नगर के बड़ेथी बाजार क्षेत्र स्थित स्टेट बैंक की शाखा को ऑल वेदर रोड परियोजना के चलते अन्यत्र शिफ्ट करने पर लोगों ने रोष व्यक्त किया है। आक्रोशित लोगों ने बृहस्पतिवार को बाजार बंद कर सांकेतिक चक्काजाम किया। साथ ही बैंक को यथावत रखने की मांग करते हुए प्रदर्शन भी किया। हालांकि, प्रशासन की ओर से एक सप्ताह के भीतर सकारात्मक कार्रवाई करने का लिखित आश्वासन देने पर आंदोलन स्थगित कर दिया गया।
बता दें कि ऑल वेदर रोड परियोजना के चौड़ीकरण की जद में आने के कारण बड़ेथी बाजार से बैंक की शाखा को नागणी धनपुर क्षेत्र में शिफ्ट किया जा रहा है। इसका स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं। आक्रोशित लोगों ने कहा कि बैंक शिफ्ट होने से खाताधारकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। जिसे देखते हुए बैंक को यथावत रखने की मांग की जा रही है, लेकिन संबंधित अधिकारी मनमाने ढंग से बैंक को शिफ्ट करने पर अड़े हुए हैं। जिस कारण लोगों को मजबूरन आंदोलन करना पड़ रहा है। इस बीच एसडीएम आकाश जोशी ने आंदोलनकारियों से वार्ता कर उन्हें एक सप्ताह के भीतर सकारात्मक कार्रवाई करने का लिखित आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालो में व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश मेहरा, शूरवीर रांगड़, प्रेम लाल भट्ट, जोत सिंह, सुमन बडोनी, विजय बडोनी, अनिल अरोड़ा, मनोज कोहली, सुमित डोडी, परवेंद्र बडोनी, गोपाल रावत, राजेंद्र जोशी, कमलनयन बडोनी, सचिन पंवार, आजाद जुगेला आदि शामिल रहे।