उत्तरकाशी। युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में सकारात्मक बदलाव की पहल के लिए उत्तरकाशी की स्वाति नौटियाल को यंग चेंजमेकर अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर प्लान इंडिया इम्पैक्ट अवॉर्ड्स 2026 के तहत उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
ग्राम थलन निवासी स्वाति का अभियान नशे को ना, ज़िंदगी को हाँ, युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है। नशे से मुक्ति, आत्मशक्ति की अभिव्यक्ति के संदेश के साथ उनका प्रयास युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता और आत्मनिर्णय की भावना विकसित करना है। स्वाति ने राम चंद्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय उत्तरकाशी से वर्ष 2025 में जूलॉजी में एमएससी पूरी की है। उन्होंने सीएसआईआर-यूजीसी नेट परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 51वीं रैंक भी हासिल की है। वर्तमान में वह स्वीप यूथ आइकन एवं नमामि गंगे एम्बेसडर, उत्तरकाशी हैं। नशा-मुक्ति के अलावा स्वाति पर्यावरण एवं गंगा संरक्षण, स्वच्छता, बालिका शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के लिए भी सक्रिय हैं। अक्टूबर 2026 में काठमांडू में आयोजित दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय मंच में बाल विवाह एवं जबरन विवाह विषय पर युवा प्रतिभागी के रूप में उनका चयन भी हुआ था। स्वाति ने इस उपलब्धि का श्रेय बाबा काशी विश्वनाथ एवं मां गंगा के आशीर्वाद, माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्रवासियों के सहयोग को दिया।