{"_id":"d070e7e3d771e3a0263975f836cdcee5","slug":"tondu-cancel-salaries-of-seven-soldiers-one-suspended-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"सात तोंदू सिपाहियों का कटेगा वेतन, एक सस्पेंड","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सात तोंदू सिपाहियों का कटेगा वेतन, एक सस्पेंड
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो/ रुद्रपुर
Updated Mon, 25 Jan 2016 12:07 AM IST
विज्ञापन
मुख्यमंत्री का पंतनगर आना क्या टला, जिले भर से ड्यूटी पर आए तोंदू सिपाहियों की शामत आ गई। एसएसपी ने सही ढंग से वर्दी नहीं पहनने और बीएमआई के अनुरूप वजन नहीं घटाने वाले सिपाहियों की जमकर क्लास ली और मैदान के चक्कर लगवाए। एसएसपी ने सात सिपाहियों का एक दिन का वेतन काटने, चार सिपाहियों को पुलिस लाइन, दो सिपाहियों को सशस्त्र पुलिस में भेजने के साथ एक सिपाही को निलंबित कर दिया। एसएसपी की कार्रवाई से अधीनस्थों में हड़कंप मचा रहा।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री का पंतनगर दौरा टलने के बाद ड्यूटी पर आए सभी अधिकारी और सिपाहियों को एसएसपी केवल खुराना ने पुलिस लाइन मैदान में तलब कर वजन तुलवाने की मशीन मंगवाई गई। बारी-बारी से सिपाहियों को बुलाया गया और वजन तुलवाया गया। अधिकांश सिपाहियों का वजन बीएमआई के अनुरूप नहीं मिला और ज्यादा वजन पाया गया। कुछ सिपाहियों ने वर्दी भी ठीक ढंग से नहीं पहनी थी और कुछ की वर्दी साफ नहीं थी। एसएसपी ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए सिपाहियों को कद काठी के अनुरुप चार से छह चक्कर पुलिस लाइन के मैदान के लगवाने के आदेश दिए। एसएसपी ने खटीमा के फायर ब्रिगेड में तैनात जगदीश प्रसाद को सस्पेंड करने के आदेश दिए।
विज्ञापन
एसएसपी ने दो कांस्टेबल खिलानंद जोशी और शाकिर अली को सीपी से एपी कर दिया गया, जबकि दीप चंद्र, प्रकाश, कृष्ण मोहन, प्रकाश तिवारी, भूपाल सिंह, जगदीश सिंह, कुंदन वर्मा का एक-एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। कांस्टेबल मनोज कुमार, रमेश कांडपाल, अरविंद और राजेश मेहता को पुलिस लाइन अटैच कर दिया।
विज्ञापन
बीएमआई के अनुरुप वजन वाले सिपाहियों किशोर जोशी, अजय, महेंद्र रावत, लाल सिंह, कुलदीप सिह, संजीव और भुवन को इनाम देने की घोषणा की। कुल मिलाकर 43 सिपाहियों का वजन तुलवाया गया और वर्दी जांची गई। एसएसपी खुराना ने बताया कि आदेश के बावजूद सिपाहियों ने अपना वजन नहीं घटाया। कुछ ने तो वर्दी और जूते भी ठीक ढंग से नहीं पहने थे। ऐसे सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस मौके पर एएसपी पंकज भट्ट, सीओ बीएस चौहान, बीएस पांगती, राजीव मोहन आदि मौजूद रहे।