{"_id":"58921d904f1c1b0e23e80139","slug":"to-win-in-kichha-is-not-easy-for-bjp","type":"story","status":"publish","title_hn":"किच्छा सीट पर आसान नहीं भाजपा की डगर ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
किच्छा सीट पर आसान नहीं भाजपा की डगर
धन सिंह बिष्ट/अमर उजाला, ऊधमसिंह नगर
Updated Wed, 01 Feb 2017 11:10 PM IST
विज्ञापन
विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने बुधवार को रुद्रपुर में ऊधमसिंह नगर के पांच विधानसभाओं के संयोजकों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने माना कि किच्छा हॉट सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के रुप में सीएम हरीश रावत के मैदान में होने से भाजपा की डगर आसान नहीं है। इस दौरान संयोजकों ने इस बात का भी खुलासा किया कि किच्छा सीट के अलावा अन्य विधानसभाओं में कार्यकर्ता पूरी तरह सक्रिय नहीं हैं। उन्होंने संयोजकों से ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची उपलब्ध कराने को कहा।
विज्ञापन
किच्छा, रुद्रपुर, नानकमत्ता, खटीमा और सितारगंज के भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी और गुटबाजी की टोह लेने बुधवार को भाजपा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल रुद्रपुर पहुंचे। यहां पांचों विधानसभाओं के संयोजकों की बैठक में उन्होंने संयोजकों से चंद सवाल पूछकर अनुमान लगा लिया कि यूडीएस की किसी भी सीट पर पार्टी को चुनाव जीतने के लिए 7 से 8 प्रतिशत का मार्जन लाना होगा।
विज्ञापन
किच्छा विधानसभा सीट के संयोजक और कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि जहां पर खुद सीएम चुनाव लड़ रहे हों वहां सीट जीतना आसान नहीं होता, सीएम ने किच्छा में डेरा डाला है इसे देखते हुए कार्यकर्ताओं को दोगुने उत्साह से काम करना होगा। नानकमत्ता के संयोजक और कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि उनका प्रत्याशी कांग्रेस पार्टी से आया है तो सबसे पहले वह अपने प्रत्याशी को दिल से अपनाएं। रुद्रपुर, खटीमा और नानकमत्ता के संयोजकों ने कहा कि अब भी वहां के कुछ कार्यकर्ता एकजुट होकर काम नहीं कर रहे हैं जिस पर रामलाल ने उन्हें ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची देने को कहा।
विज्ञापन
सभी संयोजकों से सवाल पूछने के बाद उनका स्पष्ट रुप से कहना था कि कार्यकर्ता अपने लिए मंच और माला की चिंता छोड़कर अपने प्रत्याशी के प्रचार की चिंता करें तभी पार्टी के साथ उनकी जीत होगी। बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन संजय, दिल्ली की पूर्व मेयर आरती मेहरा, रुद्रपुर से प्रत्याशी राजकुमार ठुकराल और किच्छा प्रत्याशी राजेश शुक्ला मौजूद रहे।