{"_id":"62eeef7fbee8972ecc766695","slug":"10-people-burnt-alive-in-a-house-fire-in-america-and-four-people-killed-in-ohio-read-big-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"Big News : अमेरिका में एक घर में आग लगने से 10 जिंदा जले, ओहियो में चार लोगों की हत्या, पढ़ें अहम खबरें","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
Big News : अमेरिका में एक घर में आग लगने से 10 जिंदा जले, ओहियो में चार लोगों की हत्या, पढ़ें अहम खबरें
Sun, 07 Aug 2022 04:17 AM IST
Jeet Kumar
एजेंसी, नेस्कोपेक।
एजेंसी, नेस्कोपेक।
Published by: Jeet Kumar
Updated Sun, 07 Aug 2022 04:17 AM IST
सार
मकान में शुक्रवार देर रात आग लगी। दो मंजिला घर में 13 कुत्ते भी रहते हैं लेकिन यह पता नहीं चला है कि वे जीवित हैं या नहीं। वहीं अमेरिका के ओहियो में एक शख्स ने अपने चार पड़ोसियों की गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस एक हथियारबंद व्यक्ति की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमेरिका के पेनसिल्वेनिया राज्य में एक मकान में आग लगने से तीन बच्चों समेत 10 लोगों की मौत हो गई है। आग बुझाने के लिए आया एक स्वयंसेवी दमकलकर्मी उस समय हक्का बक्का रह गया जब उसे पता चला कि आग उसके रिश्तेदार के घर में लगी है और मृतकों में उसका बेटा, बेटी, ससुर, पत्नी का भाई तथा अन्य रिश्तेदार शामिल हैं।
विज्ञापन
इस दो मंजिला घर में 13 कुत्ते भी रहते हैं लेकिन यह पता नहीं चला है कि वे जीवित हैं या नहीं। मकान में शुक्रवार देर रात आग लगी। प्राधिकारियों ने बताया कि कुछ लोग जलते हुए मकान में से बाहर निकलने में सफल रहे।
विज्ञापन
अमेरिका के ओहियो में चार लोगों की हत्या के बाद आरोपी फरार
अमेरिका के ओहियो में एक शख्स ने अपने चार पड़ोसियों की गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस एक हथियारबंद व्यक्ति की तलाश कर रही है। मोंटगोमरी काउंटी में बटलर टाउनशिप पुलिस का कहना है कि शुक्रवार दोपहर फायरिंग की सूचना पर टीम भेजी गई थी।
विज्ञापन
पुलिस को विभिन्न स्थानों पर गोलियां लगे चार लोगों के शव मिले। पुलिस को इस संबंध में 39 साल के स्टीफन मॉर्लो की तलाश है, जो एक एसयूवी लेकर फरार है। उन्होंने किसी के भी उसे देखने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी है। वारदात का कारण पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मृतकों के नाम भी नहीं बताए हैं।
अमेरिका में बारिश और तूफान के कारण करीब 1,400 उड़ानें रद्द
अमेरिका के पूर्वी तटीय इलाकों में बारिश और तूफान के कारण करीब 1,400 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसके चलते हजारों यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। विमानन कंपनी फ्लाइटअवेयर के अनुसार, करीब 1,400 उड़ानों के रद्द होने के अलावा अन्य 6,300 उड़ानें देरी से चलीं। अगस्त में लगातार दूसरे दिन इतनी बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द की गई हैं। न्यूयॉर्क शहर के तीन प्रमुख हवाईअड्डों के अलावा वाशिंगटन डीसी के बाहर रीगन राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सबसे अधिक उड़ानों को रद्द किया गया। अमेरिकन एयरलाइन की करीब 250 उड़ानें रद्द की गईं।
वहीं, अमेरिकन इगल, डेल्टा कनेक्शन और यूनाइटेड एक्सप्रेस के लिए छोटे विमान उड़ाने वाली कंपनी रिपब्लिक एयरवेज ने भी अपनी करीब 25 प्रतिशत उड़ानों को रद्द कर दिया। संघीय विमानन प्रशासन के मुताबिक, न्यूयॉर्क, बोस्टन, वाशिंगटन-डीसी, फिलाडेल्फिया, बाल्टीमोर और डेनेवर में भारी बारिश और तूफान के कारण उड़ानों को रद्द करना पड़ा है।
चीन के विदेश मंत्री बांग्लादेश की यात्रा पर पहुंचे ढाका
चीन के विदेश मंत्री वांग यी बांग्लादेश के नेताओं के साथ द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर वार्ता के लिए शनिवार को ढाका पहुंचे। कृषि मंत्री मोहम्मद अब्दुर्रज्जाक ने उनका स्वागत किया।
चीन के विदेश मंत्री रविवार को प्रधानमंत्री शेख हसीना से मिलेंगे। इसके अलावा बांग्लादेशी विदेश मंत्री एके अब्दुल मेनन के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक होगी। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा, हम बांग्लादेश के साथ अपने संबंधों को उच्च प्राथमिकता देते हैं। इस यात्रा से दोनों देशों के बीच आपसी समझ बढ़ने की उम्मीद है।
मुहिम : अंगदान बढ़ाने के लिए एकजुट हुए 43 राष्ट्रमंडल देश
दुनियाभर में अंगदान के जरिये ज्यादा जिंदगियां बचाने के लिए 43 राष्ट्रमंडल देश एकजुट हुए हैं। उनकी इस मुहिम में 19 राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय संगठन भी साथ देंगे। ब्रिटेन की राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (एनएचएस) के नेतृत्व में इन देशों के बीच ‘कॉमनवेल्थ ट्रिब्यूट टू लाइफ प्रोजेक्ट’ को लेकर एक एमओयू हुआ है, जिसके लिए बीते तीन वर्षों से काम चल रहा था। प्रोजेक्ट के अध्यक्ष डॉ. सत्य शर्मा ने बताया, इसके जरिये अंगदान की दर बढ़ाकर लोगों की ज्यादा जानें बचाई जा सकेंगी।
परीक्षा के समय ‘न पर्चा न चर्चा’ : राहुल
कांग्रेस ने सीयूईटी यूजी परीक्षा में परीक्षार्थियों को हुई दिक्कत को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘अमृत काल’ की नई शिक्षा नीति। परीक्षा से पहले ‘परीक्षा पर चर्चा’, परीक्षा के समय ‘न पर्चा, न चर्चा’, परीक्षा के बाद अंधकार में भविष्य।
पुण्यतिथि पर नेताओं ने सुषमा स्वराज को किया याद
पूर्व विदेशमंत्री दिवंगत सुषमा स्वराज को उनकी तीसरी पुण्यतिथि पर शनिवार को उनके उत्तराधिकारी एस जयशंकर ने याद किया। जयशंकर ने अपने ट्वीट में लिखा, सुषमा स्वराज जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। भाजपा की सबसे प्रमुख महिला चेहरों में से एक, स्वराज का 67 वर्ष की आयु में हृदय गति रुकने से निधन हो गया था।
वहीं, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी स्वराज को श्रद्धांजलि दी। एक ट्वीट में अनुराग ठाकुर ने कहा कि सुषमा स्वराज ने एक प्रखर वक्ता, नेता और कार्यकर्ता के रूप में भारत के राजनीतिक परिदृश्य पर नम्रता, सहजता और कर्मठता की एक अमिट छाप छोड़ी।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने ट्विटर पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वराज ने अपनी सेवा और कार्यों से राज्य और देश के साथ-साथ दुनिया के लोगों का दिल जीता। वह आज भी अपने कार्यों और विचारों से असंख्य लोगों की स्मृति में जीवित हैं और हमेशा रहेंगी।
केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी का ऑस्ट्रेलिया दौरा आज से
केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी रविवार से अपने दो दिवसीय यात्रा के तहत ऑस्ट्रेलिया रवाना होंगी। उन्होंने ट्विटर पर बताया कि वह ऑस्ट्रेलियाई मंत्रियों से मिलेंगी और वहां बसे भारतवंशी समुदाय से भी मुलाकात करेंगी।
केरल : हीर्शस्प्रुंग से पीड़ित तीन साल के बच्चे की सफल सर्जरी
तिरुवनंतपुरम के एक निजी अस्पताल ने हिर्शस्प्रुंग नामक एक दुर्लभ जन्मजात बीमारी से पीड़ित तीन साल के बच्चे की जटिल सर्जरी करने का दावा किया है। यह बीमारी आमतौर पर नवजात शिशु में उसके जन्म के कुछ दिनों के बाद ही देखी जाती है।
अस्पताल ने बताया कि केआईएमएस (केरल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस) के बाल रोग विभाग के डॉक्टरों ने जन्म से ही खराब मल त्याग से पीड़ित बच्चे की जांच करने पर उसे बाल रोग सर्जन के पास भेज दिया। विशेषज्ञ ने कहा कि यह स्थिति आंतों की मांसपेशियों में तंत्रिका कोशिकाओं के गायब होने के कारण पैदा हुई थी। इसके साथ ही गुदा के पास बायोप्सी के बाद हिर्शस्प्रुंग रोग की पुष्टि के बाद डॉक्टरों ने एक कीहोल सर्जरी का सुझाव दिया था।
एसआरएम मेडिकल कॉलेज के 11 छात्रों को यूएसए में आकर्षक पैकेज
चेन्नई के निकट कट्टनकुलथुर स्थित एसआरएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल और अनुसंधान केंद्र के संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान के विद्यार्थियों ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसआरएम आईएसटी के संस्थापक चांसलर डॉ. टीआर पारीवेंद्र ने बताया कि संस्थान के एमएससी ऑडियोलॉजी और स्पीच लैंग्वेज पैथोलॉजी विभाग के 11 विद्यार्थियों का कैलिफोर्निया (यूएसए) के प्लिसटन में 72,000 अमेरिकी डालर प्रति वर्ष के वेतन पैकेज पर चयन किया गया है। प्रो वाइस चांसलर (मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज) लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. ए रविकुमार ने कहा कि इन छात्रों को प्रशिक्षित करने वाली संस्था और एसआरएम मेडिकल कॉलेज के लिए यह गर्व और उत्सव का क्षण है।