World Updates: पूर्व पाकिस्तानी PM इमरान खान की पत्नी की मेडिकल जांच; सिख कलाकार जसलीन को मिलेगा टर्नर अवॉर्ड
World Updates: पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी को डॉक्टरों ने गैस्ट्रोएंटरोलॉजी रिव्यू की सलाह दी है। उधर भारतीय मूल की सिख कलाकार जसलीन कौर को ब्रिटेन के प्रतिष्ठित टर्नर पुरस्कार के लिए चुना गया है। पढ़ें दुनिया की बड़ी खबरें
विस्तार
जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी को डॉक्टरों की तीन सदस्यीय टीम ने गैस्ट्रोएंटरोलॉजी रिव्यू की सलाह दी है। एसिडिटी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) के डॉक्टरों की टीम मेडिकल जांच करने के लिए बुशरा बीबी के घर पहुंची थी। बुशरा की मेडिकल जांच उनके बानी गाला स्थित आवास पर की गई। पूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी के लिए आवास को उप-जेल में बदल दिया गया है।
जांच के बाद डॉक्टर्स ने दिए ये सुझाव
जानकारी के अनुसार, पीआईएमएस की डॉक्टर बुशरा लियाकत, डॉक्टर हीरा और डॉक्टर सिदरा की टीम सोमवार रात 11 बजे बुशरा बीबी की जांच के लिए बानी गाला पहुंची थी। इस दौरान हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सिदरा ने उन्हें अपने आहार और जीवनशैली में बदलाव करने का सुझाव दिया। उन्होंने गैस्ट्रोएंटरोलॉजी समीक्षा की भी सलाह दी। मेडिकल जांच करने के लिए टीम करीब 75 मिनट तक बानी गाला में रही।
ब्रिटेन के ग्लासगो में जन्मी 30 वर्षीय कलाकार जसलीन कौर को ब्रिटेन के प्रतिष्ठित टर्नर पुरस्कार के लिए चुना गया है। जसलीन की आर्ट स्कॉटलैंड के सिख समुदाय में पले-बढ़े उनके जीवन से प्रेरित हैं। इस पुरस्कार के लिए जसलीन के अलावा तीन और कालाकारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। जसलीन कौर ने ग्लासगो में ट्रामवे कंटेंपरेरी आर्ट ‘ऑल्टर अल्टार’ प्रदर्शनी में अपने पारिवारिक जीवन से जुड़ी कलात्मक आर्ट की श्रृंखला प्रस्तुत की। जिसके लिए जूरी ने आर्ट में पारिवारिक स्मृति की प्रशंसा की। साथ ही कौर को टर्नर पुरस्कार 2024 के लिए शॉर्टलिस्ट किया। जूरी ने लिखा, ‘सांस्कृतिक विरासत, एकजुटता और आत्मकथा की खोज करते हुए, कौर ने रोजमर्रा की वस्तओं से मूर्तियां बनाईं, जिनमें से प्रत्येक को बारीकी से एनिमेटेड किया गया है, जिससे उन्हें जीवन का एक अनोखा आभास हुआ है।’
इन तीन कलाकारों के नाम भी हुए शॉर्टलिस्ट
जानकारी के अनुसार, जसलीन को कलाकार पियो अबाद, क्लाउडेट जॉनसन और डेलैन ले बास के साथ पुरस्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। विजेता को 25 हजार जीबीपी, जबकि शॉर्टलिस्ट किए गए कलाकारों को 10 हजार जीबीपी से सम्मानित किया जाएगा। विजेता की घोषणा 3 दिसंबर को टेट ब्रिटेन में एक पुरस्कार समारोह में की जाएगी।
किंग चार्ल्स ने ब्रिटिश भारतीय चिकित्सक को किया सम्मानित
ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय ने मंगलवार को शीर्ष शाही सम्मानों के एक सेट का अनावरण किया। इसमें भारतीय मूल के ब्रिटिश चिकित्सक लॉर्ड अजय कुमार कक्कड़ और संगीतकार एंड्रयू लॉयड वेबर को उनके नए ‘नाइट कम्पेनियन ऑफ द मोस्ट नोबल ऑर्डर ऑफ द गार्टर’ के रूप में पदोन्नत किया गया। कक्कड़ थ्रोम्बोसिस रिसर्च इंस्टीट्यूट, किंग्स हेल्थ पार्टनर्स और द किंग्स फंड के अध्यक्ष हैं। द किंग्स फंड धर्मार्थ स्वास्थ्य संगठन है। साल 2022 में रानी एलिजाबेथ द्वितीय ने कक्कड़ को 'नाइट कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑप द ब्रिटिश एम्पायर' नियुक्त किया था।
दक्षिण फिलीपीन में एक हिंसक झड़प में सैनिकों ने मुस्लिम विद्रोही गुट के कमांडर और उसके 11 सदस्यों को मार गिराया। गुट पर पहले भी बम धमाके व उगाही करने के आरोप हैं। मागुइंदानाओ डेल सुर प्रांत के एक अंदरूनी इलाके में ‘बंगसामोरो इस्लामिक फ्रीडम फाइटर्स’ के संदिग्ध सदस्यों के साथ एक घंटे की झड़प में सात सैनिक भी घायल हुए हैं। ब्रिगेडियर जनरल जोस व्लादिमीर कगारा ने बताया, विद्रोही गुट का एक प्रमुख कमांडर, उसका भाई और 10 अन्य संदिग्ध विद्रोही मुठभेड़ में मारे गए।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने भारत की गीता सभरवाल को इंडोनेशिया में संयुक्त राष्ट्र का रेजिडेंट समन्वयक नियुक्त किया है। सभरवाल ने अपना पद संभाल लिया है। सभरवाल के पास सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की दिशा में तेजी से काम करने के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए जलवायु परिवर्तन, शांति, शासन एवं सामाजिक नीति के क्षेत्र में काम करने का 30 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने श्रीलंका में भी काम किया है।
ईंधन ले जा रहा विमान अलास्का में जमी हुई नदी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ईंधन ले जा रहा डगलस सी-54 विमान मंगलवार को अलास्का में उड़ान भरने के बाद एक जमी हुई नदी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। संघीय उड्डयन प्रशासन के मुताबिक, विमान में दो लोग सवार थे। एफएए घटना की जांच कर रहा है।
यूक्रेन में भारतीय राजदूत हरीश जैन ने मंगलवार को यूक्रेन के नव नियुक्त उप विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा के साथ बैठक की। जैन ने विदेश कार्यालय में उनकी नियुक्ति पर बधाई दी। इस दौरान, दोनों नेताओं ने भारत-यूक्रेन के द्विपक्षीय संबंधों पर बात की। दूतावास ने एक्स पर पोस्ट करते हुए मुलाकात और बैठक की जानकारी दी।
इंग्लिश चैनल को पार करने समय पांच लोगों की मौत
इंग्लिश चैनल पार करते समय एक छोटी नाव डूब गई। हादसे में पांच लोगों की मौत गई। नाव खचाखच लोगों से भरी हुई थी। हादसा ब्रिटेन सरकार के उस फैसले के बाद हुआ, जिसमें उन्होंने शरण चाहने वालों को रवांडा निर्वासित करने के विधेयक को मंजूरी दी। मानवाधिकार समूहों ने इस कानून को अमानवीय और क्रूर बताया है। बता दें, इस समुद्री चैनल से कई देशों से शरणार्थी यूरोप में आते रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 112 लोगों को ले जा रही नाव कैलाइस के फ्रांसीसी बंदरगाह से लगभग 32 किमी दक्षिण-पश्चिम में विमेरेक्स से निकली थी। बचावकर्मियों ने 49 लोगों को बचा लिया। चार लोगों को अस्पताल भेजा गया है। बाकी लोग नाव पर ही रहे और वे ब्रिटेन की ओर निकल गए।
ब्रिटेन यूक्रेन को देगा 62 करोड़ डॉलर की सैन्य सहायता
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने मंगलवार को यूक्रेन को 62 करोड़ डॉलर की नई सैन्य सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने यह घोषणा वारसॉ यात्रा के दौरान की। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ब्रिटेन अपने रक्षा बजट में 2.5 फीसदी का इजाफा भी करेगा। यूक्रेन पूर्वी सीमा पर रूसी सेनाओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए संघर्ष कर रहा है। ब्रिटेन सरकार ने कहा कि सैन्य सहायता में 400 वाहन, 60 पोत, 1600 युद्ध सामग्री और 4 लाख राउंड गोला-बारूद के साथ ही ब्रिटिश स्टॉर्म शैडो लंबी दूरी की मिसाइलें भी शामिल होंगी। इन मिसाइलों की रेंज लगभग 241 किलोमीटर है और रूसी लक्ष्यों को मारने में प्रभावी होंगी। हालांकि, सैन्य सहायता कब मुहैया कराई जाएगी इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।