खौफनाक सैंडस्टॉर्म: बीजिंग में रेतीले तूफान ने फिर मचाया तांडव, डरावनी तस्वीरों से सहमे लोग
- दो सप्ताह के भीतर दूसरी बार आया पीला तूफान
- चीन मौसम विभाग ने पीले अलर्ट की घोषणा की थी
- कम विजिबिलिटी के चलते लोगों को देखने में हुईं दिक्कत
विस्तार
चीन की राजधानी बीजिंग में एक सप्ताह में दूसरी बार रेतीले तूफान ने कहर बरपाया है। रविवार की सुबह-सुबह ही पूरा आसमान पीला पड़ गया। पूरा शहर धूल की चादर में समा गया। जैसे ही सड़कों पर लोग निकले तो उन्हें कम विजिबिलिटी का भी सामना करना पड़ा। सैंडस्टॉर्म की भयावह तस्वीरों को देखकर लोग अपने-अपने घरों में कैद हो गए।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें चीन में हर साल इस महीने बवंडर उठता है, लेकिन इस तरह की डरवानी तस्वीरों ने लोगों को अंदर से झकझोर कर रख दिया। लोगों की नजरें जहां भी जा रही थीं वहां सबकुछ मटमैली धूल ही धूल नजर आ रही थी। मंगोलिया और उत्तर-पश्चिमी चीन के अन्य हिस्सों में तेज हवाएं चल रही हैं। चीन के मौसम विभाग ने इसे एक दशक में सबसे बड़ा सैंडस्टॉर्म बताया है।
वायु गुणवत्ता सूचकांक अधिकतम स्तर के पार
चीन के मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि बीजिंग का आधिकारिक वायु गुणवत्ता सूचकांक (Air Quality Index) रविवार सुबह 500 के अधिकतम स्तर पर पहुंच गया। जो सबसे खतरनाक होता है। हवा में तैरने वाले पीएम 10 के रूप में हैं, वहीं कुछ जिलों में 2,000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गए।
चीन मौसम विज्ञान प्रशासन ने शुक्रवार को पीले अलर्ट की घोषणा की थी। मौसम विभाग ने बताया था कि सैंडस्टॉर्म इनर मंगोलिया से शांक्सी, लियोनिंग और हेबे प्रांतों को अपनी चपेट में ले सकता है।
वनों की कटाई के चलते आया तूफान
बीजिंग में दो सप्ताह पहले भी इसी तरह के तूफान ने तांडव मचाया था। उस वक्त चीन की समाचार एजेंसी ने बताया था कि इस तूफान के चलते इनर मंगोलिया और उत्तर-पश्चिमी चीन के अन्य इलाकों से अभी तक 341 लोगों के लापता होने की सूचना है। मौसम विज्ञान एजेंसी की मानें तो पूरे उत्तरी चीन में वनों की कटाई और मिट्टी के कटाव के कारण बवंडर उठता है।