पुरोला (उत्तरकाशी)। नाबालिग छात्रा को बहला फुसला कर भगा ले गए युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ पुलिस को आठ दिन से लापता छात्रा भी मिली है। अपहरण, बलात्कार एवं पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार युवक को पुलिस शनिवार को जिला जज के समक्ष पेश करेगी। साथ ही नाबालिग छात्रा के मेडिकल और न्यायालय के समक्ष बयान दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
नगर की नाबालिग छात्रा बीते 21 दिसंबर से लापता थी। परिजनों ने क्षेत्र के एक युवक पर उसे बहला फुसला कर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पुरोला चौकी इंचार्ज नवीन कुमार ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी युवक को पुरोला-मोरी रोड पर एसएसबी कालोनी के पास धर दबोचा। टीम में कांस्टेबल श्याम बाबू एवं बबीता देवी भी शामिल थे। चौकी इंचार्ज नवीन कुमार ने बताया कि नाबालिग की बरामदगी की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। आरोपी युवक को भादंसं की धारा 363 व 376 तथा 3/4 पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।