जिला अस्पताल में 200 एलपीएम क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट अस्पताल में भर्ती कोविड मरीजों की तादात के आगे नाकाफी साबित हो रहा है। इसे देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने डीएम व स्वास्थ्य महानिदेशक को पत्र लिखकर प्लांट की क्षमता को बढ़ाकर 500 एलपीएम करने की मांग की है।
जनपद में लंबे इंतजार के बाद ऑक्सीजन प्लांट स्थापित हुआ है, जिससे 200 एलपीएम (लीटर प्रति मिनट) ऑक्सीजन का उत्पादन शुरू हो गया है। अभी अंडर ट्रायल के तौर पर संचालित ऑक्सीजन प्लांट से मुख्य अस्पताल व महिला अस्पताल में ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है, जिसमें करीब 70 कोविड मरीज भर्ती हैं। जिनमें से 53 मरीज ऑक्सीजन पर हैं, लेकिन 53 के सापेक्ष प्लांट से मात्र 20 मरीजों को ही ऑक्सीजन मिल पा रही है। अन्य मरीजों के लिए बाहर से 21 जंबो ऑक्सीजन सिलेंडरों की आपूर्ति करानी पड़ रही है। इसी समस्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन प्लांट की क्षमता बढ़ाने पर विचार कर रहा है। सीएमएस डा. एसडी सकलानी ने बताया कि प्लांट की क्षमता बढ़ाने के लिए डीएम व स्वास्थ्य महानिदेशक को पत्र लिखकर अलग से 300 एलपीएम क्षमता का प्लांट स्वीकृत करने की मांग की गई है। बताया कि प्लांट की क्षमता बढ़ती है, तो इससे कोविड मरीजों के लिए बाहर से ऑक्सीजन सिलेंडर लेने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।