विदेश की खबर: 1996 में रैप स्टार टुपाक शकूर की हत्या के मामले में डुआने डेविस दोषी करार, हो सकती है ये सजा?
रैप जगत के दिग्गज टुपाक शकूर की 1996 में हुई हत्या के मामले में डुआने "केफ डी" डेविस को जूरी ने प्रथम डिग्री हत्या का दोषी करार दिया है। इस फैसले के साथ उस मामले में लंबे समय बाद एक अहम पड़ाव आया है, जिसने दशकों से हिप-हॉप प्रशंसकों और अपराध विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींचे रखा था।
63 वर्षीय डेविस को घातक हथियार के इस्तेमाल के साथ हत्या के एक मामले में दोषी ठहराया गया है। उसे उम्रकैद की सजा हो सकती है। लास वेगास में कई सप्ताह तक चली सुनवाई के बाद जूरी ने तीन घंटे से भी कम समय तक विचार-विमर्श किया और सोमवार को अपना फैसला सुनाया।
फैसला सुनाए जाने के बाद शकूर की बहन सेकिवा "सेट" शकूर रो पड़ीं और उन्होंने अभियोजकों को गले लगाया। वहीं डेविस के बेटे ने अपना चेहरा एक हाथ से ढक लिया। मुख्य उप जिला अटॉर्नी बिनु पलाल ने सोमवार को अपनी अंतिम दलील में जूरी से कहा कि डेविस ने बंदूक हासिल की। इसके बाद शकूर और डेथ रो रिकॉर्ड्स के सह-संस्थापक मैरियन "सुज" नाइट की तलाश में निकल पड़ा था। इससे पहले उसी रात इन लोगों ने डेविस के भतीजे के साथ मारपीट की थी।
पलाल ने कहा कि डेविस टुपाक शकूर की हत्या के लिए जिम्मेदार है और जूरी को उसे दोषी करार देना चाहिए। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, वर्षों के दौरान डेविस ने अपने बयान बदले, लेकिन उसने बार-बार खुद को उस सफेद कैडिलैक में मौजूद बताया, जिससे शकूर पर गोलियां चलाई गई थीं। अभियोजकों का कहना था कि भले ही डेविस ने खुद गोली नहीं चलाई, लेकिन उसने गोलीबारी का आदेश दिया था। कार में मौजूद कम उम्र के लोग, जिनमें उसका भतीजा भी शामिल था, एक प्रभावशाली गैंग नेता के तौर पर उसकी बात सुनते थे।
हालांकि, डेविस के बचाव पक्ष के वकील माइकल सैनफ्ट ने जूरी से सवाल किया कि क्या ऐसा कोई सबूत है जिससे पता चलता हो कि डेविस ने गोलीबारी से पहले या बाद में कभी किसी हत्या के लिए आदेश दिया था। 16 सदस्यों वाली जूरी में चार वैकल्पिक सदस्य थे। नौ दिनों की सुनवाई के दौरान जूरी ने अभियोजन पक्ष के 24 और बचाव पक्ष के तीन गवाहों की गवाही सुनी। अभियोजन पक्ष ने कहा कि गवाहों से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं के कारण गैंग से जुड़ा अतिरिक्त आरोप हटा दिया जाएगा।
चीन में जन्मदर में तेज गिरावट 2025 में जन्मे 79.2 लाख बच्चे
चीन में आबादी बढ़ाने की कोशिशों के बावजूद जन्मदर में फिर गिरावट दर्ज की गई है। 2025 में देश में 79.2 लाख बच्चों का जन्म हुआ, जबकि इस दौरान 1.13 करोड़ लोगों की मौत हुई। इसके साथ चीन की प्राकृतिक जनसंख्या वृद्धि दर घटकर शून्य से 2.41 प्रति हजार नीचे पहुंच गई। यह आंकड़ा 2024 में दर्ज -0.99 प्रति हजार की तुलना में कहीं अधिक नकारात्मक है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग की ओर से शुक्रवार को जारी 2025 के स्वास्थ्य विकास संबंधी सांख्यिकीय बुलेटिन में यह जानकारी सामने आई।
अमेरिका के कैलिफोर्निया में केरलम की दो महिलाओं की हत्या कर दी गई। मृतक महिलाओं की दोस्त कोट्टयम की अनिला को हत्या के शक में अमेरिकी पुलिस की हिरासत में है। तीनों महिलाएं एक ही अपार्टमेंट में रहती थीं। आरोप है कि अनिला ने एन पर चाकू से हमला किया और बाद में कार से अंजना को टक्कर मार दी। मृतकाओं की पहचान त्रिशूर के मुडिक्कोड की रहने वाली अंजना और तिरुवनंतपुरम के केशवदासपुरम की रहने वाली एन मैथ्यू के तौर पर की गई। अंजना के रिश्तेदार विनोद के मुताबिक, अंजना 2021 में अमेरिका गई थीं। उनके पति विजीश और छह साल की बेटी सदमे में हैं।
बिश्केक में विश्व घुमंतू खेलों का उद्घाटन, प्रधानमंत्री मोदी भी रहे मौजूद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को किर्गिज़ राजधानी बिश्केक में विश्व घुमंतू खेलों के उद्घाटन समारोह में भाग लिया। इस दौरान उनके साथ कई एससीओ नेता भी मौजूद थे। इनमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन शामिल थे। खेलों का छठा संस्करण किर्गिस्तान में 31 अगस्त से 6 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। मोदी शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के लिए किर्गिस्तान में हैं। उन्होंने उद्घाटन समारोह में भारतीय दल का अभिवादन किया। मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "बिश्केक में विश्व घुमंतू खेलों के उद्घाटन समारोह में भाग लिया। भारतीय दल को मेरी शुभकामनाएं।" विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोदी ने अन्य एससीओ नेताओं के साथ समारोह में हिस्सा लिया।
इन खेलों का इतना महत्व क्यों?
यह द्विवार्षिक आयोजन घुमंतू सभ्यताओं की समृद्ध खेल परंपराओं, संस्कृति और विरासत का उत्सव मनाता है। यह विभिन्न देशों को एक साथ लाता है। खेलों में 100 से अधिक देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय दल में 87 सदस्य हैं। इनमें 73 खिलाड़ी और 10 भारतीय विरासत प्रदर्शित करने वाले सदस्य शामिल हैं। समारोह में तुर्की राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन और पाकिस्तान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी उपस्थित थे। कजाख राष्ट्रपति कसीम-जोमार्ट टोकायेव और बेलारूसी राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको भी मौजूद थे।