नानकमत्ता। हरिओम हत्याकांड का एक सप्ताह बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। रविवार को खटीमा विधायक ने हरिओम के परिजनों के साथ सीओ से मुलाकात कर जल्द खुलासे की मांग उठाई।
20 दिसंबर को खैराना गांव निवासी सेवा प्रकल्प संस्थान के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश राणा के 22 वर्षीय बेटे हरिओम राणा का शव नानकसागर जलाशय के किशनपुर घाट के पास पानी के अंदर मिला था। हरिओम आईआईटी मुंबई में एमबीए का छात्र था। हत्याकांड के बाद से ही सीओ खटीमा मनोज ठाकुर एसओजी के साथ थाने में ही डेरा डाले हुए हैं। इधर, विधायक पुष्कर सिंह धामी और मृतक के परिजनों ने सीओ खटीमा मनोज ठाकुर से मुलाकात कर मामले के जल्द खुलासे की मांग की। सीओ ने बताया कि पुलिस अब तक 500 मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकालकर जांच कर चुकी है। पुलिस की एक टीम भी जांच के लिए वाराणसी भेजी गई है। वहां पर तहसीलदार यूसुफ अली, मृतक की बहन नीलम राणा, जीजा प्रेम सिंह राणा, रवींद्र सिंह राणा, अमित पांडे, पूरन धामी, दीपक तिवारी आदि थे।