हाईकोर्ट में याचिका खारिज होने के बाद भी देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के खिलाफ तीर्थ पुरोहितों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। गंगोत्री धाम में तीर्थ पुरोहितों का धरना आंदोलन 31वें दिन भी जारी रहा। उन्होंने हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर करने की बात कही।
देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के खिलाफ गंगोत्री धाम में तीर्थ पुरोहितों ने शुक्रवार को 31वें दिन भी धरना प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्होंने देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को रद्द करने की मांग की। गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव दीपक सेमवाल ने कहा कि देवस्थानम बोर्ड को लेकर हाईकोर्ट के फैसले से तीर्थ पुरोहित संतुष्ट नहीं हैं। इसके खिलाफ उच्चतम न्यायालय में एसएलपी दाखिल की जाएगी। तीर्थ पुरोहितों ने उत्तराखंड सहित पूरे देश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच चार धाम यात्रा शुरू किए जाने पर भी रोष जताया। इसी कारण से तीर्थ पुरोहित धाम की यात्रा पर आ रहे तीर्थयात्रियों से मंदिर के भीतर पूजा-अर्चना नहीं करा रहे हैं। श्रद्धालु बाहर से ही मंदिर के दर्शन कर लौट रहे हैं। धरना प्रदर्शन करने वालों में शिवप्रकाश सेमवाल, राकेश सेमवाल, राजेश सेमवाल, कामेश्वर प्रसाद, रवि, अनुज, आशीष, प्रवीण, अमरीश सेमवाल, अरुण सेमवाल, माया प्रसाद आदि अनेक तीर्थ पुरोहित शामिल रहे।