Kashipur News: रोशन करने वाली फैक्टरी में बुझी जीवन की लौ, दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन; एक की मौत, 12 घायल
सूर्या रोशनी लिमिटेड फैक्टरी में बृहस्पतिवार सुबह रोज की तरह सामान्य तरीके से काम चल रहा था। सुबह 10:30 बजे अचानक फिलामेंट प्लांट में लगे दो हाइड्रोजन सिलिंडर में विस्फोट हो गया। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हुए।
विस्तार
घरों को रोशन करने वाली फैक्टरी में एक मजदूर की जिंदगी बुझ गई। घर से मीलों दूर पैसे कमाने के लिए आए श्यामू यादव के शरीर के चीथड़े उड़ गए। हादसे में उसके दोनों पैर कटकर दूर जा गिरे। शरीर इस तरह झुलसा कि खाल मांस से अलग हो गई थी। मौके से एक पैर का हिस्सा ढूंढने पर भी किसी को नहीं मिला। उसके शव की हालत देखकर हर कोई सिहर उठा। उसके शरीर को बिना एक पैर के ही पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फैक्टरी प्रबंधन ने घर वालों को सूचना दे दी है। खबर लिखे जाने तक मौके पर कोई परिजन नहीं पहुंचा था।
सूर्या रोशनी लिमिटेड फैक्टरी में बृहस्पतिवार सुबह रोज की तरह सामान्य तरीके से काम चल रहा था। सुबह 10:30 बजे अचानक फिलामेंट प्लांट में लगे दो हाइड्रोजन सिलिंडर में विस्फोट हो गया। घटना के समय फैक्टरी में करीब 600 युवतियां, महिलाएं व पुरुष कर्मी अपने कार्यों में जुटे हुए थे। धमाके की गूंज से पूरा परिसर दहल उठा और और परिसर में अफरातफरी मच गई। 10-12 फुट की दूरी पर लगे खिड़की और दरवाजों के शीशे टूट कर हवा में उड़ गए।
धमाके वाले क्षेत्र में कार्य कर रहे कुछ लोग शीशे लगने से घायल हो गए। कई महिलाएं धमाके की आवाज से ही बेहोश हो गईं तो कई भगदड़ में गिरकर चोटिल हो गईं। प्रबंधन ने तुरंत वार्निंग अलार्म बजाया। सभी को मुख्य द्वार के पास एकत्र किया गया। हाइड्रोजन गैस के रिसने से परिसर के बाहर तक गंध फैल चुकी थी। लोगों को मुंह पर कपड़ा रखना पड़ा। अंदर से कुछ महिलाओं को बेसुध स्थिति में उनके साथी लेकर निकलते दिखाई दिए। एक महिला कर्मी ने बताया कि उन्हें कुछ समझ नहीं आया कि क्या हुआ, बस एक जोरदार आवाज सुनाई दी और चारों तरफ अफरातफरी मच गई।
काटना पड़ सकता है पैर
हादसे में मुरादाबाद के थाना भगतपुर मानपुर के चकठीरीया डान निवासी रोहित पुत्र कलुआ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके एक पैर में गंभीर चोट आई है जबकि दूसरा झुलस गया है। एक हाथ में भी काफी चोट आई है। डॉक्टरों का कहना है कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो उसका पैर काटना पड़ सकता है।
दो घंटे से ज्यादा समय तक चला रेस्क्यू
फैक्टरी में हुए हादसे के तुरंत बाद प्रबंधन ने पुलिस व फायर टीम को सूचना दी। कुंडा थाना व सूर्या चौकी की पुलिस टीम आईजीएल में चल रही अंतरराज्यीय बैठक में मौजूद थी। सूचना मिलते ही पुलिस वहां से करीब 11:30 बजे फैक्टरी पहुंची। मौके पर स्थिति की जानकारी जुटाई और राहत कार्य शुरू कराया। जसपुर और काशीपुर से दो फायर की टीमें करीब दोपहर 12 बजे मौके पर पहुंची। हालांकि वहां कोई आगजनी की घटना नहीं हुई इसलिए बचाव कार्य में सहयोग करने के बाद टीमें लौट गईं। फैक्टरी के अंदर कुछ लोग बेसुध हालत में थे उन्हें रेस्क्यू कर बाहर लाने और घर भेजने में दो घंटे लग गए। दो घंटे से ज्यादा समय तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को फैक्टरी से बाहर निकाला गया। पांच एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।फैक्टरी में दो घंटे तक टीम ने की जांच
एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि फैक्टरी में दोपहर के बाद एनएडीआरएफ, एसडीएआरएफ, फोरेंसिक और फायर की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही हैं। अभी जांच में समय लगेगा। दो सिलिंडर फटने की सूचना है। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि सूचना पर दोपहर करीब 12 बजे सूर्या कंपनी पहुंच गए थे। आग की घटना नहीं होने पर वापस जाने के लिए कह दिया गया। जसपुर से भी एक गाड़ी आ गई थी। सीएफओ ईशान कटारिया, जसपुर एफएसओ श्याम बहादुर थापा टीम के साथ मौके पर पहुंच गए थे।