशस्त्र सेनाओं की मदद ली जाएगी। खामनेई ने कहा कि सेना स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ काम करेगी और इस वायरस को दूसरे लोगों में पहुंचने से रोकने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा कि इस बीमारी को रोकने में जो भी मदद है वह पुण्य है और जो इसे फैलाने का काम कर रहा है, वह पाप कर रहा है। ईरान सरकार की योजना है कि तीन लाख सैनिकों और स्वयंसेवकों को इस मुहिम में लगाया जाए।
ब्रिटेन में भी सेना तैयार
ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने कहा है कि किसी भी खराब स्थिति में, लोक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सेना, पुलिस की मदद करने के लिए तैयार है। सरकार ने वायरस को फैलने से रोकने के लिए अपनी एक खास योजना तैयार की है और इसे बैटल प्लान नाम दिया है। इस योजना में चेतावनी दी गई है कि यह हो सकता है कि देश के कर्मचारियों का कुल पांचवा हिस्सा कोरोना के चलते काम पर नहीं पहुंचे।
कोरोना संकट
- कुल मौत 3,120
- संक्रमण 91,347
- ठीक हुए 48,244
बड़े मामले
- देश मौत संक्रमण
- चीन 2945 80,152
- ईरान 66 1501
- इटली 52 2036
- द. कोरिया 28 5186
- अमेरिका 06 101