Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   chuck-schumer-demands-answers-donald-trump-nvidia-jensen-huang-chinese-spy-allegations-donation

एनवीडिया विवाद: चक शूमर ने ट्रंप को घेरा, कहा- जेन्सेन हुआंग पर कार्रवाई के बजाय लिया 234 करोड़ रुपये का चंदा

Wed, 11 Nov 2026 07:35 AM IST
देवेश त्रिपाठी एएनआई, वॉशिंगटन
एएनआई, वॉशिंगटन Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Wed, 11 Nov 2026 07:35 AM IST
सार

एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग के कथित तौर पर चीनी खुफिया एजेंसी से जुड़ी एक महिला के साथ संबंधों को लेकर अमेरिका में राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस मामले की जानकारी एक साल से अधिक समय पहले दी गई थी, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। 

विज्ञापन
chuck-schumer-demands-answers-donald-trump-nvidia-jensen-huang-chinese-spy-allegations-donation
ट्रंप को एक साल पहले जानकारी मिलने का आरोप - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग के कथित तौर पर चीनी जासूस से संबंधों को लेकर अमेरिका में राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। अमेरिकी सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर राष्ट्रीय सुरक्षा की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि ट्रंप को एक साल से अधिक समय पहले हुआंग के एक कथित चीनी जासूस के साथ संबंधों की जानकारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।
विज्ञापन


शूमर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि ट्रंप को एनवीडिया के सीईओ और कथित चीनी जासूस के संबंधों के बारे में पहले ही जानकारी दे दी गई थी। इसके बावजूद उन्होंने कोई कदम नहीं उठाया।
विज्ञापन


ट्रंप ने लिया एनवीडिया से चंदा
शूमर ने आरोप लगाया कि ट्रंप ने इसके बजाय हुआंग को बीजिंग की यात्रा पर साथ ले गए, चीन को अमेरिकी एआई चिप्स तक पहुंच देने की उनकी सलाह मानी और एनवीडिया से 25 मिलियन डॉलर का चंदा स्वीकार किया। उन्होंने व्हाइट हाउस से तत्काल जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करने में ट्रंप प्रशासन की कथित नाकामी पर तुरंत जवाब मिलना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन


जेन्सेन हुआंग के बचाव में उतरे थे ट्रंप
शूमर का यह बयान राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से जेन्सेन हुआंग का सार्वजनिक रूप से बचाव किए जाने के कुछ समय बाद आया है। ट्रंप ने हुआंग को शानदार और उच्च गुणवत्ता वाला व्यक्ति बताया था। उन्होंने एनवीडिया की ओर से विकसित ब्लैकवेल चिप की भी तारीफ की थी। हालांकि, ट्रंप ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा कोई मुद्दा नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि इस पूरे विवाद से हुआंग और उनका परिवार काफी परेशानी झेल रहा है।

एनवीडिया बोर्ड ने स्वतंत्र जांच के लिए नियुक्त की फर्म
इस बीच एनवीडिया के बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच कराने की घोषणा की है। कंपनी के मुताबिक, बोर्ड के स्वतंत्र सदस्यों ने न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के पूर्व कार्यवाहक अमेरिकी अटॉर्नी जून एच. किम और उनकी कानूनी फर्म वाचटेल, लिप्टन, रोसेन एंड काट्ज को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। कंपनी ने कहा कि यह विस्तृत और स्वतंत्र जांच होगी। बोर्ड ने इससे पहले रविवार को भी जांच की घोषणा की थी।

एआई चिप निर्यात नीति पर भी उठे सवाल
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों की समिति के डेमोक्रेटिक सदस्यों ने भी ट्रंप प्रशासन की निर्यात नीति पर सवाल उठाए हैं। रोड आइलैंड के गैब अमो, न्यूयॉर्क के ग्रेगरी डब्ल्यू. मीक्स और कैलिफोर्निया की सिडनी कमलागर-डोव ने वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक से उन्नत एआई कंप्यूटर चिप्स के निर्यात की अनुमति से जुड़े सवालों का जवाब मांगा है।

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट का हवाला देते हुए सांसदों ने कहा कि वाणिज्य विभाग ने चीन से जुड़े संस्थानों, सैन्य ठेकेदारों और प्रतिबंधित कंपनियों को उन्नत एआई हार्डवेयर भेजने की मंजूरी दी थी। सांसदों ने अपने पत्र में लिखा कि अमेरिका की एआई क्षेत्र में नेतृत्व क्षमता की रक्षा करने का दावा करते हुए उसकी सबसे उन्नत तकनीक किसी रणनीतिक प्रतिद्वंद्वी तक पहुंचने देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा कॉरपोरेट बिक्री के लक्ष्यों से ऊपर होनी चाहिए।

चीनी खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का आरोप
रिपोर्ट के मुताबिक, सिंगापुर मुख्यालय वाली डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग को चीनी खुफिया एजेंसी ने अपने साथ जोड़ा था। मेगास्पीड ने एनवीडिया के हार्डवेयर खरीदे और दक्षिण-पूर्व एशिया में डेटा सेंटर स्थापित किए। इन केंद्रों के जरिए अलीबाबा समेत मुख्यभूमि चीन की कंपनियों को सेवाएं दी जाती थीं।

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वाणिज्य विभाग ने बीजिंग से जुड़ी संस्थाओं, सैन्य ठेकेदारों और प्रतिबंधित कंपनियों को उन्नत एआई हार्डवेयर भेजने के लिए लाइसेंस मंजूर किए थे। जांच से जुड़े लोगों के हवाले से रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एलिस हुआंग चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय के लिए काम कर रही थीं। उन पर एनवीडिया की उन्नत AI तकनीक से जुड़ी जानकारी जुटाने और बीजिंग तक तकनीक पहुंचाने में मदद करने का आरोप है।

हुआंग जांच के बीच भी बने रहेंगे कंपनी के प्रमुख
एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपने संबंधों को लेकर चल रहे विवाद के बीच अपनी बेवफाई स्वीकार की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि वह जांच पूरी होने तक कंपनी का नेतृत्व करते रहेंगे।

इस मामले में अमेरिकी संसद की तीन समितियों के रिपब्लिकन सदस्यों ने भी जेन्सेन हुआंग को बंद कमरे में पूछताछ के लिए बुलाया है। जांच में कंपनी की गोपनीय तकनीक से जुड़ी जानकारी लीक होने की आशंका और एलिस हुआंग के साथ उनके संबंधों की पड़ताल की जा रही है।


अमेरिकी सरकार ने एनवीडिया के सबसे शक्तिशाली चिप्स की चीन को आपूर्ति पर रोक लगा रखी है। जेन्सेन हुआंग इस प्रतिबंध का सार्वजनिक रूप से विरोध करते रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed