Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Halt attacks on ships in Black Sea immediately India firm message UN calls restoration of safe maritime routes

'काला सागर में व्यापारिक जहाजों पर हमले तुरंत रोकें': यूएन में भारत ने कहा- सुरक्षित समुद्री रास्ते बहाल हो

Tue, 24 Nov 2026 09:17 AM IST
प्रशांत तिवारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क। Published by: प्रशांत तिवारी Updated Tue, 24 Nov 2026 09:17 AM IST
सार

भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच काला सागर में व्यापारिक जहाजों और नाविकों पर हो रहे हमलों को तुरंत रोकने की मांग की है। भारत ने बताया कि इन हमलों में कई भारतीय नाविकों की जान गई है और कुछ लापता हैं। काला सागर दुनिया की खाद्य आपूर्ति का अहम केंद्र है।

विज्ञापन
Halt attacks on ships in Black Sea immediately India firm message UN calls restoration of safe maritime routes
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का असर अब समुद्र के रास्ते होने वाले कारोबार और दुनिया की खाद्य आपूर्ति पर भी पड़ रहा है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ब्लैक सी यानी काला सागर में व्यापारिक जहाजों और उन पर तैनात नाविकों को निशाना बनाए जाने पर कड़ी चिंता जताई है। भारत ने साफ कहा है कि जहाजों पर हमले तुरंत बंद होने चाहिए और अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्तों पर सुरक्षित आवाजाही जल्द से जल्द बहाल की जानी चाहिए। भारत ने यह भी कहा कि युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत और कूटनीति ही सबसे सही रास्ता है।

विज्ञापन


युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने सोमवार को सुरक्षा परिषद की उच्चस्तरीय बैठक में कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध का असर अब पूरी दुनिया महसूस कर रही है। इसकी वजह यह है कि आज हर देश किसी न किसी रूप में दूसरे देशों से जुड़ा हुआ है। खाद्यान्न, ऊर्जा, खाद और दूसरे जरूरी सामान की सप्लाई एक-दूसरे पर निर्भर है। ऐसे में किसी एक क्षेत्र में युद्ध होने से पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि युद्ध का हर गुजरता दिन इंसानियत को पीछे धकेल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कह चुके हैं कि दुनिया को अंतहीन युद्ध नहीं, बल्कि युद्ध के अंत की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। भारत इस संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के हर प्रयास में सहयोग करने को तैयार है।
विज्ञापन


खाने-पीने की चीजों की सप्लाई पर भी संकट
भारतीय राजदूत ने कहा कि किसी भी युद्ध का सबसे बुरा असर आम लोगों पर पड़ता है। लड़ाई के कारण खेती प्रभावित होती है, लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर होते हैं और सड़क, बंदरगाह जैसी जरूरी सुविधाएं भी तबाह हो जाती हैं। इससे राहत सामग्री पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। इसका असर सिर्फ खाने-पीने की चीजों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि बिजली, ईंधन, खाद और खेती से जुड़े कारोबार पर भी पड़ता है। विकासशील और गरीब देशों को इसकी सबसे ज्यादा कीमत चुकानी पड़ती है। इसलिए सुरक्षा परिषद को आम लोगों की सुरक्षा, मानवीय सहायता और व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही को प्राथमिकता देनी चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन


दुनिया के अनाज का बड़ा हिस्सा इसी इलाके से आता है
पर्वतनेनी ने बताया कि काला सागर का इलाका दुनिया की खाद्य जरूरतों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। भारत और काला सागर क्षेत्र मिलकर दुनिया के कुल अनाज उत्पादन का करीब पांचवां हिस्सा पैदा करते हैं। वहीं, रूस और यूक्रेन मिलकर दुनिया के लगभग एक चौथाई गेहूं, मक्का और जौ का निर्यात करते हैं। ऐसे में इस इलाके में जहाजों की आवाजाही रुकने या व्यापार प्रभावित होने का सीधा असर दुनिया के कई देशों की खाद्य सुरक्षा पर पड़ता है। भारत ने अफगानिस्तान को गेहूं, सूडान को चावल और फिलिस्तीन को मानवीय सहायता देकर संकट के समय मदद भी पहुंचाई है।

भारत के नाविकों की मौत पर जताई चिंता
भारतीय राजदूत ने काला सागर में व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों का जिक्र करते हुए भारतीय नाविकों की मौत और लापता होने की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को एमवी ओमोरफी जहाज पर हमला हुआ था, जिसमें एक भारतीय क्रू सदस्य की जान चली गई। इसके अलावा अक्टूबर में एमवी रॉयड मैमादोव पर हमले के समय तीन भारतीय नागरिक जहाज पर मौजूद थे। एमवी गोल्डन लियो और एमवी एजीएन रैगनार नाम के दो अन्य जहाज भी हमलों की चपेट में आए। इन घटनाओं में चार भारतीय नाविकों की मौत हुई, जबकि दो अब भी लापता हैं।

भारत ने दूसरे देशों का जताया आभार
पर्वतनेनी ने उन देशों का धन्यवाद किया, जिन्होंने हमले का शिकार हुए जहाजों से भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकालने, उन्हें स्वदेश भेजने और घायलों का इलाज कराने में मदद की। उन्होंने कहा कि व्यापारिक जहाजों और नाविकों को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर सुरक्षित आवाजाही हर हाल में बहाल की जानी चाहिए।

भारत और लाइबेरिया ने शुरू की नई पहल
भारत ने समुद्री सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की दिशा में भी कदम उठाया है। भारत और लाइबेरिया ने संयुक्त राष्ट्र में 'ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स ऑन सेफ्टी एंड सिक्योरिटी ऑफ शिपिंग एंड सीफेरर्स' नाम से एक समूह शुरू किया है। इसका मकसद अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के साथ मिलकर व्यापारिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा मजबूत करना है।


ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में भी लगे भूकंप के झटके: 4.1 रही तीव्रता; जमीन से 17 किलोमीटर नीचे था केंद्र

भारत दोनों देशों से कर रहा बातचीत
भारतीय प्रतिनिधि ने कहा कि भारत सिर्फ अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी चिंता जाहिर नहीं कर रहा, बल्कि रूस और यूक्रेन दोनों के साथ सीधे बातचीत भी कर रहा है। इस बातचीत का मकसद काला सागर और अनाज निर्यात से जुड़े समुद्री रास्तों पर जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि भारत की प्राथमिकता युद्ध का जल्द अंत और स्थायी शांति है। शांति का मतलब सिर्फ युद्ध रुकना नहीं है, बल्कि यह भी है कि भूखे लोगों तक खाना पहुंचे, व्यापारिक जहाज सुरक्षित बंदरगाह तक पहुंचें और समुद्र में काम करने वाले नाविक सुरक्षित अपने घर लौट सकें।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed