फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Big News: Pakistani diplomats getting infamous for harassment of women, read the news of country and world

Big News : महिला उत्पीड़न के लिए बदनाम हो रहे पाकिस्तानी राजनयिक, पढ़ें देश-दुनिया की खबरें

Thu, 08 Sep 2022 05:42 AM IST
योगेश साहू एजेंसी, इस्लामाबाद।
एजेंसी, इस्लामाबाद। Published by: योगेश साहू Updated Thu, 08 Sep 2022 05:42 AM IST
विज्ञापन
Big News: Pakistani diplomats getting infamous for harassment of women, read the news of country and world
ऑस्ट्रेलिया में महिला सांसद यौन उत्पीड़न का शिकार - फोटो : सोशल मीडिया

पाकिस्तानी राजनयिक महिला उत्पीड़न के लिए बदनाम हो रहे हैं। स्पेन के पाकिस्तानी वाणिज्य दूतावास के कौंसल जनरल मिर्जा सलमान बेग को स्थानीय कर्मचारी के तीन माह से यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद हटा दिया गया है। पुलिस ने वाणिज्य दूतावास से जवाब मांगा है। महिला ने स्थानीय कोर्ट में सोशल मीडिया पर अश्लील मेसेज भेजने और एक होटल में शोषण की कोशिश के आरोप लगाए थे।

विज्ञापन


मैड्रिड में तैनात पाकिस्तानी राजदूत शुजात राठौर ने मामला इस्लामाबाद में विदेश विभाग भेजा। इसी वर्ष मई में उत्पीड़न के खिलाफ सुरक्षा के पाकिस्तानी अधिकारी ने इटली के पूर्व राजदूत नदीम अली को वाणिज्य मंत्रालय की अधिकारी सायरा इमदाद अली की शिकायत पर हटा दिया था। इसी तरह, 2020 में यूक्रेन के कीव में तैनात प्रथम सचिव वकार अहमद को स्थानीय कर्मचारी की शिकायत पर हटाया गया था।
विज्ञापन


जापान की सेना ने यौन शोषण की शिकायतों की जांच शुरू की
जापान के रक्षा मंत्री ने कहा है कि उन्होंने एक पूर्व सैनिक द्वारा यौन शोषण का आरोप लगाए जाने के बाद इस तरह की घटनाओं की मंत्रालय के स्तर पर विशेष जांच के आदेश दिए हैं। एक महिला सैनिक रीना गोनोई ने अपने पुरुष सहकर्मियों पर आरोप लगाया था कि उन्होंने पिछले साल रीना का यौन शोषण किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


महिला ने अगस्त में अनुरोध किया था कि इस मामले की पुन: छानबीन की जाए। इसके बाद रक्षा मंत्री यासुकाजु हमादा ने आदेश जारी किया है। मंत्री ने कहा, उत्पीड़न मौलिक मानवाधिकारों के खिलाफ है। इससे सैनिकों का मनोबल गिरता है और यह बिलकुल भी नहीं होना चाहिए।

विदेशी चंदे पर नजर : सेंटर फॉर पॉलिसी रिसर्च और ऑक्सफैम इंडिया पर भी कार्रवाई
आयकर विभाग ने दिल्ली में थिंक टैंक सेंटर फॉर पॉलिसी रिसर्च (सीपीआर), वैश्विक एनजीओ ऑक्सफैम इंडिया पर भी छापा मारा। बंगलूरू स्थित गैर सरकारी संगठन इंडिपेंडेंट एंड पब्लिक स्पिरिटेड मीडिया फाउंडेशन के यहां तलाशी ली। सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई कर चोरी व विदेश चंदा अधिनियम उल्लंघन के मामले में की गई। आयकर टीम बुधवार सुबह मध्य दिल्ली स्थित सीपीआर के दफ्तर पहुंची और बैलेंस शीट की जांच की।

दस्तावेज भी देखे गए। खास नजर विदेशी चंदे पर थी। सूत्रों ने बताया, यह छापा गैर-मान्यता प्राप्त दलों के चंदे में फर्जीवाड़े और कर चोरी से जुड़ा नहीं है। फंडिंग के बारे में सीपीआर वेबसाइट पर दावा है कि उसे सरकार ने गैर-लाभकारी सोसाइटी के रूप में मान्यता दी है और उसका चंदा करमुक्त है। सीपीआर भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद से अनुदान लेता है। इसे विज्ञान व प्रौद्योगिकी विभाग से मान्यता भी हासिल है।

कोयला घोटाले में 3 को तीन वर्ष की जेल
दिल्ली की एक अदालत ने 2009 के कोयला घोटाला मामले में हिमाचल ईएमटीए पावर लि. के दो निदेशकों और वरिष्ठ अधिकारी को तीन साल जेल की सजा सुनाई। विशेष जज संजय बंसल ने बुधवार को कंपनी के निदेशकों उज्जल कुमार उपाध्याय, बिकाश मुखर्जी और सीजीएम (पावर) एनसी चक्रबर्ती को कोल ब्लॉक का अधिग्रहण करने के लिए तथ्यों को गलत तरीके से पेश कर केंद्र सरकार को धोखा देने की आपराधिक साजिश का दोषी करार दिया। अदालत ने तीनों पर दो-दो लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। हिमाचल ईएमटीए पर भी 20 लाख जुर्माना लगाया है।

ढहाए गए मदरसों में अलकायदा के चल रहे थे कार्यालय : हिमंता
असम में मदरसों के गिराए जाने को लेकर उठ रहे सवालों पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने कहा कि जिन मदरसों को गिराया गया है, उनमें अलकायदा के कार्यालय चल रहे थे। वहां बच्चों का भविष्य नहीं बनाया जा रहा था। वहां आतंकी संगठनों से जुड़े कुछ लोग शिक्षक बनकर बच्चों को भटकाने में लगे थे। सरकार ने तीन मदरसों को गिराया है जबकि मंगलवार को एक मदरसे को स्थानीय लोगों ने गिराया। अब लोग खुद ऐसे मदरसों को गिरा रहे हैं।

टीवी बंद करने पर गुस्साई बहू ने काटी सास की तीन अंगुलियां
तेज आवाज में टीवी देख रही बहू का टीवी बंद करना सास को भारी पड़ गया। गुस्साई बहू ने सास की तीन अंगुलियां काट लीं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वृषाली कुलकर्णी भजन गा रही थीं, जबकि बहू विजया तेज आवाज में टीवी देख रही थी तभी वृषाली ने टीवी बंद कर दिया। इससे गुस्साई विजया ने सास की तीन अंगुलियां काट लीं।

बांग्लादेश सीमा पर तैनात जवान ने खुद को गोली मारकर जान दी
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश की सीमा पर तैनात बीएसएफ जवान ने मंगलवार को कथित रूप से खुद को गोली मार कर खुदकुशी कर ली। मृतक जवान का नाम संजय पटेल बताया गया है। वह गुजरात का रहने वाला था।

अवैध स्टूडियो के निर्माण पर जांच के घेरे में आदित्य ठाकरे
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे अवैध स्टूडियो के निर्माण को लेकर जांच के घेरे में हैं। बीएमसी ने मामले की जांच कर चार हफ्ते में रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। इससे आदित्य व कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री असलम शेख की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। यह जांच भाजपा नेता किरीट सोमैया की शिकायत पर हो रही है, जिसमें उन्होंने अवैध स्टूडियो मामले में 1,000 करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया है।

यूट्यूबर बॉबी कटारिया के खिलाफ कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट
दिल्ली की एक अदालत ने यूट्यूबर बॉबी कटारिया के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। पिछले महीने स्पाइस जेट की उड़ान के दौरान सिगरेट पीते देखे जाने के बाद से पुलिस को उसकी तलाश है। पुलिस उपायुक्त एयरपोर्ट तनु शर्मा ने कहा, मामला दर्ज होने के बाद से बॉबी फरार है। हमारी टीमों ने हाल में उसके ठिकाने पर छापा मारा था, लेकिन वह नहीं मिला। उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर पहले ही जारी है।

राष्ट्रव्यापी टीबी मुक्त भारत अभियान की शुरुआत कल से
अगले तीन वर्षों में देश को टीबी संक्रमण से मुक्ति दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने राष्ट्रव्यापी अभियान चलाने का फैसला लिया है। इसके तहत नौ सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान शुरू करेंगी। इस बीच टीबी रोगियों के लिए भारत सरकार के निक्षय पोर्टल 2.0 को भी शुरू किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि साल 2025 तक देश से टीबी उन्मूलन के मिशन को फिर से जीवंत करने के लिए अभियान शुरू किया जा रहा है।

कंज्यूमर हेल्पलाइन पर 48% शिकायतें ई कॉमर्स कंपनियों की
नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन में जनवरी से अगस्त तक आईं कुल शिकायतों में से 48 फीसदी ई कॉमर्स कंपनियों से जुड़ी थीं। 2019 में यह आंकड़ा महज 8 फीसदी था। उपभोक्ता मामलों के सचिव रोहित कुमार सिंह ने कहा, ई कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज हो रही हैं। यह दर्शाता है कि ई कॉमर्स कंपनियां उपभोक्ताओं के साथ सही बर्ताव नहीं कर रही हैं। 

सिंह ने कहा, ई कॉमर्स कंपनियों के साथ कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं और बार बार उन्हें ठोस शिकायत निवारण प्रणाली विकसित करने को कहा गया है। फ्लिपकार्ट या अमेजन जैसे दिग्गज समेत सभी ई कॉमर्स कंपनियों में गड़बड़ी है। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) की मुख्य आयुक्त निधि खरे ने कहा, ई-कॉमर्स क्षेत्र ने 2019 में कुल शिकायतों में 8 फीसदी का योगदान किया था। 

तीन साल में इसमें छह गुना बढ़ोतरी हुई है। खरे उपभोक्ता मामले में अतिरिक्त सचिव भी हैं।  सिंह ने बताया कि लेनेवो समेत 650 से अधिक कंपनियां कंज्यूमर हेल्पलाइन से जुड़ी हैं और उपभोक्ताओं की शिकायत के निवारण में मदद कर रही हैं।

दिल्ली जैसे शहरों में बफर स्टॉक से प्याज बेचेगी सरकार
कीमतें थामने के लिए केंद्र सरकार दिल्ली और गुवाहाटी जैसे कुछ शहरों में अपने बफर स्टॉक से करीब 50,000 टन प्याज बेचेगी। इन शहरों में प्याज के दाम अखिल भारतीय औसत दरों से थोड़े अधिक हैं। कीमतों को स्थिर बनाए रखने के लिए केंद्र ने अपने बफर स्टॉक में 2.5 लाख टन प्याज रखा है।

केंद्र करीब 18 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव प्याज बेच रहा है, जबकि मंगलवार को पूरे देश में इसकी औसत कीमत 26 रुपये प्रति किलोग्राम थी। सूत्रों के मुताबिक, उपभोक्ता मामलों के विभाग ने राज्यों को पत्र लिखकर कहा है कि वे जरूरत पड़ने पर प्याज का ऑर्डर दे सकते हैं।

विभाग यह तरीका भी ढूंढ रहा है कि रेडिएशन (विकिरण) प्रक्रिया की मदद से कैसे प्याज अधिक समय तक खराब न हो। दरअसल, खराब होने वाली प्रकृति और रबी एवं खरीफ फसलों के बीच अंतर की वजह से प्याज के दाम सितंबर से दिसंबर के बीच बढ़ जाते हैं। 2020-21 के दौरान देश में 266.41 लाख टन प्याज का उत्पादन हुआ था, जबकि खपत 160.50 लाख टन रही थी।

आईआईटी-हैदराबाद के छात्र ने लॉज से कूदकर दे दी जान
आईआईटी-हैदराबाद के 23 वर्षीय एक छात्र ने बुधवार को संस्थान के पास एक लॉज से कूदकर जान दे दी। वह इसी लॉज में रह रहा था। उसने हाल ही में संस्थान से बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी। पुलिस के मुताबिक, रात को वह छत पर गया जहां वह अस्थायी रूप से रह रहा था।  बुधवार सुबह यहां से कूदकर आत्महत्या कर ली। वह राजस्थान का रहने वाला था।

फिलहाल यह नहीं पता चल पाया है कि उसने यह कदम क्यों उठाया। लॉज स्टाफ द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर धारा 174 सीआरपीसी (संदिग्ध मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि हाल ही में संस्थान के एमटेक द्वितीय वर्ष के छात्र की आत्महत्या का मामला भी सामने आया था।

कच्चे तेल के दाम घटकर 7 माह के निचले स्तर पर
वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बुधवार को एक डॉलर से अधिक घटकर सात महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई। चीन में लॉकडाउन, दुनियाभर में ब्याज दरें बढ़ने से वैश्विक मंदी की आशंका और मांग घटने से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड की कीमतें 1.08 डॉलर घटकर 91.75 डॉलर प्रति बैरल पर आ गईं। 

यह इस साल 18 फरवरी के 91.20 डॉलर प्रति बैरल के बाद का निचला स्तर है। वहीं, अमेरिकी बेंचमार्क तेल डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.20 डॉलर सस्ता होकर 85.68 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जो 26 जनवरी के बाद का निचला स्तर है। इससे पहले ओपेक और इससे जुड़े देशों के उत्पादन में अक्तूबर में एक लाख बैरल प्रतिदिन कटौती के फैसले के बाद सोमवार को कच्चे तेलों की कीमतों में तेजी आई थी।

विदेशी मुद्रा कारोबार की 34 अनधिकृत इकाइयों की अलर्ट सूची जारी
आरबीआई ने बुधवार को विदेशी मुद्रा कारोबार में शामिल 34 गैर-अधिकृत इकाइयों की अलर्ट सूची जारी की। इन संस्थाओं में ऑक्टाएफएक्स, अल्पारी, हॉटफॉरेक्स और ओलंपिक ट्रेड शामिल हैं। संस्थाएं विदेशी मुद्रा कारोबार के लिए अधिकृत नहीं होने के बावजूद देश में इलेक्ट्रॉनिक व्यापार मंच (ईटीपी) का संचालन कर रही हैं। निवासी व्यक्ति सिर्फ फेमा की शर्तों के तहत वैध उद्देश्यों के लिए विदेशी मुद्रा का लेनदेन कर सकते हैं।

यूएनएससी के दृष्टिकोण का पुनर्मूल्यांकन जरूरी : कांबोज
शांति अभियानों के दौरान बढ़ती चुनौतियों का जिक्र करते हुए भारत ने विवादित स्थानों पर बढ़ती हिंसा के मद्देनजर सुरक्षा परिषद के दृष्टिकोण के पुनर्मूल्यांकन पर बल दिया। इससे शांति और अन्य अभियानों के दौरान चुनौतियों से निपटा जा सकेगा। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में शांति अभियानों पर संबोधन के दौरान भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कांबोज ने कहा, विवादित स्थानों पर राजनीतिक प्रक्रिया पर कम फोकस है। शांति अभियानों में भारत सबसे  आगे रहता है। वर्तमान में चल रहे 12 शांति अभियानों में से नौ में भारत के 5700 शांति सैनिक तैनात हैं।

चीन में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 74 हुई
पश्चिमी चीन में इस सप्ताह आए विनाशकारी भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 74 हो गई, वहीं 26 लोग अब भी लापता हैं। क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन लागू है और लोगों को भूकंप के झटके महसूस होने के बावजूद घरों से बाहर निकलने की आजादी नहीं है जिससे उनमें काफी रोष है। सोमवार को सिचुआन प्रांत की लुडिंग काउंटी में आए भूकंप से राजधानी चेंगदू में भी काफी नुकसान हुआ है।

ग्लोबल टाइम्स के अनुसार, हेलुओगोउ ग्लेशियर पार्क से कुल 216 पर्यटकों को निकाला गया है। स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है। पार्क की ओर जाने वाली एकमात्र सड़क पर बुधवार शाम यातायात शुरू कर दिया गया। यह सड़क गुफा जैसी है, जिसके कारण आपात स्थिति में यहां पर्यटक काफी समय के लिए फंस जाते हैं।

दुनियाभर में 50 वर्ष से कम उम्र के कैंसर रोगी बढ़े : अध्ययन
दुनिया में 50 वर्ष से कम उम्र के वयस्कों में कैंसर के मामले तेजी से बढ़े हैं। साल 1990 से अब तक के आंकड़ों के विश्लेषण आधार पर शोधकर्ताओं ने बताया, इनमें ब्रेस्ट, कोलोन, एसोफैगस, किडनी, लीवर और पैनक्रियाज के कैंसर शामिल हैं। नेचर रिव्यू क्लिनिकल ऑन्कोलॉजी जर्नल के अध्ययन के मुताबिक, शराब का सेवन, नींद की कमी, धूम्रपान, मोटापा और अत्यधिक प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ का सेवन इसके प्रमुख कारण हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed