फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Belarus March for Freedom against President Alexander Lukashenko, here is all you need to know

'आजाद' बेलारूस में छिड़ी 'आजादी' की जंग, सड़कों पर लोग, समझिए पूरा मामला

Thu, 20 Aug 2020 05:57 PM IST
गौरव पाण्डेय वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, मिंस्क
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, मिंस्क Published by: गौरव पाण्डेय Updated Thu, 20 Aug 2020 05:57 PM IST
सार

बेलारूस में हाल ही में हुए चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए देश की सड़कों पर जबरदस्त प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी राजधानी मिंस्क में 'मार्च फॉर फ्रीडम' यानी आजादी के लिए जुलूस निकाल रहे हैं। इनका आरोप है कि राष्ट्रपति लुकाशेंको ने चुनाव जीतने के लिए धोखेबाजी की है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बीते रविवार को राष्ट्रपति से इस्तीफे की मांग करते हुए करीब दो लाख लोग सड़कों पर उतर आए थे। पूरी दुनिया जहां कोरोना वायरस से जंग लड़ रही है वहीं बेलारूस अपना नेता चुनने के मूल अधिकार के लिए लड़ रहा है।

विज्ञापन
Belarus March for Freedom against President Alexander Lukashenko, here is all you need to know
बेलारूस में सड़कों पर जमा प्रदर्शनकारी - फोटो : पीटीआई

विस्तार

पूर्वी यूरोप का एक छोटा सा देश इस समय अलग किस्म की आजादी की जंग लड़ रहा है। हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर रहे हैं और चुनाव में धोखाधड़ी का विरोध कर रहे हैं। यह विरोध आजादी के बाद से ही सत्ता में जमे राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको की महत्वाकांक्षा के खिलाफ है। बेलारूस में नौ अगस्त को चुनाव संपन्न हुए थे और लुकाशेंको ने लगातार छठी बार जीत दर्ज की है। 

विज्ञापन


बेलारूस के राजनीतिक इतिहास की बात करें तो चुनावों में अभी तक कोई भी प्रत्याशी लुकाशेंको को चुनौती नहीं दे पाया था। लेकिन, इस बार एक शिक्षिका स्वेतलाना तिखानोव्स्काया ने चुनाव प्रचार के दौरान लुकाशेंको को कड़ी टक्कर दी थी। दोनों नेताओं की चुनावी रैलियों को देखा जाए तो एक तरीके से स्वेतलाना की जीत निश्चित मानी जा रही थी। लेकिन परिणाम कुछ और ही रहे। 

विज्ञापन

स्वेतलाना की रैलियों में जुटी थी भारी भीड़, वोट मिले 10 फीसदी

देश के केंद्रीय चुनाव आयोग के अनुसार इस साल हुए चुनाव में लुकाशेंको को जहां 80.1 फीसदी मत मिले वहीं स्वेतलाना को मजह 10.12 फीसदी मत मिले। स्वेतलाना ने मतगणना में धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कहा है कि जिन इलाकों में मतगणना सही तरीके से हुई है वहां उन्होंने 60 से 70 फीसदी तक मत हासिल किए हैं। देश के वर्तमान हालात देखें तो जनता भी यही कह रही है। 

चुनाव परिणाम आने के बाद स्वेतलाना ने कहा था कि उन्हें आंकड़ों पर विश्वास नहीं हो रहा है। बता दें कि उम्मीदवारी तय होने के कुछ दिनों में ही उनकी रैलियों में भारी भीड़ जमा होने लगी थी। 30 जुलाई को मिंस्क में एक आयोजन में करीब 63 हजार लोग शामिल हुए थे। उन छोटे कस्बों में भी उन्हें समर्थन मिला था, जहां अभी तक कोई विपक्षी उम्मीदवार कदम तक नहीं जमा पाया था। 
 

1991 में आजाद हुआ था बेलारूस, तब से लुकाशेंको ही राष्ट्रपति

बेलारूस पहले सोवियत संघ का हिस्सा हुआ करता था। 25 अगस्त 1991 को यह सोवियत संघ से अलग हुआ और स्वतंत्र देश बना। साल 1994 में यहां का अलग संविधान बना। इसके तहत देश में राष्ट्रपति शासन की व्यवस्था तय की गई। जून 1994 में बेलारूस में पहला राष्ट्रपति चुनाव हुआ, जिसमें लुकाशेंको ने जीत हासिल की। तब से लेकर अब तक वही राष्ट्रपति की कुर्सी पर बैठे हैं। 

ऐसी स्थितियों में जब चुनाव प्रचार के दौरान किसी प्रत्याशी को अभूतपूर्व समर्थन मिले और मतगणना में महज 10 फीसदी वोट मिलें तो शंका अनायास ही उत्पन्न हो जाती है। दो बच्चों की मां स्वेतलाना (37) को उनके चुनाव लड़ने का फैसला लेने के बाद से ही धमकियां मिलने का दौर भी शुरू हो गया था। इसके चलते उन्हें अपने बच्चों को दादी के साथ देश के बाहर भेजना पड़ा था।

विज्ञापन

वोदका शॉट को लुकाशेंको ने बता दिया था कोरोना का इलाज

लुकाशेंको के खिलाफ जनता में आक्रोश एकाएक नहीं पनपा है। जब पूरे यूरोप में कोरोना वायरस की वजह से संकट का माहौल था तब उन्होंने इसे महज एक मनोविकृति करार दिया था। उन्होंने वोदका का एक शॉट और ट्रैक्टर की सवारी को कोरोना समेत सभी बीमारियों का इलाज बता दिया था। आधिकारिक स्तर पर वहां कोरोना से बचने के कोई कदम ही नहीं उठाए गए। 

जब बेलारूस के लोगों ने देखा कि पड़ोसी देश प्रतिबंध लागू कर रहे हैं और अपनी सीमाओं को भी बंद कर रहे हैं तो उन्होंने खुद संकट को समझा और नियमों का पालन करने का फैसला किया। उन्होंने मास्क पहनना, बच्चों को स्कूल न भेजने का फैसला और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे नियमों का पालन स्वयं ही करना शुरू किया था। इससे लोगों में राजनीतिक जागरूकता उत्पन्न हुई।

मीडिया भी आया मैदान में, 300 पत्रकार दे चुके हैं इस्तीफा

राष्ट्रपति लुकाशेंको के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों में बेलारूल का मीडिया भी शामिल हो गया है। बीते सोमवार को बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी हड़ताल पर रहे थे। मीडियाकर्मी नए सिरे से चुनाव और टेलीविजन सेंसरशिप हटाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती हैं तब तक वह काम पर नहीं लौटेंगे। कुछ पत्रकारों ने चुनाव से पहले भी इस्तीफा दिया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सरकार को समर्थन देने वाले राष्ट्रीय चैनल बेलारूस वन के करीब 300 कर्मी इस्तीफा दे चुके हैं। उनका कहना है कि वह सरकार की प्रचार के लिए मशीनरी बनकर काम नहीं कर सकते हैं। पत्रकारों का कहना गै कि अगर वह ईमानदारी से पत्रकारिता नहीं कर सकते हैं तो वह काम ही नहीं करेंगे। बेलारूस में करीब-करीब पूरा मीडिया सरकार के नियंत्रण में है।

पीछे हटने को तैयार नहीं लुकाशेंको, दोबारा चुनाव से इनकार

दोबारा चुनाव को लेकर लुकाशेंको ने अपना रुख साफ कर दिया है कि वह किसी कीमत पर ऐसा नहीं होने देंगे। लुकाशेंको ने प्रदर्शनकारियों से कह दिया है कि देश में दोबारा चुनाव तब तक नहीं होंगे जब कर मुझे गोली नहीं मार दी जाएगी। उनका कहना है कि इन प्रदर्शनों से देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो रही है और अगर वह पद छोड़ते हैं तो स्थिति बहुत खराब हो जाएगी।

सोमवार को समर्थन जुटाने के लिए लुकाशेंको ने एक कारखाने का दौरा किया था लेकिन वहां भी उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा था। रिपोर्ट्स के अनुसार कर्मचारियों ने वापस जाओ के नारे लगाते हुए उनके साथ धक्का-मुक्की भी की। इस पर लुकाशेंको ने कहा कि जो हड़ताल पर जाना चाहे वह जा सकता है, मैं कभी दबाव में नहीं आऊंगा, सरकार नहीं गिरेगी। 

लुकाशेंको ने कहा था, महिलाओं के लिए नहीं है हमारा संविधान 

राष्ट्रपति लुकाशेंको का विवादित बयान देने में भी कोई जवाब नहीं है। स्वेतलाना अपने नामांकन के लिए समर्थन एकत्र कर रही थीं, लुकाशेंको ने एक भाषण में कहा था कि उन्हें पूरा भरोसा है बेलारूस का अगला राष्ट्रपति एक पुरुष ही होगा। उन्होंने कहा था, 'हमारा संविधान महिलाओं के लिए नहीं है। हमारा समाज इतना परिपक्व नहीं है कि महिलाओं को वोट दे।'

लुकाशेंको के समर्थन में रूस, प्रदर्शनकारियों के साथ है जर्मनी

बेलारूस के पड़ोसी देश रूस ने यहां चल रहे संकट को लेकर कहा है कि दुनिया के दूसरे देशों को बेलारूस संकट से दूर रहना चाहिए। लुकाशेंको को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का करीबी माना जाता है। इसीलिए पुतिन चाहते हैं कि अन्य देश इस विवाद से दूर रहें।  रूस ने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो वह लुकाशेंको को सैन्य मदद भी उपलब्ध कराएगा। 

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार जर्मनी ने कहा है कि वह बेलारूस पर यूरोपीय यूनियन के प्रतिबंधों के विस्तार के समर्थन में हैं। यूरोपीय यूनियन के नेताओंने शुक्रवार को बेलारूस पर नए प्रतिबंधों की एक सूची बनाने पर सहमति जताई थी। बता दें कि यूरोपीय यूनियन की रोटेटिंग प्रेसीडेंसी अभी जर्मनी के पास है। जर्मनी ने प्रदर्शनों को बदलाव लाने वाला बताया है। 

जर्मनी ने प्रदर्शनों को प्रभावशाली और बदलाव लाने वाला बताया 

जर्मनी की सरकार के प्रवक्ता स्टीफेन सीबर्ट ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को और प्रदर्शनों को प्रभावशाली और बदलाव लाने वाला कहा है। उन्होंने हिंसा को तुरंत खत्म करने की और राजनीतिक कैदियों को रिहा करने की मांग की है। सीबर्ट ने कहा है कि यूरोप प्रदर्शनकारियों के साथ खड़ा है। संकट कम करने के लिए उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की बातचीत का सुझाव दिया है। 

सीबर्ट ने कहा, ऑर्गेनाइजेशन फॉर सिक्योरिटी एंड कोऑपरेशन इन यूरोप (ओएससीई) चुनाव की समीक्षा करने में अहम भूमिका निभा सकता है। ओएससीई ने साल 2001 में एक निरीक्षक को बेलारूस भेजा था, लेकिन चुनाव की निगरानी के लिए उन्हें नहीं बुलाया गया था। माना जा रहा है कि बेलारूस को लेकर रूस और बाकी देशों के बीच विवाद नए संकट को जन्म दे सकता है। 

अमेरिका के राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी बिडेन भी जनता के साथ

अमेरिका में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बिडेन ने भी प्रदर्शनकारियों के प्रति समर्थन जताया है। उन्होंने कहा, बेलारूस के बहादुर नागरिक अपनी आवाज उठा रहे हैं। ये आवाजें आतंक या प्रताड़ना से नहीं दबेंगी। अमेरिका को स्वेतलाना तिखानोव्स्काया की पारदर्शी चुनाव कराने की मांग का समर्थन करना चाहिए। रूस को इस मामले में कतई दखल नहीं देना चाहिए। यह भूराजनीति नहीं बल्कि नेता चुनने के अधिकार को लेकर है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed