Khatima: हमले में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा, परिजनों ने कोतवाली में किया हंगामा
खटीमा में हमले में घायल अरायजनवीस की बरेली में इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद परिजन शव लेकर कोतवाली पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
विस्तार
हमले में घायल अरायजनवीस की मौत पर आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और उनके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की। परिजनों ने शव के साथ कोतवाली में प्रदर्शन करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने एंबुलेंस को गेट पर ही रोक दिया। कांग्रेस विधायक भुवन कापड़ी ने भी कोतवाली पहुंचकर परिजनों से वार्ता के बाद आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिलाया।
पंजाबी कालोनी निवासी विवेक कुमार खटीमा तहसील परिसर में अरायजनवीस थे। पिछले दिनों पर उन घर के पास कुछ लोगों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उनका बरेली में इलाज चल रहा था। जहां उनकी मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजन और अन्य लोग बृहस्पतिवार शाम एंबुलेंस में उनका शव लेकर खटीमा कोतवाली आने लगे लेकिन पुलिस ने कोतवाली गेट पर ही एंबुलेंस को रोक दिया था।
इस दौरान लोगों की पुलिस से हल्की नोंकझोंक भी हुई। उन्होंने कोतवाली में प्रदर्शन कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने और उनके अवैध कब्जे को हटाने की मांग की। उन्होंने अन्य हमलावरों पर भी प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
सूचना मिलने पर पहुंचे कांग्रेस विधायक भुवन कापड़ी ने कोतवाली में पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों की समस्या सुनी और उचित कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया। वहीं शाम तक कोतवाली परिसर में परिजनों का हंगामा जारी रहा। बाद में पुलिस के उचित कार्रवाई किए जाने के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
एसएसआई केसी आर्या ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले की जांच चल रही है।