Udham Singh Nagar: दुपट्टा बताएगा आरिफ हत्याकांड का राज, पुलिस टीम खंगाल रही है कुंडली, राज से उठेगा पर्दा
मोहर्रम अखाड़ा कमेटी के अध्यक्ष रहे मो. आरिफ की हत्या के मामले में पुलिस टीम आरिफ की कुंडली खंगाल रही है। 20 जुलाई को आरिफ का शव पंजाबी कॉलोनी के पीछे क्षत-विक्षत अवस्था में मिला था।
विस्तार
आरिफ हत्याकांड में मृतक के भाई की ओर से दर्ज रिपोर्ट में जिस दुपट्टे का उल्लेख किया है। वह हत्याकांड के राज से पर्दा उठाएगा। प्रथम दृष्टया पुलिस भी दुपट्टे से जुड़ी जानकारी एकत्र करने में लगी है। घटना के छह दिन बाद भी हमलावरों का पता लगाना तो दूर पुलिस हत्या के कारण तक का पता नहीं लगा सकी है। पुलिस को विसरा रिपोर्ट का भी इंतजार है। एसओजी समेत पुलिस की छह टीम हर एंगल से हत्याकांड की जांच कर रही है।
मोहल्ला नई बस्ती इमरान चौक निवासी मो. वसीम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में पुलिस को बताया कि 18 जुलाई को उसका भाई मो. आरिफ काशीपुर गया था। उसके बाद से वह घर नहीं आया। शक है कि अज्ञात व्यक्तियों ने आरिफ की हत्या कर दी। 20 जुलाई को आरिफ का शव पंजाबी कॉलोनी के पीछे क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। जिसके गले में एक दुपट्टा दो तीन फेरे में लिपटा था। शव के पास ही करीब पचास मीटर की दूरी पर उसकी बाइक पड़ी थी।
ये भी पढ़ें...सांप से डसवाकर प्रेमी की हत्या: बेहोशी में नहीं, बेरहमी से ली थी अंकित की जान, माही ने किए चौंकाने वाले खुलासे
विवादों में रहे थे मो. आरिफ
मोहर्रम अखाड़ा कमेटी के अध्यक्ष रहे मो. आरिफ ने 16 साल पहले नगर निवासी एक युवती से निकाह करने के 40 दिन बाद तलाक दे दिया था। इसी तरह तेरह साल पहले काशीपुर निवासी युवती से दूसरा निकाह कर उसे भी दो साल के अंदर तलाक दे दिया था। बारह साल पहले दूसरी पत्नी की बहन से तीसरा निकाह किया। जिससे अब तीन बच्चे हैं। एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि हत्याकांड की तह तक जाने के लिए पुलिस टीम आरिफ की कुंडली खंगाल रही है।