West Bengal: कोलकाता रोड शो में टीम योगी को मिला 7000 करोड़ का निवेश प्रस्ताव, उद्योगपतियों ने कही यह बात
West Bengal: बर्जर पेंट्स के प्रबंध निदेशक व सीईओ अभिजीत रॉय ने एमआईएलटीई की बात की। कहा कि उत्तर प्रदेश अब समृद्ध हुआ है। एम-मार्केट, आई-इंफ्रास्ट्रक्चर, एल-लैंड, टी-टैक्स और ई-इज ऑफ डूइंग के लिहाज से वे उत्तर प्रदेश की तरफ आकर्षित हैं...
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आर्थिक नीतियों पर कोलकाता ने भी मुहर लगा दी। उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए योगी सरकार ने विस्तृत कार्ययोजना बनाई और उस पर कार्य कर रही है। इसके तहत टीम योगी ने मंगलवार को कोलकाता में रोड शो इवेंट कर निवेशकों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 में आने का न्योता दिया। कोलकाता के द ओबराय ग्रैंड होटल में आयोजित कार्यक्रम में दिग्गज उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उद्योगपतियों ने 7000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव के लिए 14 समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
कार्यक्रम के दौरान उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वीडियो संदेश भी देखा। रोड शो इवेंट के दौरान को उत्तर प्रदेश के यूपी के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी', श्रम व सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, आईटी राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल, अपर मुख्य सचिव (कृषि) मनोज सिंह, प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम, यूपीसीडा के सीईओ मयूर माहेश्वरी, एमएसएमई सचिव प्रांजल यादव आदि मौजूद रहे।
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नन्दी' ने योगी सरकार की निवेश फ्रेंडली नीतियों के बारे में बताते हुए उद्योगपतियों को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि यूपी की नीति और माहौल सबसे बढ़िया है, इसलिए हम आप सभी को बड़े बाजार में आमंत्रित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को दिया न्योता
रोड शो इवेंट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वीडियो संदेश प्रसारित किया गया। योगी आदित्यनाथ ने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत निवेशकों की पसंदीदा जगह बन गई है। पीएम के नेतृत्व में राजनैतिक स्थायित्व और गुड गवर्नेंस के नए दौर का सृजन हुआ है। प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध यूपी गुड गवर्नेंस, अपराध और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस, सबसे बड़े उपभोक्ता बाजार, सिंगल विंडो पोर्टल निवेश मित्र, निवेश फ्रेंडली नीतियों के साथ ईज आफ डूइंग में अग्रणी राज्य है।
यूपी हर लिहाज से निवेश के लिए सर्वोत्तम जगह है। यूपी देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की तरफ अग्रसर है। वैश्विक कोरोना महामारी के बावजूद यूपी में रिकार्ड 4 लाख करोड़ रुपये के निवेश की योजनाएं आरंभ हुई हैं। यह यूपी के प्रति निवेशकों का विश्वास दर्शाता है। पीएम के संकल्प के अनुरूप यूपी भारत की इकोनॉमिक ग्रोथ को गति देने के लिए तैयार है।
कोलकाता में यहां से साइन हुआ एमओयू
कोलकाता से कई उद्योगपतियों ने एमओयू साइन किया। कोलकाता में कुल 7000 करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए। टाटा स्टील डाउन स्ट्रीम प्रोडक्ट्स लिमिटेड की तरफ से 250 करोड़ एमओयू हुआ। हल्दीराम भुजिया वाला ने 500 करोड़, अनमोल फीड्स की तरफ से मछली पालन के लिए 50 करोड़, ग्रीनटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने 2000 करोड़, एलेनबेरी (मेडिकल गैस) के लिए 200 करोड़, श्याम मेटालिक्स ने 630 करोड़, ईस्टर्न इक्यूपमेंट ईएनटी ने 25 करोड़, टेक्सटाइल में लक्स इंडस्ट्री लिमिटेड ने 50 करोड़, कैप्टन स्टील ने 1650 करोड़, चार नौक हॉस्पिटल (एसकेएम ग्रुप) 200 करोड़, एसआरएमबी ने स्टील मैनुफैक्चरिंग में 250 करोड़, इनफिनिटी इंफोटेक पार्क ने 400 करोड़, फूड प्रोसेसिंग के लिए बाला जी वेफर्स ने 500 करोड़, मेघदूतम ट्रेवल्स ने 150 करोड़ रुपये का एमओयू किया।
14 हजार से अधिक रोजगार की संभावनाओं पर दिया जोर
कोलकाता से आने वाले उद्योगपतियों ने उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए 14 हजार से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार के कदमों की सराहना की। टाटा स्टील डाउन स्ट्रीम प्रोडक्ट्स लिमिटेड ने 300 लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान करने की सहमति दी। हल्दीराम भुजिया वाला ने 1500 युवाओं, अनमोल फीड्स की तरफ से मछली पालन के लिए 200 रोजगार, ग्रीनटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने 5000 युवाओं, एलेनबेरी (मेडिकल गैस) के लिए 200 रोजगार, श्याम मेटालिक्स ने 720 रोजगार, ईस्टर्न इक्यूपमेंट ईएनटी ने 50 रोजगार, टेक्सटाइल में लक्स इंडस्ट्री लिमिटेड ने 500 रोजगार, कैप्टन स्टील ने 1800 रोजगार, चार नौक हॉस्पिटल (एसकेएम ग्रुप) 1700 लोगों को रोजगार, एसआरएमबी ने स्टील मैनुफैक्चरिंग में 750 युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने को कहा। इनफिनिटी इंफोटेक पार्क ने 500, फ़ूड प्रोसेसिंग के लिए बाला जी वेफर्स ने 1500 और मेघदूतम ट्रेवल्स ने 5000 युवाओं को रोजगार के लिए उत्तर प्रदेश आने का आश्वासन दिया।
योगी सरकार ने बुलाया तो हम बनेंगे साझीदार
उद्यमियों ने खुले तौर पर कहा कि उत्तर प्रदेश में हाल के वर्षों में काफी शानदार और रचनात्मक विकास कार्य हुए हैं। अब अपराधमुक्त यूपी के कारण वहां की दशा-दिशा बदल गई है। उत्तर प्रदेश सरकार ने कोलकाता के उद्यमियों को प्रदेश के विकास में साझीदार बनाने की पहल की है, तो हम उत्तर प्रदेश को नये भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में कार्य करते देखना चाहते हैं। निवेशकों ने अपराध मुक्त होने, निवेश के लिए उचित माहौल, पर्यटन-औद्योगिक नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश के प्रति बदले अपने नजरिये की भी चर्चा की।
बाजार के दृष्टिकोण से हुआ समृद्ध हुआ उत्तर प्रदेश
बर्जर पेंट्स के प्रबंध निदेशक व सीईओ अभिजीत रॉय ने एमआईएलटीई की बात की। कहा कि उत्तर प्रदेश अब समृद्ध हुआ है। एम-मार्केट, आई-इंफ्रास्ट्रक्चर, एल-लैंड, टी-टैक्स और ई-इज ऑफ डूइंग के लिहाज से वे उत्तर प्रदेश की तरफ आकर्षित हैं। बाजार बहुत महत्व रखता है। निवेश करने के लिए आधुनिक व प्रगतिशील सड़कें, व्यवसाय की नींव बनती हैं। रॉय ने यूपी के नियम और अनुशासन की भी अत्यंत तारीफ की। कहा कि इस वजह से वहां सभी कार्यों को सफलता पूर्वक अंजाम दिया जाता है। ब्याज दर की बात की जाए तो इसमें भी मुनाफे की आकर्षित योजनाएं तैयार होती हैं। इन सभी चीज़ों को पर्याप्त समाधानों से ही व्यवसाय की इच्छा हर एक व्यवसायक को प्रेरित करती हैं।
सरकार को 10 में से नौ नंबर: अभिजीत राय
बर्जर पेंट्स ग्रुप के मैनेजिंड डायरेक्टर एवं सीईओ अभिजीत राय ने कहा, हमने 2019 में जमीन के लिए शांडिल्य इंडस्ट्रियल एस्टेट के लिए लखनऊ के पास आवेदन किया था। आवेदन करने के करीब दो माह के बाद ही हमें जमीन अलॉट हो गई। इस बीच, 2020 में कोविड के आने पर भी हमारा काम होता रहा और सारी प्रक्रियाएं पूरी हुईं। उसके बाद हमने कंस्ट्रक्शन का काम शुरू कर दिया। इस दौरान हमें किसी भी तरह की दिक्कत नहीं हुई। सरकार की ओर से हर तरह का सहयोग मिला। हमने दिसंबर 2022 को हमने काम पूरा कर लिया है। अब अंतिम चरण का काम चल रहा है। फरवरी, 2023 में हम इसका उद्घाटन करने जा रहे हैं। कानून व्यवस्था को लेकर पहले के बार में हमको कोई जानकारी नहीं है, लेकिन आज तक हम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। हमारा अनुभव बहुत अच्छा रहा। हमें मार्किट चाहिए, कानून व्यवस्था ठीक होनी चाहिए, टैक्स के बैनिफिट्स होने चाहिए, इंफ्रास्ट्रक्चर अच्छा होना चाहिए और व्यापार करने में सुगमता होनी चाहिए। इस सब चीजों में उत्तर प्रदेश सरकार बेहतर है, उनको आठ से नौ नंबर तक मिलेंगे।
योगी सरकार ने सड़क भी दी और सुरक्षा भी
ग्रीन टेक एनवायरन मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रमाकांत बर्मन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चार से पांच वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाने को उत्सुक हूं। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर आदि शहरों में काफी संभावना है। पहले से काशी में काम कर रहा हूं। यह योगी के राज में ही संभव था कि व्यापारी सुरक्षित हो सकें। रात दो बजे भी निर्भीक होकर हाईवे पर जा सकते हैं। योगी आदित्यनाथ ने हमें यही सुरक्षा दी, इसलिए हम यहां निवेश चाहते हैं। योगी सरकार ने बिजली, सड़क और पानी की समुचित व्यवस्था की है। वहां बड़े निवेश के लिए हम उत्तर प्रदेश की तरफ अग्रसर हैं।