ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन का ब्रेक्जिट बिल अधर में लटका, सांसदों ने टाइमलाइन को किया खारिज
- सांसदों ने पहले ब्रेक्जिट बिल का समर्थन किया लेकिन फिर उसकी समीक्षा के लिए दिए गए कम समय पर उन्होंने विरोध में वोट किया
- ब्रेक्जिट प्लान को नकारने पर ब्रिटेन के पीएम ने मध्यावधि चुनाव कराने की धमकी दी
- समीक्षा के लिए दिए गए कम वक्त पर इस बिल को सांसदों ने 308 के मुक़ाबले 322 वोटों से नकार दिया
विस्तार
ब्रिटेन के सांसदों ने प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया जिसमें ब्रेक्जिट बिल की तीन दिन के भीतर समीक्षा करने की बात कही गई थी। हाउस ऑफ कॉमंस में सांसदों ने पहले ब्रेक्जिट बिल का समर्थन किया लेकिन फिर उसकी समीक्षा के लिए दिए गए कम समय पर उन्होंने विरोध में वोट किया।
इसके पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने चेतावनी दी थी कि अगर सांसद ब्रेक्जिट प्लान को नकार देते हैं और यूरोपीय संघ ब्रेक्जिट के लिए तय 31 अक्तूबर की डेडलाइन आगे बढ़ा देता है तो वे दोबारा चुनाव करवा सकते हैं।
मंगलवार को सांसदों ने पहले चरण की वोटिंग में ब्रेक्जिट बिल का समर्थन किया। इसके पक्ष में 329 और विरोध में 299 वोट पड़े लेकिन इसके कुछ देर बाद दूसरे चरण में उन्होंने इसकी समीक्षा के लिए दिए गए कम वक्त पर इस बिल को सांसदों ने 308 के मुक़ाबले 322 वोटों से नकार दिया।
वोटिंग के बाद बोरिस जॉनसन ने कहा कि जब तक यूरोपीय संघ अपने इरादे स्पष्ट नहीं कर देता तब तक के लिए वो इस बिल को रोक रहे हैं। वहीं यूरोपीयन आयोग के एक प्रवक्ता ने कहा, ''आयोग ने आज रात को हुई वोटिंग के नतीजों को देखा है और वो उम्मीद करते हैं कि ब्रिटेन की सरकार अपने अगले कदम के बारे में उन्हें बताएगी।''
बोरिस जॉनसन हुए निराश
बोरिस जॉनसन ने कहा कि वो 'बेहद निराश' हैं क्योंकि सांसदों ने इस डील को और पीछे खिसकाने के लिए वोट दिया है। उन्होंने कहा कि आज के नतीजों से ब्रिटेन में अस्थिरता बढ़ेगी।
साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि उनकी नीति अभी भी यही है कि इस महीने के अंत तक ब्रेक्जिट हो जाए। बोरिस जॉनसन ने कहा, या तो इस तरह से किसी दूसरे तरीके से, हमें इस समझौते के साथ यूरोपीय संघ को छोड़ना होगा, जिस पर हाउस ने अपनी सहमति भी जताई है।
लेबर पार्टी के नेता जेरेमी कोर्बिन ने कहा कि जॉनसन ने अपना दुर्भाग्य खुद ही लिखा है। हालांकि उन्होंने यह प्रस्ताव भी रखा कि अगर संसद में ब्रेक्जिट की समीक्षा के लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा तो वो इस पर चर्चा के लिए तैयार हैं।
बोरिस जॉनसन की पिछले हफ्ते यूरोपीय संघ के नेताओं के साथ नए प्लान पर सहमती बन गई थी, लेकिन साथ ही वो लगातार यह बात दोहराते रहे कि चाहे डील हो या ना हो वो अक्तूबरअंत तक यूरोपीय संघ से अलग हो जाएंगे।
जो बिल बोरिस जॉनसन के प्लान को क़ानून की शक्ल देगा उसे 'विड्रॉल एग्रीमेंट बिल' कहा जा रहा है, यह सोमवार शाम को प्रकाशित हुआ। बोरिस जॉनसन ने इस बिल को हाउस ऑफ कॉमंस के सामने पेश किया और उन्हें ब्रेक्जिटकी डेडलाइन से पहले तीन दिन के भीतर इसकी समीक्षा करने के लिए कहा।
प्रधानमंत्री ने संसद में कहा कि अगर संसद सबकुछ जनवरी तक या उसके आगे तक के लिए बढ़ा देगी तो वो आम चुनाव करवा देंगे। हाउस ऑफ कॉमंस के स्पीकर जॉन बरकॉ ने कहा कि बिल अब अधर में लटक गया है।