US: चुनावी रैली में ट्रंप पर हमले का आरोपी रेयान रॉथ खुद लड़ेगा अपना केस, अपील पर संघीय अदालत ने लगाई मुहर
अमेरिका के फ्लोरिडा में 2023 में डोनाल्ड ट्रंप पर जानलेवा हमले के आरोपी रेयान वेस्ली रॉथ को अब अपने मुकदमे में खुद की पैरवी करने की इजाजत मिल गई है। गुरुवार को फेडरल जज ऐलीन कैनन ने यह फैसला सुनाया। हालांकि, सरकारी वकील स्टैंडबाय पर मौजूद रहेंगे।
विस्तार
अमेरिका के फ्लोरिडा में साल 2023 राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर चुनावी प्रचार प्रसार के दौरान जानलेवा हमला करने वाले आरोपी रेयान वेस्ली रॉथ को अब अपने मुकदमे में खुद की वकालत करने की अनुमति मिल गई है। यह फैसला फ्लोरिडा की फेडरल जज ऐलीन कैनन ने गुरुवार को सुनाया। हालांकि, जज ने यह भी कहा कि सरकारी वकील बतौर स्टैंडबाय मौजूद रहेंगे, ताकि अगर जरूरत पड़े तो आरोपी को कानूनी मदद मिल सके। इससे पहले रॉथ के लिए नियुक्त सरकारी वकीलों ने अदालत से खुद को केस से हटाने की गुजारिश की थी।
सरकारी वकीलों का कहना था कि रॉथ लगातार मुलाकात करने से इनकार कर रहा है और सहयोग नहीं कर रहा। इसके बाद एक सुनवाई के दौरान 59 वर्षीय रॉथ ने कहा कि मेरे वकील मेहनती हैं, लेकिन वो मेरी बात नहीं सुनते और मुझसे डरते हैं। जब उन्हें खुद मुझ पर भरोसा नहीं है, तो वो अदालत को कैसे बताएंगे कि मैं खतरनाक नहीं हूं?
ये भी पढ़ें:- US: चुनावी रैली में ट्रंप पर हमले का आरोपी रॉथ अदालत में खुद रखेगा अपना पक्ष! संघीय अदालत से की यह अपील
कोर्ट में पहली बार शुक्रवार को अपना पक्ष रखेगा रॉथ
कोर्ट के फैसले के अनुसार रॉथ को शुक्रवार को पहली बार कोर्ट में खुद की तरफ से दलील रखने का मौका मिलेगा। यह सुनवाई इस बात पर होगी कि कौन-कौन से सबूत और गवाह मुकदमे में इस्तेमाल किए जा सकते हैं। उनके पहले वकील भी इस सुनवाई में स्टैंडबाय के रूप में मौजूद रहेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर मदद कर सकें। साथ ही, रॉथ पर राज्य स्तर पर आतंकवाद और हत्या की कोशिश के मामले भी दर्ज हैं, जिनमें उसने दोष स्वीकार नहीं किया है।
ट्रंप पर हमले की कोशिश, लेकिन गोली नहीं चली
बता दें कि बीते 15 सितंबर 2023 को रॉथ ने वेस्ट पाम बीच के गोल्फ क्लब में ट्रंप को निशाना बनाने की कोशिश की थी। वह झाड़ियों में छिपकर राइफल ताने खड़ा था, लेकिन ट्रंप के पहुंचने से पहले ही एक सीक्रेट सर्विस एजेंट ने उसे देख लिया और जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। रॉथ ने गोली नहीं चलाई और मौके से भाग निकला, लेकिन बाद में एक गवाह की मदद से उसे पकड़ लिया गया।
ये भी पढ़ें:- 'एक पेड़ मां के नाम' मुहिम: PM मोदी ने किंग चार्ल्स को भेंट किया रुमाल ट्री; सैंड्रिंघम एस्टेट में लगाया जाएगा
रॉथ पर क्या-क्या आरोप हैं?
गौरतलब है कि रॉथ पर राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की हत्या की कोशिश, संघीय अधिकारी पर हमला और हथियारों से जुड़े कई मामलों में आरोप लगे हैं। वह इन सभी आरोपों से इनकार कर चुका है। मामले में जज कैनन ने साफ कर दिया है कि आठ सितंबर से मुकदमा तय समय पर शुरू होगा, और रॉथ को खुद केस की तैयारी करनी होगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि खुद की वकालत करना समझदारी नहीं है, लेकिन यह आरोपी का संवैधानिक अधिकार है।