{"_id":"d67bfc9c4e68d89837bfd10e7cdae3ba","slug":"struggle-with-the-problem-of-missing-sweat-jam-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"जाम की समस्या से जूझते छूट रहा पसीना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जाम की समस्या से जूझते छूट रहा पसीना
ब्यूरो/अमर उजाला, काशीपुर
Updated Thu, 16 Jul 2015 12:50 AM IST
विज्ञापन
शहर में अनियंत्रित यातायात की स्थिति दिनोंदिन बिगड़ती जा रही है। इससे दिनभर शहरवासी जाम से जूझते रहते हैं। कहीं सड़क किनारे बड़े वाहन खड़े रहते हैं तो कहीं सड़क किनारे ठेली खड़ी रहने से लोग परेशान होते हैं। शहर के मुख्य चौराहे के पास बाजपुर रोड पर रेलवे क्रॉसिंग है तो दूसरा चीमा चौराहे के पास रेलवे क्रॉसिंग है।
विज्ञापन
जो दिनभर में कई बार गाड़ियों के आवागमन, इंजन शंटिंग के दौरान बंद होता है। इस कारण रेलवे क्रॉसिंग के दोनों वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। कई बार तो मुख्य चौराहे के पास बना रेलवे क्रॉसिंग आधा घंटे तक के लिए बंद रहता है। ऐसे में गंभीर रोगियों को ले जाने वाली एंबुलेंस गाड़ियां आदि वाहन इस जाम में फंस जाते हैं।
विज्ञापन
वहीं दूर-दराज को जाने वाले पर्यटकों, यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उधर सड़क किनारे खड़े छोटे-बड़े वाहन, सड़कों पर खड़ी हाथ ठेली भी जाम का मुख्य कारण बनते हैं। साथ ही लोग अपने वाहनों को आड़ा-तिरछा सड़क पर खड़े कर इधर-उधर चले जाते हैं।
विज्ञापन
शहर में लगने वाले जाम के दौरान अधिकांश वक्त न तो ट्रैफिक पुलिस कर्मी दिखाई देता है न ही पिकेट पर तैनात पुलिस कर्मी। वहीं रेलवे क्रॉसिंग बंद होने और खुलने के समय पर वहां कोई भी पुलिस कर्मी दिखाई नहीं देता है। जिस कारण लोग अपने-अपने वाहनों को आड़ा-तिरछा कर निकालते हैं जिससे इन रेलवे क्रॉसिंग पर जाम लग जाता है। जो फाटक खुलने के बाद भी लगा रहता है।